2 दिवसीय प्रवास पर मंडला पहुँचे महामहिम राज्यपाल
मंडला 29 दिसम्बर 2023
महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का मंडला आगमन हुआ। 2 दिवसीय प्रवास पर मंडला आए महामहिम राज्यपाल का महाराजपुर संगम स्थित हेलीपेड पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा एवं अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। महामहिम राज्यपाल 30 दिसंबर 2023 को सरस्वती शिशु मंदिर मंडला स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह तथा ग्राम रयगांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

शतप्रतिशत बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें
प्रधानमंत्री जनमन कार्यक्रम की तैयारियों की हुई समीक्षा
मंडला 29 दिसम्बर 2023
प्रधानमंत्री जनमन कार्यक्रम के लिए भारत सरकार से नियुक्त नोडल अधिकारी इंदिरा मुदगल एवं कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान की विस्तार से समीक्षा की। नोडल अधिकारी इंदिरा मुदगल ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान शतप्रतिशत बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। सर्वे के माध्यम से आधारभूत जानकारी संकलित करें तथा शेष बचे बैगा परिवारों को व्यक्तिगत तथा सामुदायिक स्तर पर प्रदाय की जाने वाली योजनाओं से लाभान्वित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 9 मंत्रालयों की 11 गतिविधियों के अंतर्गत बैगा बस्तियों में सबको पक्का घर, हर घर नल से जल, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, गांव-गांव तक सड़क, हर घर बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, दूरदराज गांव तक मोबाईल मेडीकल यूनिट, सबको पोषण, उन्नत आजीविका, मोबाईल नेटवर्क सहित अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक बैगा परिवार को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के आधार कार्ड, जनधन खाता तथा जाति प्रमाण पत्र की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

अभियान में जनभागीदारी बढ़ाएँ
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के मैदानी कर्मचारी भी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सहभागिता करें। इस दौरान जनसामान्य को योजना के संबंध में दिशा-निर्देश, पात्रता एवं अपात्रता की स्थिति आदि से भी अवगत कराएं। इस संबंध में कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री जनमन योजना: बैगा बस्तियों में हो रहा हर घर सर्वे
मंडला 29 दिसम्बर 2023
प्रधानमंत्री जनमन कार्यक्रम के अंतर्गत 9 मंत्रालयों की 11 योजनाओं से प्रत्येक बैगा परिवार को लाभान्वित किया जाना है। इस संबंध में जिला स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की सभी बैगा बस्तियों में हर घर सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। सर्वे के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन करते हुए उनके पंजीयन करते हुए लाभान्वित करने की कार्यवाही भी की जा रही है। 29 दिसंबर को कंडरा, अतरचूहा, बंटवार, बिंसाधर आदि ग्रामों में सर्वे की कार्यवाही पूर्ण की गई। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के तहत देश के 18 राज्यों की 75 विशेष पिछड़ी जनजातियों के अधोसंरचना विकास एवं सामाजिक आर्थिक पिछड़ापन को दूर करने के लिए यह योजना 3 वर्ष तक क्रियान्वित की जाएगी।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बैगा बसाहटों में लग रहे सत्यापन शिविर
मंडला 29 दिसम्बर 2023
प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत मंडला ज़िले में बैगा बसाहट ग्रामों में ज़िला नोडल एवं ग्राम स्तरीय समिति के द्वारा सर्वे और सत्यापन हेतु चौपाल/कैम्प का आयोजन किया गया। इस दौरान बैगा परिवारों में शासन की योजना से लाभान्वित करने की जानकारी प्राप्त की जा रही है। ऐसे बैगा हितग्राही जो पात्र हैं उन्हें संबंधित विभाग के माध्यम से तत्काल लाभान्वित किया जा रहा है। सामुदायिक आधारभूत सुविधाओं का चिन्हांकन कर सभी बैगा बसाहट ग्रामों में सुविधा उपलब्ध करने की कार्ययोजना सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा किया जाना है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत पक्का आवास, पेयजल, पक्की सड़क पहुँच मार्ग, आंगनवाड़ी, एमपीसी, बिजली कनेक्शन के साथ साथ व्यक्तिगत योजना में आयुष्मान कार्ड, केसीसी, आधारकार्ड, किसान सम्मान निधि, बैगा महिला आधार अनुदान इत्यादि से शत प्रतिशत लाभान्वित किया जाना है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा सभी संबंधित विभाग प्रमुख को उक्त लक्ष्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा:
हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव, कार्यक्रम में दिलाई गई भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ
मंडला 29 दिसम्बर 2023
विकसित भारत संकल्प यात्रा 29 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम खटोला एवं डीलवारा, बीजाडांडी में बेलखेड़ी एवं रमतिला, मवई में पिपरीमाल एवं घुटास, मोहगांव में मोहगांवमाल एवं गिठार मलपहरी, नैनपुर में ईश्वरपुर एवं रमपुरी तथा नारायणगंज में खैरी एवं देवरी पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए। मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 30 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम काताजर एवं बरबसपुर माल, बीजाडांडी में खम्हेरखेड़ा एवं बीजाडांडी, मवई में बीजा एवं पिपरी रैयत, मोहगांव में मोहगांव रैयत एवं रयगांव, नैनपुर में घटेरी एवं रमगढ़ी, नारायणगंज में बनार एवं सुखराम तथा मंडला में बिंझिया एवं देवदरा पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

ईव्हीएम मशीनों की कमिशनिंग 2 को
मंडला 29 दिसम्बर 2023
पंचायतों के उप निर्वाचन (उत्तरार्द्ध) हेतु ईव्हीएम मशीनों के एफएलसी एवं कमीशनिंग 2 जनवरी 2024 को प्रातः 11 बजे से रानी फूलकुंवर शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला छात्रावास क्रं. 5 में की जाएगी। कमिशनिंग के दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मंडला 29 दिसम्बर 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 30 दिसंबर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 30 दिसंबर 2023 को प्रातः 8:30 बजे जबलपुर से रवाना होकर 10 बजे मंडला पहुंचेंगे। वे प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक सरस्वती शिशु मंदिर मंडला के स्वर्ण जयंती समारोह में सहभागिता करेंगे तथा दोपहर 1:30 बजे से विकसित भारत संकल्प यात्रा रयगांव, 3:30 बजे से विकसित भारत संकल्प यात्रा मोहगांव रैयत तथा सायं 5 बजे से विकसित भारत संकल्प यात्रा घुघरी में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते शाम 6:30 बजे घुघरी से रवाना होकर रात्रि 8 बजे मंडला पहुंचेंगे तथा रात्रि 9 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री 31 दिसंबर 2023 को प्रातः 10 बजे जेवरा से रवाना होकर प्रातः 11 बजे तिलरी में तथा दोपहर 3 बजे चरगवां में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। वे चरगवां से सायं 5 बजे रवाना होकर सायं 6 बजे कान्हा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 1 जनवरी 2024 को प्रातः 11 बजे कान्हा से रवाना होकर दोपहर 12 बजे से खटिया में एवं 2 बजे से मोचा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। वे सायं 4 बजे मोचा से रवाना होकर सायं 5 बजे मंडला पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के उपरांत रात्रि 8 बजे जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे।

उच्च न्यायालय के आदेश का दो माह बीतने के बाद भी नही हो सका पालन स्थानांतरण के बाद भी डटे जनपद सीईओ
मण्डला। लंबे समय से देखने और सुनने आ रहा है कि जिले में पदस्थ अनेक अधिकारी और कर्मचारियो के स्थानांतरण होने के बाद भी उन्हें रिलीव नही किया जा रहा है। आखिर क्यों इन अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारी अभयदान क्यों दे रहे हैं। वहीं चर्चा है कि वरिष्ठ अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा है स्थानांतरण के बाद अधिकारियों को रिलीव न करना उन्हें उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का मौंका देना और उच्च न्यायालय के आदेश को भी ठेंगा दिखाना कहां तक सही कहा जा सकता हैं। ऐसा ही एक मामला जनपद पंचायत बीजादांडी में पदस्थ प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रमोद कुमार ओझा का सामने आया है। साहब बड़े खिलाड़ी बताए जाते हैं निर्माण कार्यो में कमीशन खोरी की जमकर चर्चा है तो वहीं घटिया कामों के लिए क्षेत्र की पहचान से भी इंकार नही किया जा सकता जब साहब का मण्डला से बालाघाट स्थानांतरण हुआ तो उन्होंने न्यायालय की शरण ली और जब वहां से भी राहत नही मिली तो जिले के अधिकारियों से महोदय ने सैटिंग जमा ली। यहां पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानांतरण के बाद भी साहब डटे हुए हैं आखिर क्या वजह है कि अधिकारी के स्थानांतरण के बाद न्यायालय का दरवाजा खटखटाना और जब वहां से राहत न मिलने पर अन्य जगह स्थानंतरण होने पर रिलीव न किया जाना चर्चा में आ गया है। मप्र शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल दिनांक 7 अक्टूबर 2023 के आदेश में उल्लेख है कि क्रमांक 8916/782/22/वि-2/स्था-2023-विभागीय आदेश क्रमांक 7128/22/वि-2/स्था./23 दिनांक 31.7.23 के सरल क्र 01 द्वारा प्रमोद कुमार ओझा प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बीजाडांडी जिला मंडला का स्थानांतरण जनपद पंचायत कटंगी जिला बालाघाट किया गया था। जिसके विरुद्ध श्री ओझा ने उच्च न्यायालय जबलपुर में रिट याचिका क्रमांक 19748/23 दायर की थी। जिसमें उच्च न्यायालय द्वारा आदेश दिनांक 11.08.23 के माध्यम से श्री ओझा के अभ्यावेदन का निराकरण करने हेतु आदेशित किया गया। श्री ओझा ने उनकी पत्नि के रक्षा मंत्रालय भारत सरकार के अधीन जिला जबलपुर में कार्यरत होने एवं पारिवारिक दायित्वों के निर्वाहन करने हेतु किये गये स्थानांतरण को निरस्त अथवा संशोधन करने का अनुरोध किया है। श्री ओझा की समक्ष सुनवाई की गई। अत: श्री ओझा के अभ्यावेदन पर विचारोपरांत राज्य शासन एतद् दवारा श्री ओझा के जनपद पंचायत कटंगी जिला बालाघाट किये गये स्थानांतरण में संशोधन करते हुए उन्हें जनपद पंचायत मेंहदवानी जिला डिण्डोरी में पदस्थ करता है। स्थानांतरण नीति की कंडिका क्रमांक 42 के अनुसार स्थानांतरण आदेश जारी होने के पश्चात दो सप्ताह में कार्यमुक्त किया जाना अनिवार्य है। स्थानांतरण नीति की कंडिका क्रमांक 47 के अनुसार कार्यमुक्त होने के पश्चात एवं नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के मध्य की अवधि के किसी भी प्रकार का अवकाश सामान्य प्रशासन विभाग का अभिमत प्राप्त करने के पश्चात ही स्वीकृत किया जा सकेगा। लेकिन इस आदेश का दूर-दूर तक पता नही है और अधिकारी मजे से कुर्सी में जमे बैठे हैं वहीं सूत्रों का कहना है कि जनपद पंचायत बीजादांडी में फर्जी बैठकों का दौर भी चल रहा है यहां पर तथाकथित लोगों को इशारे में काम करने वाले लोग मजे मार रहे हैं और जो लोग नियम और कानून से काम कर रहे है उन्हें परेशान किया जा रहा है।

