प्रत्येक बैगा तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया पीएम जनमन अभियान के तहत शिविरों का अवलोकन
मंडला 5 जनवरी 2024
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के तहत बिछिया विकासखंड के ग्राम मांद तथा बंजी में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बैगा परिवार तक पहुंच करें तथा वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करें। कोई भी बैगा शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान कलेक्टर ने शिविर में किए गए पंजीयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा बैगाओं को योजना से संबंधित ब्रोसर प्रदान किया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बैगा का जाति प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड बनवाने की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें तथा 15 जनवरी तक सभी बैगाओं को आयुष्मान, जनधन खाता, पात्रता पर्ची, किसान सम्मान निधि, वनभूमि पट्टा, आहार अनुदान आदि योजनाओं से आच्छादित करें। आवश्यकतानुसार लोकसेवा केन्द्रों का भी सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने बैगाओं को सिकलसेल बीमारी के बारे में जानकारी देते हुए सभी को जांच कराने के लिए प्रेरित किया। आयोजित शिविर में 9 हितग्राहियांे के आधार कार्ड, 4 लोगों के जाति प्रमाण पत्र, 7 लोगों के आयुष्मान कार्ड, 12 के जनधन खाते, 5 के पात्रता पर्ची, 2 हितग्राहियों के किसान सम्मान निधि तथा 3 महिलाओं के आहार अनुदान से संबंधित कार्यवाहियां की गई। इस दौरान एसडीएम बिछिया सर्जना यादव, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

छविलाल को मिलेगा किसान सम्मान निधि का लाभ
मांद में आयोजित शिविर में छविलाल ने कलेक्टर को बताया कि आधार कार्ड अपडेट नहीं होने के कारण उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिविर में ही छविलाल के आधार को अपडेट करने की कार्यवाही की गई। कलेक्टर डॉ. सिडाना ने उपस्थित लोगों को बताया कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड का अपडेट होना जरूरी है। डॉ. सिडाना ने बैगा परिवारों से प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।

हर घर में टोंटी लगाएं, सड़क की मरम्मत करें
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम बंजी में नलजल योजना की पाइपलाईन टूटी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घरों में टोंटी लगाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार बंजी की सड़क को सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने स्कूल, आंगनवाड़ी, मध्यान्ह भोजन, स्व सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियां आदि के संबंध में भी जानकारी ली।

मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में प्रेस वार्ता आज
मण्डला 5 जनवरी 2024
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकीकृत प्रारूप नामावली का प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा। इस संबंध में 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया है। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

स्टेडिंग कमेटी की बैठक आज
मण्डला 5 जनवरी 2024
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकीकृत प्रारूप नामावली का प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा। इस संबंध में 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में स्टेडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा में हितलाभों का वितरण,
दिलाई गई भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की शपथ
मंडला 5 जनवरी 2024
विकसित भारत संकल्प यात्रा 5 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम ककैया एवं लफरा, बीजाडांडी में बिलनगरी एवं जमुनिया, घुघरी में बनेहरी एवं जुनवानी, मवई में कोलमगहन एवं सकवाह, नैनपुर में रैवाड़ा एवं छतरवाड़ा, नारायणगंज में मुकासखुर्द एवं छपरा तथा मंडला में खड़देवरा एवं पदमी पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 6 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम बोकर एवं झिंगराघाट, बीजाडांडी में पोनिया माल एवं चरगांव कला, घुघरी में नाहरवेली एवं घुघरी, मवई में समनापुर एवं डाडी, नैनपुर में पोंड़ी एवं जेवनारा, नारायणगंज में नैझर एवं बबलिया तथा मंडला में मधुपुरी एवं घुघरा पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के ठिकानों पर दबीश देकर देशी-विदेशी शराब किया जब्त
थाना कोतवाली पुलिस ने 5 ठिकानों पर दबीश देकर 30 पाव अंग्रेजी शराब व 56 लीटर देशी कच्ची शराब किया जब्त
मंडला 5 जनवरी 2024
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा एसडीओपी मंडला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली की टीम द्वारा निरंतर दबीश देकर अवैध शराब की विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। अवैध शराब के विरुद्ध कार्यवाही में थाना कोतवाली की टीम द्वारा गंजी स्थित दो अलग-अलग स्थान पर दबीश देकर दो आरोपियों से 12 लीटर कच्ची शराब जब्त किया। पुलिस द्वारा 3 जनवरी 2024 को मुखबिर की प्राप्त प्राप्त सूचना के आधार पर लड्डू होटल ग्राम सकरी आमाटोला में दबीश देकर आरोपी अमित कुमार पिता मोहन सिंह के कब्जे से कुल 8655 रुपए कीमती देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त किये गये जिसमें 4 प्लास्टिक की केन में रखी 24 लीटर कच्ची महुआ शराब, 27 पाव देशी मदिरा एवं 30 पाव एमडी रम अंग्रेजी शराब जब्त कर कर आरोपी की विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया। 5 जनवरी 2024 को बड़ी गौंझी में दो अलग-अलग स्थान पर दबीश देकर 10-10 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर आरोपियों की विरुद्ध थाना कोतवाली में 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीकृत किया गया। उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सफीक खान के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई जिसमें सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर वामनकर, प्रआर अभिषेक मिश्रा, आर अमित गरियार, रमेश सिंगरौरे, मानसिंह की भूमिका रही।

खनिज के अवैध परिवहन करते 2 वाहन जब्त
मंडला 5 जनवरी 2024
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी परिपेक्ष्य में तहसील मण्डला अन्तर्गत महाराजपुर एवं बम्हनी क्षेत्र का 4 जनवरी 2024 को खनिज रेत एवं गिटटी के अवैध परिवहन, भण्डारण में संलिप्त एक वाहन न्यू पावर ट्रेक्टर जिसका चेचिस क्रमांक टी 053515232 एचजे एवं वाहन डम्फर क्रमांक एमपी 51 जी 0511 को खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। इसी प्रकार 5 जनवरी 2024 को तहसील बिछिया अन्तर्गत ग्राम सिझौरा में एक वाहन ट्रेक्टर स्वराज बिना नंबर जिसका चे.नं. डब्ल्यूव्हीसीएच 30405045706 को अवैध परिवहन के दौरान जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना महाराजपुर, थाना बम्हनी एवं थाना बिछिया की सुपुर्दगी में दिया गया।

सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संबंधी बैठक 8 को
मंडला 5 जनवरी 2024
12 जनवरी 2024 स्वामी विवेकानंद जी का जन्म दिवस ’युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, आश्रम शालाओं, पंचायतों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम एवं स्वामी विवेकानंद जी पर केन्द्रित प्रेरणादायी, शैक्षिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस आयोजन में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशिष्ट प्रयास किया जाकर इस आयोजन के प्रति जनसामान्य में चेतना जागृत किया जाना है। इस संबंध में 8 जनवरी 2024 को समय-सीमा की बैठक के तत्काल बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में सामूहिक सूर्य नमस्कार 2024 के आयोजन से संबंधित आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।

26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में बैठक 8 को
मंडला 5 जनवरी 2024
26 जनवरी 2024 के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में 8 जनवरी 2024 को टीएल बैठक के पश्चात् जिला योजना भवन बैठक हॉल में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

