Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 4 जनवरी 2024

निर्वाचन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना आवश्यक – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा

मंडला 4 जनवरी 2024

फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि प्रत्येक घर तक पहुंच करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। निर्वाचन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना आवश्यक है। उन्‍होंने कहा कि संबंधित अधिकारी पुनरीक्षण के कार्य को पूरी गंभीरता से करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाएं। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं हुनेन्द्र घोरमारे तथा सभी एसडीएम, तहसीलदार उपस्थित रहे।

कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। इस संबंध में सभी महाविद्यालयों तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों पर विशेष शिविर आयोजित करें तथा संस्था प्रमुखों से आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करें कि उनकी संस्था में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में अंकित कर लिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि मृत तथा स्थाई रूप से स्थानांतरित हो चुके व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाने तथा त्रुटिसुधार के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करें। दोहरी प्रविष्टियों पर भी विशेष ध्यान दें। एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए पुनरीक्षण कार्य रेंडम आधार पर मॉनिटरिंग करें। बीएलओ की बैठक लेकर उन्हें निर्वाचन आयोग की मंशा से अवगत कराएं। कलेक्टर ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में जागरूकता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए। निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया जाएगा। दावे तथा आपत्तियाँ दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 22 जनवरी 2024 नियत है। दावे आपत्तियों का निराकरण 2 फरवरी तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी 2024 को होगा।

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत प्रत्येक बैगा परिवार तक पहुंच करें – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने की प्रधानमंत्री जनमन कार्यक्रम की समीक्षा

मंडला 4 जनवरी 2024

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि बैगा बस्तियों में सर्वे के आधार पर चिन्हित किए गए वंचित हितग्राहियों को समय सीमा में शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। संबंधित अधिकारी भ्रमण के दौरान बैगाओं को शासन की योजनाओं अवगत कराएं तथा उन्हें योजनाओं से लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इस संबंध में उन्‍होंने ग्रामवार योजना तैयार कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक बैगा परिवार को शासन की योजनाओं से आच्छादित करने के लिए सभी विभाग आपस में समन्वय करें। 15 जनवरी तक जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान, जनधन खाता, पात्रता पर्ची, किसान सम्मान निधि, वनभूमि पट्टा, आहार अनुदान आदि योजनाओं से शतप्रतिशत बैगाओं को लाभान्वित करें। आवश्यकतानुसार लोकसेवा केन्द्रों का भी सहयोग प्राप्त करें। सिकलसेल की जांच हेतु शिविर लगाएं। उन्होंने कहा कि जागरूकता गतिविधियों के तहत पंपलेट सहित अन्य सामग्री सभी 318 गावों के प्रत्येक बैगा परिवार तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर ने सुरक्षित मातृत्व अभियान, डायलिसिस कार्यक्रम, टीबी उन्मूलन, मोबाईल मेडीकल यूनिट, प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, कौशल विकास, विश्वकर्मा योजना, आंगनवाड़ी, सुकन्या समृद्धि, मातृ वंदन, जल जीवन, मोबाईल टावर, गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा, पेंशन, वनधन केन्द्र, स्वामित्व सहित अन्य योजनाओं के संबंध में विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बैगा परिवारों को योजनाओं से आच्छादित करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि समस्त एसडीएम अनुविभाग स्तर पर बैठक आयोजित करते हुए समय सीमा में प्रगति लाना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

योजनाओं से अवगत कराने बैगानी भाषा में बने पोस्टर

मंडला 4 जनवरी 2024

प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। इसी क्रम में बैगाओं को शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर नवाचार करते हुए बैगानी भाषा में पंपलेट तथा पोस्टर तैयार कर वितरित किए जा रहे हैं। इन पंपलेटों में शासन के 9 मंत्रालयों से संबंधित 11 महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केन्द्रित योजनाओं की जानकारी है।

पंपलेट में सबको पक्का घर, हर घर नल से जल, गांव-गांव तक सड़क, घर तक बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, मोबाईल मेडीकल यूनिट, सबको पोषण, उन्नत आजीविका, मोबाईल नेटवर्क, मुफ्त राशन, मुफ्त एलपीजी कनेक्शन, आयुष्मान भारत, गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, संस्थागत प्रसव, सिकलसेल एनीमिया, 100 प्रतिशत टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मध्यान्ह भोजन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि के संबंध में जानकारी दी गई है। यह पंपलेट बैगाओं की अपनी भाषा में होने के कारण बहुत पसंद की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

 

पीएम जनमन अभियान के तहत आयोजित

शिविर में 133 बैगाओं के बनाए गए आधार कार्ड, 20 को पात्रता पर्ची

मंडला 4 जनवरी 2024

प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। 4 जनवरी को 15 ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर 133 बैगाओं के आधार कार्ड, 20 बैगाओं के लिए पात्रता पर्ची, पशु विभाग द्वारा 73 किसान क्रेडिट कार्ड, 5 हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना से लाभान्वित करने तथा 14 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्यवाही की गई। शिविरों के दौरान सिकलसेल एनीमिया की जांच की गई तथा दवाईयों का वितरण किया गया। साथ ही अन्य योजनाओं के लिए हितग्राहियों का चयन किया गया। जानकारी के अनुसार बिछिया के ग्राम मानिकपुर माल एवं कटंगा माल, बीजाडांडी के पोंड़ी माल, तरवानी एवं मगरधा, घुघरी के पाटन, मंडला के मोहगांव चक एवं बिनैका, मवई के अमवार, मोहगांव के पिपरिया रैयत, कुम्हर्रा एवं धनगांव, नारायणगंज के चकदेही एवं कुंडा तथा निवास के कोहका ग्राम में शिविर आयोजित किए गए।   शिविर में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

आज इन ग्रामों में लगेंगे शिविर

 

बैगाओं के आधार कार्ड बनाने के लिए 5 जनवरी को जिले के 12 ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार आज बिछिया के ग्राम मनोहरपुर एवं मांद, बीजाडांडी के खम्हेरखेड़ा एवं छिंदगांव, घुघरी के बरवानी, मंडला के लिंगामाल, मवई के सारसडोली, मोहगांव के पलेहरा, मुनु एवं सिंगारपुर तथा नारायणगंज के छपरा एवं मलठार ग्राम में शिविर लगाए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा

सरकार सभी वर्ग के हितों के लिए संकल्पित – श्री कुलस्ते

दिलाई गई भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ

मंडला 4 जनवरी 2024

विकसित भारत संकल्प यात्रा 4 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम मांगा एवं पोंड़ी, बीजाडांडी में बेरपानी एवं देवरी, घुघरी में खजरी एवं बिलगांव, मवई में सहजपुरी एवं नंदराम, नैनपुर में ओहानी एवं हीरापुर, नारायणगंज में फड़की माल एवं सिवनी माल तथा मंडला में सुकतरा एवं बरगवां पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। ग्राम बेरपानी एवं देवरी में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर श्री कुलस्ते ने कहा कि सरकार सभी वर्ग के हितों के लिए संकल्पित है। आमजन को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए विविध योजनाएं संचालित की जा रही हैं, आवश्यकता है इन योजनाओं को समझकर उनका लाभ उठाने की। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे योजनाओं को समझें और लाभ लेते हुए विकास की मुख्य धारा से जुड़ें। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

5 जनवरी को इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा 5 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम ककैया एवं लफरा, बीजाडांडी में बिलनगरी एवं जमुनिया, घुघरी में बनेहरी एवं जुनवानी, मवई में कोलमगहन एवं सकवाह, नैनपुर में रैवाड़ा एवं छतरवाड़ा, नारायणगंज में मुकासखुर्द एवं छपरा तथा मंडला में खड़देवरा एवं पदमी पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

 

 

 

अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन जब्त

मंडला 4 जनवरी 2024

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर मण्डला के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी परिपेक्ष्य में चिरईडोंगरी नाका तहसील नैनपुर अन्तर्गत खनिज रेत के अवैध परिवहन, भण्डारण में संलिप्त एक वाहन ट्रेक्टर बिना नंबर चेचिस नंबर टी 053592497 एएल मय ट्राली क्रमांक एमपी 51 एए 2789 को खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। उक्त संलिप्त वाहन को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित चौकी पिण्डरई की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त वाहन के विरूध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

24598 किसानों से 1381266.69 क्विंटल धान उपार्जित

 

मंडला 4 जनवरी 2024

                खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान का समर्थन मूल्य 2183 रूपये शासन द्वारा निर्धारित है। जिले के 67 उपार्जन केन्द्रों के लिए धान खरीदी 19 जनवरी 2024 तक की जाएगी। पंजीकृत 41811 किसानों में से 32708 किसानों ने धान विक्रय हेतु स्लॉट बुक कराया है। उपार्जन अवधि से 4 जनवरी तक 24598 विक्रेता किसान से मात्रा 1381266.69 क्विंटल धान उपार्जित की गई है।

                उक्त अवधि में धान विक्रय करने वाले सभी किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपने नजदीक उपार्जन केन्द्र में एफएक्यू धान की गुणवत्ता ले जाकर धान विक्रय करें। धान विक्रय करने के लिए पहले स्लॉट बुकिंग किया जाना अनिवार्य है। अपने नजदीक उपार्जन केन्द्र से स्थल कोड की जानकारी के माध्यम से स्लॉट बुक किया जा सकता है। स्लॉट बुक करने के लिए वेबसाईट mpeuparjan.nic.in में जाकर खरीफ 2023-24 में निःशुल्क कर सकते हैं। स्लॉट बुक न होने पर एनपीसीआई पोर्टल पर बैंक खाता से आधार लिंक की जानकारी देख लें। आधार लिंक एक्टिव न होने पर संबंधित बैंक पर जाकर अपना आधार लिंक एक्टिव कराएं।

 

 

 

 

 

 

यात्री वाहनों पर 9 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही

 

मंडला 4 जनवरी 2024

                परिवहन आयुक्त महोदय म.प्र. ग्वालियर के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे द्वारा ओव्हरलोड एवं अवैध संचालित वाहनों के विरूद्व चैकिंग की कार्यवाही के तहत 4 जनवरी 2024 को मण्डला-रामनगर-घुघरी मार्ग पर 23 यात्री वाहनों की जांच की गई, जिसमें बसों एवं अन्य वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, लायसेंस, मोटरयान कर, ओव्हर लोडिंग, फर्स्टएड बॉक्स अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की आदि की जांच की गई। चैंकिग के दौरान 10 यात्री वाहनों पर 9 हजार रूपए की चालानी कार्यवाही की गई। वाहनों की जांच निरंतर ग्रामीण एवं दूरस्थ स्थानों में भी जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

प्रेस वार्ता 6 जनवरी को

 

मण्डला 4 जनवरी 2024

                मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकीकृत प्रारूप नामावली का प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा। इस संबंध में 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया है। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

स्टेडिंग कमेटी की बैठक 6 को

 

मण्डला 4 जनवरी 2024

                मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एकीकृत प्रारूप नामावली का प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को सभी मतदान केन्द्रों पर किया जाएगा। इस संबंध में 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में स्टेडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

पीएम यशस्वी योजना के आवेदन करने की अंतिम तिथि आज

 

मंडला 4 जनवरी 2024

                कार्यालय आयुक्त पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण भोपाल के आदेशानुसार ओबीसी, ईबीसी, डीएनटी वर्ग के कक्षा 9वीं से 12वी में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं हेतु भारत सरकार की पीएम यशस्वी योजना के ऑनलाईन आवेदन एनएसपी पोर्टल पर भरने की प्रकिया जारी है। आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी है सभी पात्र विद्यार्थी योजना का लाभ लेने हेतु शीघ्र आवेदन करें। इस कार्य में सभी शासकीय, अशासकीय विद्यालय के प्राचार्य छात्रों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। पात्रता संबंधी जानकारी एनएसपी पोर्टल पर उपलब्ध है।

 

 

 

सिलपुरा में पदस्थ प्राचार्य की शिकायत को दबाया सहायक आयुक्त ने
.गंभीर आरोप के बाद भी नही करा रहे जांच

मण्डला। लंबे समय से हाई स्कूल सिलपुरा में पदस्थ प्राचार्य हटाने श्रवण कुमार जाटव को हटाने की मांग की जा रही है। जिसकी शिकायत प्राथमिक माध्यमिक और हाईस्कूल के शिक्षकों ने कलेक्टर से और सहायक आयुक्त से की है। लेकिन इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप लगे हैं लेकिन इस पूरे मामले की सहायक आयुक्त न तो जॉच कराई और न ही बयान आदि लिए कुल मिलाकर अधिकारी मामले को जैसे तैसे दबाना चाहते हैं। शिकायत में उल्लेख है कि महिला शिक्षकों से अभद्र व्यवहार प्राचार्य द्वारा महिला शिक्षकों के प्रति ऊंची आवाज में अन्य शिक्षकों के समक्ष उनकी टिप्पणी की जाती है उनसे किसी भी बात पर जोर से चिल्लाकर गुलामों की तरह व्यव्हार करने की कोशिश की जाती है।

समय पर आने और समय अंकित करने वालों के 1 या 2 मिनट देरी को हरे पेन से चिन्हित किया जाता है जबकि देर से जाने वालों से समय अंकित नहीं कराते हुए उन्हें सही साबित करने की कोशिश की जाती है। पक्षपातपूर्ण व्यवहार प्राचार्य द्वारा प्रतिदिन लगन से कार्य करने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं से कोई न कोई विवाद करने का प्रयास किया जाता है जबकि प्राचार्य दो शिक्षक शीश कुमार कुशराम और शिक्षिका श्रीमती नुजहत अंजुम को देर से आने की छूट दी जाती है उनके अंकित होने पर उसके ऊपर हस्ताक्षर कराते हुए छुट्टियों की संख्या को पटाया गया है जिसकी पुष्टि शिक्षक उपस्थिति पंजी से की जा सकती है और विद्यार्थियों से या गाँव बालों से भी पूछा जा सकता है कि कौन प्रतिदिन देर से आते हैं या कभी भी प्रार्थना में सम्मिलित नहीं होते या कक्षा में मोबाइल चलाती रहती हैं। यहाँ तक कि उक्त शिक्षिका स्थानीय और बोर्ड परीक्षा डयूटी में भी 40 मिनट देर से पहुँचती है किन्तु प्राचार्य द्वारा डयूटी बदल दी जाती है इसकी परीक्षा पंजी से पुष्टि की जा सकती है यहीं दूसरी और अन्य महिला शिक्षिकाओं को छुट्टियों की संख्या को लेकर कारण बताओ सूचना देने की धमकी दी जाती और प्राचार्य द्वारा कहा जाता है कि ये मेरा विशेष अधिकार है में जिसे चाहे सुविधा हूँ आप लोगों को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। साथ ही शिक्षिका विशेष के प्रभार की दूसरी शिक्षिकाओं को देते हैं और कह देते हैं उन्हें इस कार्य में दिलचस्पी नहीं है आप लोग कर लें इसकी पुष्टि भी सूचना पंजी और प्रभार पंजी से की जा सकती है। माह दिसम्बर वर्ष 2021 में तत्कालीन उच्च श्रेणी शिक्षक प्रकाश दुबे द्वारा पंचायत आचार संहिता के दौरान सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत कराते हुए एक दिवस का अवकाश लेने पर उन बुजुर्ग के लिए कामचोर, हरामखोर जैसे शब्दों का प्रयोग प्राचार्य किया गया उसी समय तत्कालीन उच्च श्रेणी शिक्षक सुरेश चौबे द्वारा पंचायत आचार संहिता के दौरान शाम को 1 घंटे का अवकाश मांगने पर मना कर दिया गया जबकि उसी दौरान शिक्षिका श्रीमती नुजहत अंजुम को लगातार 3 दिवस प्रतिदिन 2 कालखंड के बाद जाने की अनुमति दी गयी साथ ही 15 दिसम्बर से 30 दिसम्बर के मध्य पंचायत आचार संहिता के दौरान सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत कराये बिना ही लगातार 2 दिवस का अवकाश दिया गया और बाद में हस्ताक्षर करा लिए गए जिसकी पुष्टि विभिन्न अभिलेख से की जा सकती है। उक्त पक्षपात पूर्ण व्यवहार से परेशान होकर ही दोनों शिक्षक स्थानांतरण कराते हुए चले गए। इसके अतिरिक्त विजेंद्र मरावी प्राथमिक शिक्षक की धर्म माता के निधन पर आचार संहिता का हवाला देकर 1 दिन का अवकाश देने हेतु उसे सहायक आयुक्त कार्यालय भेजा गया जहाँ स्थानीय स्तर से स्वीकृति कराएं मात्र 1 दिन का है कहा गया फिर उक्त शिक्षक जिला निर्वाचन कार्यालय भी गया जहाँ से प्राचार्य को फोन कर 1 दिन का अवकाश स्थानीय स्तर से स्वीकृत करने कहा गया उन्होंने हामी भी भर दी किन्तु आज दिनांक तक भी वह कालम रिक्त रखा गया है जो समझ से परे है। अतिथि शिक्षक नियुक्ति में अनियमितता प्राचार्य द्वारा प्राथमिक विद्यालय में 1 जुलाई 2023 को स्तानांतरण प्रमाण पत्र जारी करने के बाद 60 की दर्ज संख्या होने पर भी 14 जुलाई 2023 को बैठक में चिल्लाकर दबाव बनाकर 61 दर्ज संख्या लिखा कर विगत वर्ष से कार्यरत श्रीमती सीमा चौधरी निवासी पुरवा को अनावश्यक रूप से नियुक्ति देकर शासकीय राशि का दुरपयोग किया जा रहा है जबकि दर्ज संख्या के अनुसार दो नियमित शिक्षक कार्यरत हैं। माध्यमिक विभाग में भी गणित विषय के रिक्त पद के विरुद्ध आमंत्रित आवेदन से बने पेनल में अनुभवी बीएड धारक अभ्यर्थियों के होने के बावजूद अपने अभ्यर्थी जो डीएड धारक हैं को स्कोर के आधार पर नियुक्ति दी गयी उक्त शिक्षिका श्रीमती आयशा खान द्वारा बच्चों को ठीक से नहीं पढ़ाया जा रहा है और बहुत ज्यादा अवकाश भी लिया जाता है इसकी पुष्टि माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों से और अतिथि शिक्षक पंजी से की जा सकती है। नामांकन एवं बोर्ड शुल्क में अनियमितता प्राचार्य द्वारा विगत 5 वर्षों से नामांकन हेतु अतिरिक्त राशि भी जाती है जो कक्षा शिक्षकों ने बिना पावती दिए की जाती है बाद में शेष राशि के सम्बन्ध में कोई पता नहीं रहता। इसी प्रकार 10 वीं बोर्ड में शुल्क छूट हेतु पात्र गरीब आदिवासी विद्यार्थियों में 100 की राशि पोर्टल व्यय के नाम पर कक्षा शिक्षकों से बिना पावती दिए भी जानी है जिसमे में अधिकतम 35 या 50 रूपये ही व्यय होता है शेष राशि का कोई हिसाब नहीं है।

 

 

 

 

9 जनवरी तक चलेगी श्रीमद्भागवत पुराण

मण्डला। नववर्ष के उपलक्ष्य में स्वामी सीताराम वार्ड के डिंडौरी नाका के पास संगीतमय श्रीमद्भागवत पुराण का आयोजन 1 जनवरी से 9 जनवरी तक चल रही है कथावाचक पं. फूलचंद तिवारी सिलगी वाले के मुखारबिंद से कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के चौथे दिन भगवान विष्णु के वामन अवतार की कथा सुनाइ गई। कथा वाचक पं फूलचंद तिवारी ने कहा कि दैत्यों का राजा बलि बड़ा पराक्रमी राजा था। उसने तीनों लोकों पर अपना आधिपत्य स्थापित कर लिया। उसकी शक्ति से घबराकर सभी देवता भगवान वामन के पास पहुंचे तब भगवान विष्णु ने अदिति और कश्यप के यहां जन्म लिया। एक समय वामन रूप में विराजमान भगवान विष्णु राजा बलि के यहां पहुंचे उस समय राजा बलि यज्ञ कर रहे थे। बलि से उन्होंने दान मांगा, बलि ने कहा ले लीजिए। वामन ने कहा मुझे तीन पग धरती चाहिए। दैत्यगुरु भगवान की महिमा जान गए। उन्होंने बलि को दान का संकल्प लेने से मना कर दिया। लेकिन बलि ने कहा यदि ये भगवान हैं तो भी मैं इन्हें खाली हाथ नहीं जाने दे सकता।

भगवान वामन ने अपने विराट स्वरूप से एक पग में बलि का राज्य नाप लिया एक पैर से स्वर्ग का राज नाप लिया। बलि के पास कुछ भी नहीं बचा। तब भगवान ने कहा तीसरा पग कहां रखूं।  बलि ने कहा मेरे मस्तक पर रख दीजिए। जैसे ही भगवान ने उसके ऊपर पग धरा राजा बलि पाताल में चले गए। भगवान ने बलि को पाताल का राजा बना दिया। सतयुग में बलि ने स्वर्ग में अधिकार कर लिया। सभी देवता इस विपत्ति से मुक्ति पाने के लिए भगवान विष्णु के पास गए। तब भगवान विष्णु ने देवताओ से कहा की में स्वयं देवमाता अदिति के गर्भ से जन्म लेकर तुम्हे स्वर्ग का राज्य दिलाऊंगा। कुछ समय पश्चात भाद्रपद शुक्ल द्वादशी को भगवान विष्णु ने वामन अवतार के रूप में जन्म लिया। इधर, दैत्यराज बलि ने अपने गुरु के साथ दीर्घकाल तक चलने वाले यज्ञ का आयोजन किया। बलि के इस महायज्ञ में ब्रह्मचारी वामन जी भी गए। दैत्य गुरु शुक्राचार्य ने अपने तपो बल से उन्हें पहचान लिया। संगीतमय कथा का आयोजन महिला मंडल के द्वारा आयोजित की गई है।

 

 

 

Related posts

दो दिवसीय आदि उत्सव की तैयारियाँ तेज सांसद श्री कुलस्ते ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण

Reva India News

सभी शासकीय आईटीआई में प्रवेश के लिए नए रजिस्ट्रेशन प्रारंभ

Reva India News

गोंड़वाना गणतंत्र पार्टीं के प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा एक्शन छिंदवाड़ा व सिवनी के कई पदाधिकारी हुए निष्कासित

Reva India News

Leave a Comment