16 जून 2025, मंडला
धरती आबा योजना अंतर्गत जनजातीय समुदाय को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सभी विकासखंडों में 15 से 30 जून 2025 तक विशेष सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला योजना भवन में इस संबंध में संबंधित जिला अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट ने कहा कि संबंधित शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। आवश्यकतानुसार शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शामिल करें। सेचुरेशन मोड पर हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाएं, इसके लिए धरती आबा अंतर्गत जिले के 716 गाँव चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में आधार से संबंधित कार्य शेष हैं, वहाँ आधार के कैम्प भी साथ-साथ लगाएं। संबंधित जनजातीय समुदाय के परिवारों के जनधन खाते भी खुलवाएं। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि सभी जनपद पंचायतों से शिविरों के लिए कैलेंडर जारी किया जा चुका है, इसके लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। प्रत्येक शिविर की निर्धारित प्रपत्र में रिपोर्ट भी प्रेषित की जानी है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, श्री अरविंद सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, समस्त एसडीएम, एसी ट्राईबल श्रीमती वंदना गुप्ता, सहायक संचालक आदिवासी विकास श्री रंजीत गुप्ता सहित संबंधित उपस्थित रहे।

