मंडला 30 जुलाई 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री अश्वनी झारिया, जिला प्रबंधक एमपीडब्ल्यूएलसी श्री हेमंत वर्मा एवं जिला विपणन अधिकारी श्री आर.एस. तिवारी द्वारा मूंग खरीदी केन्द्र एमपीडब्ल्यूएलसी परिसर का औचक निरीक्षण किया गया। भारत सरकार की समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन सीजन 2025 की मूंग/उड़द की नई फसल की खरीदी कृषकों से न्यूनतम समर्थन मूल्य मूंग 8682 रूपए प्रति क्विंटल एवं उड़द 7400 रूपए प्रति क्विंटल की दर से 7 जुलाई से 8 अगस्त 2025 तक डब्ल्यूएलसी परिसर कृषि उपज मंडी के पीछे मण्डला में की जा रही है।
उपज की राशि का भुगतान आर.टी.जी.एस के माध्यम से किया जाना है। खरीदी गई मूंग में से अधिकारियों द्वारा समक्ष में नमी की जांच की गई तथा नमी प्रतिशत 12 प्रतिशत तक खरीदी के निर्देश दिये। अब तक जिले में मूंग/उड़द उपार्जन हेतु 409 पंजीयन हुए हैं। जिसमें अब तक मूंग का 58 किसानों की उपज 406 क्विंटल की खरीदी गई है। जिसमें से 314 क्विंटल का परिवहन उपार्जन केन्द्र द्वारा भंडारण केन्द्र में किया गया है। इसी प्रकार उड़द की 58 किसानों की 452 क्विंटल उपज की खरीदी की गई जिसमें से 193 क्विंटल का परिवहन उपार्जन केन्द्र द्वारा भंडारण केन्द्र में किया गया है। उप संचालक कृषि द्वारा किसानों से साफ-सुथरी एवं सुखाकर एफएक्यू मापदंडों के अनुसार खरीदी केन्द्रों पर निर्धारित प्रपत्रों के साथ लाने एवं मौसम की परिस्थितियों देखते हुए अपनी उपज डबल लेयर पॉलीथिन में लाने की अपील की गई।
