मण्डला 29 सितम्बर 2021
जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी आरएमएसए से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय केरियर मार्गदर्शन एवं मोटिवेशनल कार्यशाला का आयोजन रानी अवन्ति बाई विद्यालय नवीन सभागार में 2 अक्टूबर को किया जा रहा है। इस कार्यशाला में ’कैरियर की बात, आपके साथ’ कैरियर संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा किया जायेगा। शासन में वरिष्ठ पदों पर कार्यरत अधिकारीगण व व्यवसायी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक यह कार्यशाला आयोजित होगी। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा, शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, रानी अवंतीबाई शासकीय कन्या उमावि, शास उमावि क्रमांक 2, शास कन्या उमावि महाराजपुर, शास उमावि बिनेका, संकुल प्राचार्याे के माध्यम से यह कार्यशाला होने जा रही है। प्रारम्भ होने जा रहे ’केरियर की बात-आपके साथ’ गतिविधि अंतर्गत विद्यार्थियों का ऑनलाइन व ऑफलाइन केरियर मार्गदर्शन किया जायेगा। विद्यालय के केरियर काउन्सलर शिक्षकों के प्रशिक्षण आयोजित होंगे। केरियर आधारित ऑडियो वीडियो को विद्यार्थियों के साथ शेयर किया जायेगा। प्रत्येक संकुल स्तर पर तीन काउन्सलर शिक्षक नामांकित किये गए हैं जो अक्टूबर माह से हर महीने संकुल शाला के केचमेंट एरिया की शालाओं में विजिट कर केरियर मार्गदर्शन करेंगे, जिन्हें जिला स्तर से प्रशिक्षित किया जा चुका है। समस्त केरियर गतिविधियों में समन्वय व मार्गदर्शकों से संवाद का दायित्व जिला केरियर काउन्सलर अखिलेश उपाध्याय को सौंपा गया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट ’नई उड़ान’ भाग दो अंतर्गत इस केरियर गतिविधि का संयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा अभियान सुनीता बर्वे एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय टेकाम, ए.पी.सी समग्र शिक्षा मुकेश पांडे द्वारा किया जायेगा। प्रायः यह देखा गया कि शासन स्तर से केरियर मार्गदर्शन आधारित प्राप्त सुविधाओं के प्रति विद्यार्थियों में उत्साह कम होता है। जीवन में केरियर मार्गदर्शक की आवश्यकता इसलिए जरुरी है कि सही समय पर छात्र की क्षमता व रुचि अनुसार सही विषय व केरियर का चयन जीवन में उसे सफलता के शिखर पर ले जाता है। विद्यार्थी के अंदर केरियर के प्रति चिंतन जाग्रत करने व इच्छुक छेत्र में सफलता हेतु प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देने हेतु विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस आयोजन में जिले में सेवा दे रहे आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, राज्य प्रशासनिक व पुलिस सेवा, वन सेवा, चिकित्सा, महिला बाल विकास, शिक्षा के साथ सीए व पत्रकारिता क्षेत्र के विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों मार्गदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब व फेसबुक में लाइव किया जायेगा जिसके लिए ई-गवर्नेन्स अधिकारी को आदेशित किया गया है। विद्यार्थियो को लिंक उपलब्ध कराई जायेगी जिससे दूरस्थ अंचल के विद्यार्थी भी इस कार्यशाला का सीधा लाभ ले सकेंगे। प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय, रानी अवन्तिबाई विद्यालय, क्रमांक 2 विद्यालय, उमावि कन्या महाराजपुर, उमवि बिनेका के प्राचार्य प्रातः 10 बजे तक अनिवार्यतः कार्यक्रम दिवस में आयोजन स्थल पर दो शिक्षकों के साथ निर्धारित संख्यानुसार विद्यार्थियों को स्वयं की जवाबदारी से पहुंचाना व ले जाना सुनिश्चित करेंगे। विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीएससी, नीट, जेईई, क्लेट इंजीनियरिग, सीए, आईटीआई, बैंकिग, रेंजर, बीजेएमसी आदि प्रतियोगी परीक्षा हेतु मार्गदर्शन दिया जायेगा। गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी जीवन आधारित ऑनलाइन क्विज व रानी अवन्तीबाई विद्यालय लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया जायेगा। केरियर के सात आयामों से जुड़े विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किया जायेगा।
