कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा गुरूवार की देर शाम नगरीय क्षेत्र में स्थित नवरत्न 100 कलाम छात्रावास पहुंचकर हॉस्टल की छात्राओं से रूबरू हुए। उन्होंने बालिकाओं से हॉस्टल में आवास, नाश्ता, भोजन, भोजन कक्ष, शौचालय तथा पेयजल के विषय में फीडबैक लिया।

रक्षाबंधन के पूर्व हॉस्टल पहुंचने पर छात्राओं ने उन्हें राखी बांधकर आशीर्वाद लिया। बालिकाओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन का निर्देश है कि जिले के अधिकारी स्वयं छात्रावासों का दौरा कर वहाँ की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। दो दिन बाद रक्षाबंधन का पर्व आ रहा है, सभी बच्चियों को राखी पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई। उन्होंने कहा कि सभी मन लगाकर पढ़ाई करें और परीक्षा में उत्तम अंकों के साथ उत्तीर्ण हों यही प्रशासन के लिए आपकी ओर से रिटर्न गिफ्ट होगा।

इस अवसर पर छात्राओं ने एसडीएम मण्डला को भी रक्षा सूत्र बांधे। हास्टल की छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई गई बड़े आकार की स्पेशल राखी भी कलेक्टर श्री मिश्रा को भेंट की। इस दौरान एसी ट्राइबल श्रीमती वंदना गुप्ता, सहायक संचालक आदिवासी विकास श्री रंजीत गुप्ता हॉस्टल स्टाफ एवं छात्राएं मौजूद रही।

