मंडला 18 सितंबर 2025
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने इंडोर स्टेडियम में सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत सांसद खेल महोत्सव 2025 कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद श्री कुलस्ते ने नवीन जूडो मैट का फीता काटकर और सांसद खेल महोत्सव 2025 का रिमोट का बटन दबाकर शुभारंभ किया। इस दौरान मंडला सांसद खेल महोत्सव का प्रतीक शुभंकर अर्जुन एवं थीम सांग हिन्दुस्तान का दिल धड़का दो को भी लांच किया। कार्यक्रम का आयोजन कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन और खेल और युवा कल्याण कार्यालय मंडला के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन युवा प्रतिभागियों को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने, ग्रामीण और शहरी स्तर पर खेल संस्कृति विकसित करने तथा फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। खेल सिर्फ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और सशक्त राष्ट्र की दिशा में युवाओं को प्रेरित करते है। उन्होंने कहा कि जिले के युवा अपनी प्रतिभा से न केवल जिले का बल्कि प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि कैलेण्डर के आधार पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित किए जायेंगे।

कार्यक्रम के पूर्व वीर शहीद राजा शंकरशाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक श्री शिवराज शाह, पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, श्री जयदत्त झा, श्री रानू राजपूत, श्री ललित लोधी, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री विकास खरड़कर सहित विभिन्न क्लबों से जुड़े खिलाड़ी व प्रशिक्षक, जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वुशु और योग के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वुशू का प्रदर्शन प्रशिक्षक पूर्णिमा रजक के मार्गदर्शन में किया गया। योग का प्रदर्शन रुबीना सिंह ने किया। रुबीना राष्ट्रीय स्तर की आर्टिस्टिक योग की खिलाड़ी हैं। जिला खेल अधिकारी श्री विकास खरड़कर ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस खेल महोत्सव में 9 खेलों का आयोजन किया जाएगा, जो 1 नवंबर से 25 दिसंबर तक सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते के लोकसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर संपन्न होंगे।

