संसदीय क्षेत्र मंडला के अंतर्गत घुघरी क्षेत्र के निकटस्थ ग्राम बम्हनी के एक छोटे से गांव में श्री श्याम लाल धुर्वे जी का जन्म 25 अक्टूबर 1934 को हुआ। श्री धुर्वे 1972 से 1977 तक विधायक रहे तत्पश्चात 1977 से 1979 तक सांसद पद पर आसीन रहे। श्री धुर्वे जी का देहावसान 21 फरवरी 1997 को हुआ।
लगातार धुंधलाती जा रही राजनीति के परिदृश्य में अनेक चमकदार किरदार भी हुए हैं, हमारी इस नर्मदा पटटी पर । जिस पर हम सदैव गर्व कर सकते हैं, ऐसे बिरले उदाहरणों में एक नाम हमें सदैव स्मरण रहेगा, वो नाम है स्वर्गीय श्री श्यामलाल जी धुर्वे का । विपन्न और साधनहीन ग्रामीण कृषक आदिवासी परिवार में जन्मे और तत्कालीन जनसंघ (जनता पार्टी ) और वर्तमान की भारतीय जनता पार्टी में सांसद जैसे अहम पद तक आगे कदम बढ़ाये, पर अपनी जमीनी सरलता ईमानदारी और सेवा भाव का जज्बा कभी कम नहीं होने दिया। विधायक और सांसद निर्वाचित होने तक के उनके राजनैतिक सामाजिक सफर में कई यादगार लम्हें उनके उत्कृष्ट व्यक्तित्व के साक्षी बने जिनमें से कुछ का उल्लेख समीचीन होगा। सांसद पद की शपथ में जाने हेतु उनके पास तो नंगे पैरों में जूते भी नहीं थे। किफायती प्लास्टिक के बरसाती जूते खरीदकर भी चेहरे में संतोष और आत्मविश्वास से भरी झलक भुलाई नहीं भूलती। उन्हीं दिनों एक और वाक्या रेखांकित करने योग्य है, तब जबकि संसद में रखे गये अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सदन से अनुपस्थित रहने के एवज में लाखों रूपयों की पेशकश ठुकराने में उन्हें एक सेकंड भी देर नहीं लगी। पार्टी संगठन के प्रति निष्ठा का यह एक अनूठा उदाहरण है ऐसे सहज सरल मितभाषी व्यक्तित्व के धनी आम जनों के बीच मिल बैठकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु तत्पर रहने वाले स्वर्गीय श्री श्यामलाल जी धुर्वे को उनके इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में स्मरण करते हुए शत-शत नमन एवं हार्दिक श्रदांजलि।
श्री श्यामलाल धुर्वे जी की प्रतिमा का अनावरण आज उनके गृह ग्राम बम्हनी में किया जा रहा है। हम सभी भाजपा कार्यकर्ता आभारी हैं, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं वर्तमान सांसद श्री फग्गनसिंह कुलस्ते जी के, जिन्होंने इस स्मृति स्थल परिसर एवं वाटिका के निर्माण हेतु व्यक्तिगत रूचि लेकर स्वयं की निधि से आवंटन उपलब्ध कराया है। आशा है, कि यह पुनीत स्मृतिस्थल हम समस्त पार्टी संगठन कार्यकर्ताओं के लिए ही नही वरण समूचे अंचल की आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा पुंज के रूप में सदैव मार्ग प्रशस्त करेगा।
प्रफुल्ल मिश्रा
जिलाध्यक्ष भाजपा मण्डला
