मंडला। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय मंडला में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी 15 नवम्बर 2025 को मनाए जाने वाले “जनजातीय गौरव दिवस“ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर यह निर्णय लिया गया कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को पूरे जिले में भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत जिले के 945 बूथों में भव्य गौरव यात्रा निकाली जाएंगी, जिनमें जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। यात्राओं के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, बलिदान और उनके आदिवासी समाज के उत्थान में किए गए योगदान पर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही जनजातीय शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया जाएगा।

वही जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद एवं परिचर्चा जैसी विविध प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जनजातीय समाज के शहीदों के परिजनों एवं समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा, जिससे समाज में गर्व और प्रेरणा की भावना जागृत हो। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. विजय सरवटे उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा हमारे समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। भाजपा जनजातीय समाज के गौरव को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए कृत संकल्पित है।

मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारी में जुट जाएं। यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे जनजातीय गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमें भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को घर-घर तक पहुँचाना है ताकि नई पीढ़ी उनके त्याग और संघर्ष से प्रेरणा ले सके।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जनजातीय समाज के गौरव को नई पहचान मिली है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से हम अपने महान नायकों के बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. विजय सरवटे ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे समाज की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस से आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की। हम सभी कार्यकर्ता उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लें और इस यात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री सुधीर मरावी, वीरेंद्र उईके, भाजपा नेता डॉ विजय आनंद मरावी, जिला उपाध्यक्ष एमआर धुर्वे, निवास एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष मानसिंह आर्मो, बिछिया एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रूप सिंह परते, अंजनिया एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष फागूलाल मरकाम, मंडला एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष दशरथ तेकाम, घुघरी एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष भादूलाल उईके, भाजपा जिला महामंत्री नरेश चंद्रौल सहित मण्डल अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत, ललित लोधी, सूर्यकांत जंघेला, श्रीराम परते, संदेश जायसवाल, किशन तेकाम,डुमारी लाल कुम्हरे,अनीता तिवारी, धर्मेन्द्र मिश्रा, मालती मरावी, नीरज भट्ट सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

