Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं – प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल सरकार के दो वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला हैं – प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल पत्रकार वार्ता में साझा की गई प्रदेश सरकार एवं मंडला जिले की दो वर्षों की विकास यात्रा केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके रही मौजूद प्रदेश शासन की उपलब्धियों की पुस्तकों का किया गया विमोचन

मंडला, 29 दिसंबर 2025

मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला योजना भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस पत्रकार वार्ता को प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने संबोधित किया। इसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना सहित बड़ी संख्या में पत्रकारबंधु मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार के दो वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण की मजबूत आधारशिला हैं। आने वाले समय में मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने यहां मौजूद प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को विकास, जनकल्याण और सुशासन के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण, प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन, कृषकों के हितों की रक्षा, महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर और प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

 

शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा

 

अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए बजट में 23 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई है। छात्रवृत्ति की अवधि अब 10 माह से 12 माह की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालयों का विस्तार, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता, नए विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी, पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा और एयरपोर्ट जैसी पहलें सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पक्की सड़कें, पंचायत भवन, प्रधानमंत्री आवास, बिजली, पेयजल आदि की सुविधाएं जनजातीय क्षेत्रों में की जा रही है।

लाड़ली बहना योजना सतत रूप से जारी रहेगी

 

उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया गया है। लाड़ली बहना योजना यथावत जारी रहेगी और प्रतिमाह लाड़ली बहनों को किस्त उनके खातों में अंतरित की जायेगी। जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियानों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा गया है।

विरासत से विकास की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश

 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार “विरासत से विकास” की सोच के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार के गठन के पश्चात पहली केबिनेट जबलपुर में आयोजित की गई। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी, रानी दुर्गावती और रानी अहिल्याबाई होलकर जैसी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर विकास की दिशा तय की जा रही है। “एक पेड़ मां के नाम” और “एक बगिया मां के नाम” जैसे अभियानों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिला।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2028-29 तक प्रदेश का बजट दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाया गया। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के माध्यम से प्रदेश ने निवेश प्रस्तावों में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया। औद्योगिक पार्क, पीएम मित्रा पार्क, स्टार्टअप और एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी 2025 से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। कृषि क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। किसानों के हित में फसल बीमा, मंडियों के आधुनिकीकरण और विपणन विस्तार के निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश में सड़क, पुल, मेट्रो और हवाई सेवाओं के विस्तार से कनेक्टिविटी सशक्त हुई है। आगामी वर्षों में एक लाख किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिले की गिनाई उपलब्धियां

जिले को नक्सल मुक्त घोषित किया गया

 

प्रभारी मंत्री ने जिले में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों की भी जानकारी साझा की तथा कहा कि जिले को उद्योग, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर लाभ मिल रहा है। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गैरकानूनी गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जा रही है। सुशासन के माध्यम से प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित हुआ है। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने जिले में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर की गई कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को बधाई दी।

बैगा बाहुल्य क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़कों का निर्माण, उच्च स्तरीय पुल निर्मित किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग (भवन) के अंतर्गत विगत दो वर्ष में एक हजार करोड़ से अधिक की राशि के कुल 56 कार्य पूर्ण किए गए। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 151 आंगनवाड़ी भवनों का उन्नयन कार्य कराया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत विगत 2 वर्षों में जल जीवन मिशन के तहत 264 ग्रामों की एकल नलजल योजना पूर्ण कर 42602 परिवारों को क्रियाशील नल कनेक्शन प्रदान किये गये। उर्वरक वितरण प्रणाली में सुधार करते हुए जिला प्रशासन द्वारा एग्री टोकन प्रणाली प्रारंभ की गई। जिससे किसानों को लाईन में लगकर खाद प्राप्त करने की समस्या समाप्त हुई। रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मंडला जिले में सर्वाधिक किसानों का पंजीयन किया गया, जो प्रदेश में प्रथम है। जिला सहकारी बैंक मर्यादित मंडला द्वारा पिछले 2 वर्षों में कृषि फसल ऋण वसूली में मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 802 उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से लगभग 1500 आवेदकों का निजी कंपनियों में रोजगार के लिए चयन किया गया।

जिले के नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य

 

जिला प्रशासन द्वारा स्वर्ण कवच अभियान, निःक्षय टीबी मुक्त अभियान, मिशन नेत्र ज्योति, आरोग्यम मंडला, जन स्वास्थ्य शिविर, अ से अक्षर अभियान साक्षरता कार्यक्रम, प्रोजेक्ट स्वाध्याय कोड योगी, अग्निपथ, प्रशिक्षण प्रोजेक्ट, अपराजिता अभियान, प्रोजेक्ट ज्ञानसूत्र, शक्ति सारथी, माहिष्मती योग शिविर, पंचचौकी महाआरती, प्रोजेक्ट वाटर बेल एवं कम्बल बैंक जैसे नवाचार किए गए हैं। पत्रकार वार्ता के अंत में प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने पत्रकारों से सुझाव भी प्राप्त किए।

Related posts

बिनेका में अवैध कॉलोनी पर कार्यवाही, आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश

Reva India News

किसान संतुलित पोषक तत्वों का उपयोग कर अधिक उत्पादन प्राप्त करें किसान कल्याण तथा कृषि विभाग ने किसानों को दी सलाह

Reva India News

स्कूल से गांव तक पहुंची मंडला पुलिस, सुरक्षा का दिया संदेश

Reva India News

Leave a Comment