Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिलाविधानसभा 2023

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 8 नवम्बर 2023

मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित किया गया रन-फॉर-वोट

सहभागिता कर कलेक्टर ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

मंडला 8 नवम्बर 2023

                मतदाताओं में मतदान के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता गतिविधियों के लिए जिलेभर में लगातार अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार जिला मुख्यालय में रन-फॉर-वोट का आयोजन किया जा रहा है। इस दौड़ को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ महात्मा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर जिला चिकित्सालय, उदय चौक, रेडक्रास, नेहरू स्मारक, कलेक्ट्रेट, जनपद पंचायत होते हुए महात्मा गांधी स्टेडियम में संपन्न हुई।

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित रन-फॉर-वोट में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। रन फॉर वोट के दौरान प्रतिभागियों ने विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए आमजन को प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित लोगों को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

जुम्बा डांस एवं योग मुद्राओं का प्रदर्शन

 

मतदाता जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला में स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में सांस्कृतिक धुनों पर व्यायाम की गई। साथ ही योग मुद्राओं का भी प्रदर्शन हुआ। जुम्बा डांस में लोगों ने खासा उत्साह दिखाते हुए सहभागिता की एवं जुम्बा डांस का लुत्फ उठाया।

इन्हें मिला पुरूस्कार

 

स्वीप गतिविधियों के तहत आयोजित रन-फॉर-वोट में बालक वर्ग में ओम चन्द्रोल को प्रथम, अनुराज धुर्वे को द्वितीय, अरविंद परते को तृतीय, अभय परते एवं संतोष बैरागी को चतुर्थ पुरूस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में वर्षा पुन्हा को प्रथम, कलकली कुम्हरे को द्वितीय, संतोषी मरावी को तृतीय, महिमा लखेरा एवं रश्मि कुड़ापे को चतुर्थ पुरूस्कार प्राप्त हुआ।

 

 

 

 

 

 

 

 

पॉलीटेक्निक कॉलेज में हो रही ईव्हीएम की कमिशनिंग

मंडला 8 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिले के बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों में मतदान में इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कमिशनिंग का कार्य शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला में किया जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर ईव्हीएम की कमिशनिंग व सीलिंग कार्य का जायजा लिया। डॉ. सिडाना ने कहा कि निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारी गंभीरतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, रिटर्निंग ऑफिसर, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी अथवा उनके प्रतिनिधि सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

स्वीप गतिविधियों में सहभागी बनें, सौंपे गए कार्य समय में पूर्ण करें

बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मंडला 8 नवंबर 2023

                निर्वाचन संबंधी तैयारियों की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि शतप्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में स्वीप गतिविधियों के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी जिला, विकासखंड तथा मैदानी स्तर के अधिकारी-कर्मचारी इन आयोजनों में सहभागिता करते हुए प्रत्येक मतदाता को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से भी मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करें।

कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी आदेश जारी हो चुके हैं। कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी है कि वे संबंधित कर्मचारियों को आदेश तामील कराते हुए प्रशिक्षणों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। उन्‍होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्वाचन के तहत प्रदाय की गई जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करें। निर्वाचन कार्यों में गलतियों के लिए कोई स्थान नहीं होता। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

मतदाताओं को प्रेरित करने दीपोत्सव आज

मंडला 8 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से 9 नवंबर को सायं 5:30 बजे से स्थानीय रपटाघाट में दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत एवं स्वीप गतिविधियों के नोडल अधिकारी श्रेयांश कूमट ने आमजन से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता करते हुए मतदाताओं को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

आकर्षण का केन्द्र बने गोबर के दीपक

मंडला 8 नवंबर 2023

                आजीविका महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा विभिन्न आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी तारतम्य में शहर के समीपी ग्राम टिकरिया में शक्ति तथा शारदा स्व-सहायता समूहों की बहनों द्वारा गोबर से आकर्षक दीपकों का निर्माण किया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर गोबर से निर्मित दीपकों की मांग बढ़ी है। ईको फ्रेंडली होने के कारण लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं। जिला योजना भवन में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से इन दीपों का विक्रय किया जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा भी गोबर के दीपक खरीदकर समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही अन्य अधिकारी, कर्मचारियों से भी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की खरीदी करने की अपील की गई।

 

 

 

 

 

 

 

ज्ञानदीप स्कूल में स्वीप बालमेला आयोजित

मंडला 8 नवंबर 2023

                शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को ज्ञानदीप स्कूल मंडला में स्वीप बालमेला आयोजित किया गया। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए इस आयोजन में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को सम्मिलित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा मण्डला को ’नम्बर वन’ बनाने के उद्देश्य से नुक्कड़-नाटक की प्रस्तुति की गई। साथ ही नृत्य के माध्यम से शतप्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्लोगन, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं मतदान संबंधित स्टॉल के माध्यम से सभी पालकों से 17 नवंबर को मतदान करने की अपील की गई। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पांडे, सचिव संजय तिवारी, प्राचार्य रफीक खान सहित स्टॉफ एवं बड़ी संख्या पालक उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विविध कार्यक्रम का आयोजन

मंडला 8 नवंबर 2023

                शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में मतदाता जागरूकता क्लब के माध्यम से प्रभारी प्राचार्य के मार्गदर्शन में स्वीप प्रभारी व कैंपस एंबेसडर द्वारा मतदाता जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, मतदाता शपथ, हर घर संपर्क कर मतदान करने हेतु प्रेरित किया गया। महाविद्यालय में रंगोली, निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता। ग्राम पंचायत अंजनिया मतदान केंद्र में स्वच्छता अभियान, रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता एवं नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। गोदग्राम काँसखेड़ा में मतदाता जागरूकता रैली एवं ग्रामीणों से संपर्क कर मतदान हेतु प्रेरित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

मतदाता जागरूकता विषय पर सीएम राईज स्कूल सागर में विविध कार्यक्रम

मंडला 8 नवंबर 2023

                सी.एम. राइज विद्यालय सागर मंडला में ग्राम पंचायत के सहयोग से शत प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता विषय पर विविध आयोजन किए गए। रैली, रंगोली, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा चित्र प्रदर्शनी आदि गतिविधियों के जरिए मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर रमेश मंडावी सीईओ जनपद पंचायत मंडला, कमल सिंह मरावी प्राचार्य, राजाराम मरावी पंचायत इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरूआत मतदाता जागरूकता रैली के आयोजन के साथ की गई। रैली को प्राचार्य कमल सिंह मरावी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जन जागरूकता के लिए सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। लोकतंत्र की है पहचान, सभी नागरिक करें मतदान आदि विभिन्न प्रकार के नारे लगाते हुए रैली के माध्यम से ग्राम भ्रमण किया गया। रैली का समापन स्कूल परिसर में किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय मण्डला के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में सीएम राईज स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

583 लीटर शराब जब्त

मंडला 8 नवंबर 2023

                विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मैनेंजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 583 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 62 हजार 500 रूपए है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 169 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चैकपोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

 

 

 

80 वर्ष से अधिक आयु और दिव्यांग मतदाताओं ने घर पर ही किया मतदान

 

मंडला 8 नवंबर 2023

                भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के तीनों विधानसभाओं में 7 एवं 8 नवम्बर को चिन्हांकित 80 वर्ष से अधिक तथा दिव्यांग मतदाताओं से उनके घर में ही मतदान की प्रक्रिया पूरी गोपनीयता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराई गई। इस प्रकार के जिले में कुल 390 मतदाता चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 371 मतदाताओं से उनके घर में ही मतदान कराया गया।

                इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार होम वोटिंग के दौरान बिछिया के 130 में से 123, निवास के 129 में से 121 तथा मंडला के 131 में से 127 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया गया। होम वोटिंग के लिए बिछिया विधानसभा में 10, निवास में 12 तथा मंडला में 14 दल गठित किए गए थे। सभी दलों में माईक्रो ऑब्जर्वर, पुलिस बल तथा वीडियोग्राफर सम्मिलित थे।

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन-2023

निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारी आज से करेंगे मतदान

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

 

मंडला 8 नवंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत निर्वाचन एवं मतदान कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारी आज से डाक मतपत्र के माध्यम से अपना मतदान करेंगे। डाक मतपत्र से मतदान के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला में विधानसभावार मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें मतदान दल के सदस्य, पुलिस बल, सेक्टर अधिकारी, माईक्रो ऑब्जर्वर, वाहन चालक सहित निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी मतदान करेंगे। डाक मतपत्र से निर्वाचन की यह प्रक्रिया 9, 10, 11, 13, 14 एवं 15 नवम्बर को संपन्न होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। उन्‍होंने निर्देशित किया कि मतदान करने आने वाले कर्मचारियों की सहायता के लिए सुविधा कक्ष सह सहायता केन्द्र स्थापित करें। पूरी प्रक्रिया की प्रोटोकॉल के अनुसार वीडियोग्राफी कराएं। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम नैनपुर जेपी यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

स्वीप गतिविधियों के तहत आयोजित की गई जिप्सी रैली

 

मंडला 8 नवंबर 2023

                जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत बुधवार को कान्हा नेशनल पार्क के खटिया गेट पर जिप्सी रैली आयोजित की गई। इस अवसर पर उपस्थित जिप्सी चालकों, वन विभाग के अधिकारियों, केटीआर के अधिकारी, कर्मचारियों तथा ग्रामीणजनों ने अनिवार्य और नैतिक मतदान की शपथ ली। जिप्सी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से खटिया, मोचा, बोड़ाछपरी एवं समीपी ग्रामों का भ्रमण करते हुए स्थानीय मतदाताओं को आगामी 17 नवंबर को विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मवई कपिल तिवारी, वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, कान्हा टाईगर रिजर्व के गाईड तथा जिप्सी चालक उपस्थित रहे।

 

Related posts

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया शुष्क दिवस घोषित

Reva India News

अपर कलेक्टर ने लिया खाद वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा

Reva India News

गेहूँ उपार्जन के लिए 5 फरवरी से 5 मार्च तक होगा पंजीयन

Reva India News

Leave a Comment