Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

किसानों की कड़ी मेहनत और लगन से ही हमारी धरती समृद्ध होती है – मंत्री श्रीमती उइके कृषक कल्याण वर्ष 2026 का भव्य शुभारंभ मंत्री श्रीमती उइके ने कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी

मंडला, 11 जनवरी 2026

मध्यप्रदेश शासन के निर्णयानुसार वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में कृषि विकास को नई दिशा देने के लिए कृषि रथ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती उइके ने हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री भूपेन्द्र वरकड़े, श्री जयदत्त झा, श्री रानू राजपूत, उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन किसानों के हित में लगातार निर्णय लेकर उन्हें समृद्ध बनाने की दिशा में कार्यरत है। अन्नदाता किसान के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से ही हमारी धरती समृद्ध होती है। उनके इस परिश्रम को सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में घोषित किया है।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि किसान की आय दोगुनी एवं कृषि लागत को कम करना ही सरकार की मंशा है। हमारे पूर्वजों ने जो परंपरागत रूप से प्राकृतिक खेती करते रहे हैं। हमें उसे प्रोत्साहित करते हुए बरकरार रखना है। मोटे अनाज को हमारी भोजनशैली का हिस्सा बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल की गई है। रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना की शुरूआत हुई है। मंडला जिले का गुड़ अपनी खुशबू और स्वाद के लिए जाना जाता है। आज मंडी में गुड़ विक्रय करने आए किसानों को नए वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं और मकर संक्राति पर्व की बधाई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाते हुए रसायनमुक्त खेती की ओर हमें अग्रसर होना हैं। जिले के प्रगतिशील कृषक आगे आकर भूमि को कीटनाशकमुक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान निभाएं।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि रथों के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि व संबद्ध विभागों के अधिकारी सीधे गांव-गांव जाकर किसानों को नवीन, आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे। जिन किसानों के पास सिंचाई की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है, उन्हें जायद मौसम की उपयुक्त फसलों के बारे में विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा ई-टोकन आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू की गई है। इससे किसानों को अब खाद प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा और मोबाइल पर ही खाद की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने अपने संबोधन में कहा कि कृषक कल्याण वर्ष और कृषि रथ अभियान किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि संबंधी नवीन जानकारी का प्रसार होगा और किसान वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे कृषि रथ अभियान का अधिक से अधिक लाभ लें और विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही सलाह को व्यवहार में उतारें।

उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि रथ अभियान के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इससे किसानों को कृषि, पशुपालन और अन्य संबद्ध विषयों की वैज्ञानिक जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर भोपाल के जंबूरी मैदान से डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित किसान भाइयों ने देखा। मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related posts

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 8 अप्रैल 2023

Reva India News

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के अवसर पर एडीआर सेन्टर जिला न्यायालय मण्डला में विधिक जागरुकता शिविर सम्पन्न

Reva India News

विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में शिक्षक अहम भूमिका निभाएं – डॉ. सिडाना प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुई कलेक्टर

Reva India News

Leave a Comment