Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सीईओ ने की समीक्षा बैठक

मंडला, 23 जनवरी 2026

जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने शुक्रवार को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले गरिमामय समारोह की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ श्री मीना ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों की प्रस्तुति को लेकर विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुतियों में देशभक्ति के भाव और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झाकियों का क्रम निर्धारित कर संबंधितों को पूर्व में ही अवगत कराएं जिससे समारोह के दौरान व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि समारोह स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।

बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने भारत पर्व आयोजन के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि संबंधित विभाग आपस में समन्वय करते हुए पिछले वर्ष की तरह झंकार भवन में इसकी तैयारी पूर्ण करें। सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के चयन की प्रक्रिया समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, जिला परियोजना अधिकारी वाटर शेड श्री उमेश सिंगरौरे, सहायक परियोजना अधिकारी श्री कपिल तिवारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानंद नाफड़े सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

दिव्यांग शिविर, श्रवण एवं मानसिक दिव्यांगों के जारी किये गये प्रमाण पत्र

Reva India News

जल गंगा अभियान के तहत राता ग्राम में हुआ तालाब का कायाकल्प

Reva India News

4 कोरोना पॉजीटिव

Reva India News

Leave a Comment