Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 23 फरवरी 2026

दो दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण का शुभारंभ

प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 1 से 30 मई तक

मंडला, 23 फरवरी 2026

            भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए नियुक्त चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण जिला योजना भवन सभागार में प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 23 एवं 24 फरवरी 2026 को दो दिवस आयोजित हो रहा है। इस मौके पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नगरीय निकाय के सीएमओ उपस्थित थे।

       प्रशिक्षण में सभी एसडीएम, तहसीलदार, नगरपालिका एवं नगरपरिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों तथा जनगणना लिपिकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान अवगत कराया गया, कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 से 30 मई 2026 की अवधि में संपन्न किया जाएगा। इसके लिए नगरीय एवं ग्रामीण स्तर पर चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी हैं।

       प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य के अंतर्गत प्रत्येक भवन का सर्वेक्षण किया जाएगा। सुपरवाइजर के निर्देशन में प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि सूचीकरण कार्य सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए।

       इस बार जनगणना कार्य में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा हैं। आंकड़ों का संग्रह मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक गणना ब्लॉक की सीमा को जीपीएस तकनीक से कैप्चर किया जाएगा। समस्त कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग Census Management and Monitoring System (सीएमएमएस) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। जिला स्तर पर चार्ज स्तरीय एडमिन आईडी तैयार कर फिल्ड ट्रेनर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न चरणों की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

निवासियों को स्व-गणना की सुविधा

            जनगणना 2027 में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से एक स्व-गणना वेब पोर्टल विकसित किया गया है। Self Enumeration Web Portal के माध्यम से निवासी स्वयं ऑनलाइन अपना जनगणना डेटा भर सकेंगे। इससे आंकड़ों की सटीकता में सुधार होगा, प्रगणकों का कार्यभार कम होगा तथा डिजिटल डेटा संग्रह प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी होगी। अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनगणना कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ संपन्न करने का आह्वान किया है। उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण कार्य है। जनगणना के नोडल अधिकारी श्री सुधीर कुमार सहायक निदेशक एवं श्री संजय सोनी जिला प्रभारी मंडला ने प्रशिक्षण दिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संस्थाओं के पंजीयन निरस्तीकरण के लिए विशेष साधारण सभा 910 मार्च को

सहकारिता विभाग द्वारा 13 संस्थाओं को जारी की गई सूचना

मंडला, 23 फरवरी 2026

            कार्यालय परिसमापक, कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता मंडला द्वारा 23 फरवरी 2026 को सूचना पत्र जारी कर विभिन्न सहकारी संस्थाओं की विशेष साधारण सभा आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। यह सभाएं संबंधित संस्थाओं के पंजीयन निरस्तीकरण की कार्यवाही के लिए आयोजित की जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. सहकारी सोसायटी अधिनियम 1962 के नियम 57 (एल) के प्रावधानों के अंतर्गत विशेष साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा। 13 सहकारी संस्थाओं की आमसभा 9 मार्च एवं 10 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। सभाओं में संबंधित संस्थाओं के समस्त सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है।

            जिन सहकारी संस्थाओं के लिए विशेष साधारण सभाओं का आयोजन किया जा रहा है उसमें जय दुर्गे यातायात सहकारी समिति महाराजपुर, ग्रामीण विद्युत सहकारी समिति नैनपुर मंडला, साईदादा यातायात सहकारी समिति मंडला, जिला धान उपार्जन सहकारी समिति मंडला, नर्मदा फिशरमेन सहकारी समिति मंडला, नर्मदा बांसदा उद्योग सहकारी समिति मंडला सहित अन्य समितियाँ शामिल हैं। कार्यालय परिसमापक एवं वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक द्वारा सभी संबंधित सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर आवश्यक कार्यवाही में सहयोग करने की अपील की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित

मंडला, 23 फरवरी 2026

            शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में 23 फरवरी को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य एवं रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. नवीन कुमार हरदहा द्वारा रक्तदान कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता के इस महादान में अपना योगदान दिया। रक्तदान करने वालों में सुयोग पटेल, पूर्णिमा झारिया, नारायण साहू, प्रद्युम्न जंघेला, पियूष पटेल, मयंक धुर्वे, आकाश पाण्डे, अभिषेक धुर्वे, उज्जवल मार्को, अमय मरावी एवं प्रवीण चन्देल शामिल रहे।

            कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. घनश्याम झारिया, डॉ. विजय मौर्य, डॉ. सुरेन्द्र कुमार लिटोरे, डॉ. प्रशांत कुमार यादव, डॉ. गरिमा छाबड़ा, श्री संदीप चौसिया एवं श्री संतोष नंदा का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय परिवार ने रक्तदाताओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए समाज के अन्य युवाओं से भी रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागिता की अपील की।

 

 

 

 

 

 

 

 

सी.एम. हेल्पलाईन की विभागीय रैंकिंग में ऊर्जा विभाग को प्रदेश में प्रथम स्थान

मंडला, 23 फरवरी 2026

            ऊर्जा विभाग मंडला द्वारा सी.एम. हेल्पलाईन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। माह अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 तक लगातार सोलह महीनों में विभाग ने उपभोक्ताओं की वोल्टेज संबंधी, मीटर संबंधी, खंभे एवं तार से जुड़ी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया। साथ ही त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों में सुधार कर आवश्यक अनुमोदन प्रदान करते हुए शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया गया।

            माह जनवरी 2026 में ऊर्जा विभाग मंडला ने सी.एम. हेल्पलाईन में 100 प्रतिशत स्कोर प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूर्व में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा अति. मुख्य अभियंता (संचा-संधा) मंडला मो. अयूब खान को सम्मानित भी किया जा चुका है।

 

 

 

 

 

 

 

 

विभागीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक 25 फरवरी को

मंडला, 23 फरवरी 2026

            कार्यालय कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा मंडल संभाग मंडला द्वारा विभागीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित किए जाने की सूचना जारी की गई है। जारी पत्र के अनुसार यह बैठक 25 फरवरी को दोपहर 3 बजे कार्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। कार्यपालन यंत्री द्वारा जारी पत्र में विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के जिला शाखा अध्यक्षों को बैठक में निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। बैठक में विभागीय विषयों पर चर्चा एवं आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना है।

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान

जिले में अभी तक 74 हजार 833 आवेदन प्राप्त

68 हजार 509 का हुआ निराकरण

मंडला, 23 फरवरी 2026

            राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में चलाये जा रहे संकल्प से समाधान अभियान के पहले चरण में घर-घर संपर्क के दौरान नागरिकों से अभी तक केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित 74 हजार 833 आवेदन प्राप्त हुये हैं और इनमें से 68 हजार 509 का निराकरण किया जा चुका है। निराकृत प्रकरणों में स्वीकृत आवेदनों की संख्या 67 हजार 750 एवं अस्वीकृत किये गये आवेदनों की संख्या 759 है।

            प्राप्त जानकारी के अनुसार संकल्प से समाधान अभियान के तहत नैनपुर में कुल 14877 आवेदन आए, जिसमें से 14673 स्वीकृत हुए। नैनपुर (न.पा.) में कुल 2309 आवेदन आए, जिसमें से 1916 स्वीकृत हुए। नारायणगंज में कुल 10671 आवेदन आए, जिसमें से 10190 स्वीकृत हुए। बिछिया में कुल 11122 आवेदन आए, जिसमें से 10985 स्वीकृत हुए। बिछिया (न.परि.) में कुल 1632 आवेदन आए, जिसमें से 792 आवेदन स्वीकृत हुए। मण्डला में कुल 10280 आवेदन आए, जिसमें से 9438 स्वीकृत हुए। मण्डला (न.पा.) में कुल 1607 आवेदन आए, जिसमें से 1440 स्वीकृत हुए। मवई में कुल 5209 आवेदन आए, जिसमें से 3804 स्वीकृत हुए। घुघरी में कुल 5341 आवेदन आए, जिसमें से 4590 आवेदन स्वीकृत हुए। निवास में कुल 4523 आवेदन आए, जिसमें से 4452 स्वीकृत हुए। निवास (न.परि.) में कुल 1128 आवेदन आए, जिसमें से 147 स्वीकृत हुए। बीजाडांडी में कुल 3106 आवेदन आए, जिसमें से 2746 स्वीकृत हुए। मोहगांव में कुल 2682 आवेदन आए, जिसमें से 2543 स्वीकृत हुए। बम्हनी बंजर (न.परि.) में कुल 359 आवेदन आए, जिसमें से 51 आवेदन स्वीकृत हुए।

            मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने प्रदेश भर में स्वामी विवेकानन्द की जयंती 12 जनवरी से संकल्प से समाधान अभियान प्रारंभ किया गया है। चार चरणों के इस अभियान में नागरिकों को 106 विभागों से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं का लाभ दिया जायेगा। इसके लिये पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है।

             संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में अनिराकृत प्रकरणों का निराकरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक चलाये जाने वाले दूसरे चरण में क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर किया जायेगा। क्लस्टर स्तर पर आयोजित शिविरों में आम नागरिक आवेदन दे सकेंगे। अभियान का तीसरा चरण 16 मार्च से 26 तक चलाया जायेगा। तीसरे चरण में क्लस्टर स्तर पर अनिराकृत आवेदनों और शिकायतों तथा नये प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण करने खण्ड स्तर पर शिविर लगाये जायेंगे। इन शिविरों में किये गये निराकरणों को ब्लॉक लेवल नोडल अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जायेगा।

            संकल्प से समाधान अभियान का चौथा और आखिरी चरण 26 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। इस चरण में जिला स्तर पर शिविर लगाकर सभी अनिराकृत शेष आवेदनों एवं शिकायतों के साथ नवीन प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जायेगा। जिला स्तरीय शिविर में हितग्राहियों एवं लाभार्थियों को मौके पर ही हितलाभों का वितरण भी किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को एससीएन जारी

मंडला, 23 फरवरी 2026

            संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत म.प्र. अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण नियम 1995 के अंतर्गत राहत प्राप्त न होने संबंधी आवेदन का समाधान के कुल 7 आवेदन में 4 स्वीकृत किए गए तथा 4 निराकृत हुए एवं 3 आवेदन लम्बित है। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्रीमती वंदना गुप्ता को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

माईक्रोबीट पुलिस चौपाल लगाकर हेलमेट के लिए किया जा रहा प्रेरित

साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति पर मंडला पुलिस का अभियान

मंडला, 24 फरवरी 2026

            पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में 23 फरवरी को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया गया।

            अभियान के अंतर्गत थाना मवई (समनापुर), थाना टिकरिया (परतला), थाना घुघरी (इमलीटोला, भोखादेवरी), थाना निवास (हिरण छापर), थाना कोतवाली (बनियातारा), थाना मोहगांव (उमरीडीही, आडियादर), थाना बिछिया (जयंतीपुर), थाना मोतीनाला (कुडेला) तथा चौकी पांडीवारा (भालीवाड़ा) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं को जागरूक किया गया।

            चौपाल कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, साइबर ठगी एवं ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, बैंक अथवा ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करने, नशे से दूर रहने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

 

 

 

आप सभी के सहयोग से ऐतिहासिक बना सांसद कप महोत्सव – सांसद श्री कुलस्ते

सांसद खेल महोत्सव का हुआ भव्य समापन

महात्मा गांधी स्टेडियम में गूंजा खेल उत्साह, दर्शकों के बीच पहुँचे भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की

 

मंडला, 23 फरवरी 2026

मंडला के महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित सांसद कप सीजन-3 के समापन समारोह में खेल उत्साह अपने चरम पर दिखाई दिया। कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की रहे।

समारोह के दौरान डॉ. तिर्की न केवल खिलाड़ियों से मिले, बल्कि दर्शक दीर्घा में पहुँचकर खेल प्रेमियों का अभिवादन भी किया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से दर्शक अभिभूत हो उठे और स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।

सांसद श्री कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। सांसद कप जैसे आयोजन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सांसद कप का सफल आयोजन आप सभी के सहयोग से संभव हो पाया है। उन्होंने क्रिकेट एवं हॉकी एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन, नगर पालिका तथा खेल विभाग के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक आयोजन सामूहिक प्रयासों से ही पूर्ण होते हैं। मंडला में आयोजित इस भव्य खेल महोत्सव में संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं की टीमों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने भी भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया। सांसद श्री कुलस्ते ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की का विशेष उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनके नाम से हर खिलाड़ी परिचित है। उनके व्यक्तित्व और उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर युवा खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया’ अभियान की भावना के अनुरूप किया गया। खेलों को प्रोत्साहन देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित सांसद कप ने क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया।

मंडला में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की ने अपने उद्बोधन में कहा कि जबलपुर एयरपोर्ट से लेकर मंडला तक उनका जिस प्रकार भव्य स्वागत किया गया, वह अत्यंत भावुक कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सदैव अपने खिलाड़ियों के योगदान के लिए जाना जाता रहा है और यहाँ की खेल परंपरा गौरवशाली रही है। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ के लोगों में स्वाभाविक लगन, अनुशासन और मेहनत की भावना होती है। ऐसे आयोजनों से उनकी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ाने का सशक्त अवसर मिलता है। सांसद खेल महोत्सव जैसे मंच खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को नई दिशा देते हैं।

डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि उनका सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते से काफी पुराना नाता रहा है। उन्होंने बताया कि कुलस्ते की सबसे बड़ी विशेषता लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव है। उनके प्रयासों से इस प्रकार का भव्य आयोजन होना सराहनीय है और इससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग मिलता है। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के छोटे भाई रूप सिंह वर्ष 1974 में मंडला आए थे। यह इस क्षेत्र की ऐतिहासिक खेल परंपरा को दर्शाता है।

डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि मंडला आकर वे अभिभूत हैं। ग्राम पंचायतों से आए खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया है, जिससे स्पष्ट होता है कि यहाँ का खेल स्तर बहुत अच्छा है। उन्होंने खिलाड़ियों को हमेशा ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ खेलते रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि यदि वे सदैव अनुशासित रहकर खेलेंगे तो निश्चित ही बड़े मंचों तक पहुँचेंगे।

कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के प्रेसीडेंट श्री वेदप्रकाश कुलस्ते ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विस्तार से सांसद खेल महोत्सव के बारे में बताया। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि अगले वर्ष भी यह प्रयास रहेगा कि सांसद कप महोत्सव और बेहतर तरीके से आयोजित किया जाये। सांसद कप महोत्सव के समापन अवसर पर फाईनल मुकाबला सिद्धू इलेवन एवं शहपुरा सनराईजर्स के बीच खेला गया। सिद्धू इलेवन एमपी ने पहले बेटिंग करते हुए 20 ओवर में 202 रन, 9 विकेट खोकर बनाए। इसके खिलाफ शहपुरा सनराईजर्स की टीम 6 विकेट खोकर 167 रन बना सकी। मेन ऑफ द मैच का अवॉर्ड ऋिषीकेश पवार को दिया गया। शहपुरा सनराईजर्स की टीम के खिलाड़ी वंदित जोशी ने 52 गेंदों में 106 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड निशांत झा को दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय मशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम, पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री वेदप्रकाश कुलस्ते, श्री जयदत्त झा तथा पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित अन्य खिलाड़ी, कोच, मेंटर एवं बड़ी संख्या में दर्शक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

Related posts

कलेक्टर ने किया श्री हिमांशु यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित  

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6/05/2022

Reva India News

कक्षा 5वी में 98.31 तथा 8वी में 94.74 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण कक्षा पांचवी के परिणाम में प्रदेश स्तर पर जिले को तीसरा स्थान

Reva India News

Leave a Comment