Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 26 फरवरी 2026

दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लिए क्षीरधारा ग्राम योजना का आगाज

73 गांवों में सर्वे शुरू

मंडला, 26 फरवरी 2026

            प्रदेश में श्वेत क्रांति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मण्डला जिले में क्षीरधारा ग्राम योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा इस योजना के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है।

            इस संबंध में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा क्षीर धारा ग्राम योजना के संबंध में जिला योजना भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उनके द्वारा उन्नत किस्म की पशु नस्लों को बढ़ावा देना, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और टीकाकरण, पशुओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले चारे और आहार की व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका कोलेबोरेटिव मॉडल है। योजना को सफल बनाने के लिए चार प्रमुख वन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग मिलकर काम करेंगे। माना जा रहा है कि विभागों के इस समन्वय से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पशुपालन एक स्थायी व्यवसाय के रूप में विकसित होगा।

            प्रमुख सचिव, म.प्र. शासन से प्राप्त निर्देशों के बाद जिले के ’’73 गांवों’’ को प्रथम चरण के लिए चुन लिया गया है। 25 फरवरी से ही विभागीय अमले द्वारा इन गांवों में आधारभूत सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह सर्वे रिपोर्ट ही आगे की कार्ययोजना का आधार बनेगी। इस योजना के माध्यम से हमारा लक्ष्य न केवल दूध का उत्पादन बढ़ाना है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि लाना है।

 

 

 

 

 

 

 

 

कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रबंधक को मिला उत्कृष्ट निराकरण के लिए प्रशस्ति पत्र

मंडला, 26 फरवरी 2026

            सीएम हेल्पलाइन के जनवरी माह के प्रकरणों के संतोषजनक एवं प्रभावी निराकरण के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रबंधक श्री एस.के. डेकाटे को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

            श्री डेकाटे ने 94.78 वेटेज स्कोर प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए संतुष्टि स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, समस्त एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुश्री श्रद्धा सोनी को नारायणगंज जनपद पंचायत का प्रभार

मंडला, 26 फरवरी 2026

            जनपद पंचायत नारायणगंज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रभार में आंशिक संशोधन किया गया है। वर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती दीप्ति यादव 5 जनवरी 2026 से प्रसूति अवकाश पर हैं। इससे पहले यह अतिरिक्त प्रभार नैनपुर जनपद सीईओ श्री विनोद मरावी को सौंपा गया था। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार अब नारायणगंज जनपद पंचायत का समस्त प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रभार निवास जनपद सीईओ सुश्री श्रद्धा सोनी को सौंप दिया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

खाद वितरण में अब ई-टोकन व्यवस्था अनिवार्य

मंडला, 26 फरवरी 2026

            मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र को डिजिटल शक्ति देने और किसानों को खाद की किल्लत से बचाने के लिए ई-टोकन एवं उर्वरक वितरण प्रणाली को पूरे प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है।

किसानों के लिए ई-टोकन प्रणाली, अब नहीं लगेगी लंबी कतारें

            खाद वितरण में पारदर्शिता लाने और बिचौलियों को खत्म करने के लिए सरकार ने नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है। किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए अपना आधार नंबर ’’एग्री स्टेक पोर्टल’’ पर पंजीकृत कराना होगा, जिससे उनकी ’’फॉर्मर आईडी’’ जनरेट होगी। किसान ’’ई-विकास प्रणाली’’ की वेबसाइट या ’’एमपी किसान ऐप’’ के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। आधार लिंक मोबाइल पर प्राप्त ’’ओटीपी’’ के माध्यम से भूमि और फसल की जानकारी का सत्यापन होगा। पोर्टल पर फसल और रकबे की जानकारी डालने के बाद वैज्ञानिक आधार पर उर्वरक की मात्रा स्वतः प्रदर्शित होगी। ई-टोकन जारी होने के 3 दिवस के भीतर चयनित विक्रेता से खाद लेना अनिवार्य है, अन्यथा टोकन स्वतः निरस्त हो जायेगा। आगामी सीजन के लिए खाद की असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर आईडी अपडेट कराएं और ई-टोकन व्यवस्था का लाभ उठाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

होली पर रहेगा शुष्क दिवस

मंडला, 26 फरवरी 2026

            होली पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार होली 4 मार्च के दिन जिले की समस्त देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।

            कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शुष्क दिवस के दौरान सतत निरीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री न हो सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर जिला योजना अधिकारी श्री ओपी सिरसे को कारण बताओ नोटिस

मंडला, 26 फरवरी 2026

            संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक में जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र के कुल 456 आवेदन, 371 स्वीकृत एवं निराकृत, 85 लंबित, जन्म प्रमाण पत्र के कुल 329 आवेदन, 271 स्वीकृत एवं निराकृत, 58 आवेदन लंबित, विवाह पंजीयन के कुल 138 आवेदन, 115 स्वीकृत एवं निराकृत आवेदन तथा 23 लंबित, जन्म के 1 वर्ष के पश्चात पंजीयन के लिए अनुमति के कुल 52 आवेदन, 31 स्वीकृत एवं निराकृत, 21 लंबित, मृत्यु के 1 वर्ष के पश्चात पंजीयन के लिए अनुमति के कुल 17 आवेदन, 6 स्वीकृत एवं निराकृत एवं 11 लंबित तथा जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे के नाम जुड़वाने के कुल 17 आवेदन, 12 स्वीकृत, 1 अस्वीकृत, 13 निराकृत एवं 4 लंबित आवेदन हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी श्री ओपी सिरसे को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अव्हेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक 27 फरवरी को

मंडला, 26 फरवरी 2026

            जिला स्तर पर सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक जिला योजना भवन में 27 फरवरी को शाम 4 बजे आयोजित किया जायेगा। अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

            सभी अधिकारी विभागवार लंबित शिकायतों की अद्यतन स्थिति के साथ उपस्थित हों, शिकायतों के निराकरण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में निराकरण करें। बैठक के माध्यम से लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

वरिष्ठजनों के मध्य आयोजित प्रेरणादायी गतिविधियाँ

मंडला, 26 फरवरी 2026

            भारत सरकार जिला  प्रशासन, आयुष विभाग व सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा होलिस्टिक वेलबीईंग केम्पस के तहत वरिष्ठजनों के लिये आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम के तारतम्य मे प्रेरणादायी एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन आयुष विभाग द्वारा वृद्धाश्रम महिष्मती घाट में कराया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम उपस्थित सभी वरिष्ठजनों का आत्मीय परिचय कराया गया। इसके पश्चात गीत-गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठजनों ने पुराने मधुर गीतों की स्वर लहरियों से वातावरण को भावविभोर कर दिया। दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित आहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका वरिष्ठजनों ने अत्यंत उत्साह और सूझबूझ के साथ उत्तर दिया।

            साथ ही “बुझो तो जाने” पहेली प्रतियोगिता ने सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। रोचक पहेलियों के माध्यम से मानसिक सक्रियता और आनंद दोनों का समन्वय देखने को मिला। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक जुड़ाव, मानसिक स्फूर्ति और स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला आयुष अधिकारी डॉ. हर्ष कर्महे, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री आहके, डॉ. ऋचा धुर्वे, डॉ. एकता वाल्को, डॉ. प्रियंका धुर्वे एवं जिला आयुर्वेद चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

शांति समिति की बैठक संपन्न

कलेक्टर एवं एसपी की मौजूदगी में सौहार्दपूर्ण त्यौहार मनाने का आह्वान

मंडला, 26 फरवरी 2026

            जिले में आगामी त्यौहारों होली, चैटीचंड, चैत्र नवरात्रि, ईद-उल-फितर, रामनवमी, हनुमान जयंती एवं अन्य पर्वों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा की उपस्थिति में जिला योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्यौहारों के संबंध में समिति सदस्यों से विस्तृत सुझाव लिए गए और सभी ने मिलकर सामाजिक समरसता बनाए रखने पर सहमति जताई।

            बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा, मंडला एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी, मीडियाकर्मी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

            बैठक में बताया गया कि 2 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। तिथि के अनुसार 3 एवं 4 मार्च को धुलेड़ी पर्व मनाया जायेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होलिका दहन बिजली के तारों के नीचे न किया जाए। होलिका दहन मुख्य मार्गों पर अथवा सार्वजनिक चौराहों के बीच में न करें। अंजान व्यक्ति पर जबरन रंग या गुलाल न डालें। केमिकल युक्त रंगों से बचते हुए हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों के उपयोग को प्रोत्साहित करें। होलिका दहन में कंडे एवं गौ-काष्ठ के उपयोग की सलाह दी गई।

           नगर पालिका द्वारा धुलेड़ी के दिन प्रातः 7 बजे निर्धारित समय पर जल प्रदाय किया जाएगा। समिति सदस्यों के सुझाव पर शाम 4 बजे की जाने वाली जल आपूर्ति को धुलेड़ी पर्व पर दोपहर 3 बजे करने पर सहमति बनी। चूंकि इन दिनों बोर्ड परीक्षाओं का संचालन भी जारी है, इसलिए देर रात तक डीजे या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। इस संबंध में डीजे संचालकों के साथ बैठक एसडीएम स्तर पर आयोजित कर पृथक से निर्देशित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए एम्बूलेंस, पैरामेडीकल टीम तथा फायरब्रिगेड तैनात रखने के संबंध में सीएमएचओ को आवश्यक निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी से अपील की कि “हम सभी का त्यौहार है”, इसे संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाएं।

            कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि 2 मार्च की शाम माहिष्मती घाट पर फूलों एवं हर्बल रंगों की होली आयोजित होगी। एसपी श्री सकलेचा ने कहा कि धुलेड़ी पर्व पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा विभिन्न पॉइंट निर्धारित किए जाएंगे तथा ब्रीथ एनालाइजर के साथ जांच की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को सावधानी और जिम्मेदारी के साथ त्यौहार मनाने की समझाइश दें। तेज गति से वाहन न चलाने और नदी तट पर स्नान न करने की सलाह भी दी गई।

            बैठक के अंत में कलेक्टर एवं एसपी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून व्यवस्था का पालन करते हुए संयमित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाएं, ताकि जिले की शांति और भाईचारा बना रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

एसडीएम श्रीमती सिडाम ने किया मालीमोहगांव का औचक निरीक्षण

मंडला, 26 फरवरी 2026

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम ने बुधवार को ग्राम मालीमोहगांव का सघन दौरा किया। यह निरीक्षण ग्रामवासियों द्वारा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से किया गया।

            निरीक्षण के दौरान एसडीएम मण्डला श्रीमती सिडाम ने ग्राम में निर्माणाधीन और लंबित विभिन्न शासकीय परियोजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधूरे पड़े आंगनवाड़ी केंद्र और अटल सेवा सदन के निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में विलंब के कारणों को स्पष्ट करने और निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के  निर्देश दिए गए। ई-पंचायत भवन और उचित मूल्य दुकान के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया।

            एसडीएम मण्डला श्री सिडाम ने उचित मूल्य दुकान निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर और वितरण पंजी का मिलान किया गया। मौके पर मौजूद हितग्राहियों से राशन मिलने की पात्रता और समयबद्धता के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की मंशानुसार पारदर्शी तरीके से राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार श्री राम सिंह उलाड़ी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले में शिविर आयोजित

मंडला, 26 फरवरी 2026

            कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिले में संकल्प से समाधान अभियान निरंतर जारी है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम भैंसवाही, जनपद पंचायत निवास के ग्राम पिपरिया और जनपद पंचायत मवई के ग्राम घुटास में शिविर का आयोजन किया गया।

            शिविरों में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे लंबित राजस्व प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा पात्र वंचित हितग्राहियों के आवेदन लिए गए। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न शिकायतों और मांगों का संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही परीक्षण कर निराकरण सुनिश्चित किया गया। उक्त शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

गांव-गांव पहुंची मंडला पुलिस, चौपाल के माध्यम से सुरक्षा और जागरूकता का संदेश

हेलमेट अनिवार्यता, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति पर विशेष जनसंवाद अभियान

मंडला, 26 फरवरी 2026

            पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं को सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। अभियान के अंतर्गत थाना महाराजपुर (बुढार), थाना टिकरिया (सहजनी), थाना निवास (बसनिया), चौकी मनेरी (बिलनगरी), चौकी पिंडरई (सालीवाड़ा, पिपरिया), चौकी पांडीवारा (सिलवानी) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

            कार्यक्रमों में नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों का पालन, हेलमेट धारण करने, दोपहिया वाहन नाबालिकों द्वारा न चलाने देने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग, नशा मुक्ति तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।

            चौपाल के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि नशे की अवस्था में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है। साथ ही साइबर अपराध के मामलों में त्वरित सहायता के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930, डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं मानस हेल्पलाइन 1933/14446 की जानकारी दी गई। साइबर ठगी में होल्ड राशि को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैंक या पुलिस की सहायता से वापस प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।

 

 

 

 

 

 

जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन 7 मार्च तक

मंडला, 26 फरवरी 2026

            रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए जिले में व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित कुल 36 पंजीयन केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं।

            जारी सूचना के अनुसार किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से प्रारंभ हो गया है जो 7 मार्च 2026 तक जारी रहेगा। समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने के इच्छुक किसान निर्धारित तिथि तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से करवा लें। पंजीयन के समय किसानों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा। किसान एमपी किसान ऐप के माध्यम से स्वयं अपने मोबाइल से घर बैठे पंजीयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं में जाकर भी निःशुल्क पंजीयन कराया जा सकेगा। सिकमी, बटाईदार एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल निर्धारित सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था स्तर पर ही उपलब्ध रहेगी। एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं साइबर कैफे पर निर्धारित शुल्क देकर भी किसान पंजीयन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी किसानों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर पंजीयन सुनिश्चित कर समर्थन मूल्य योजना का लाभ उठाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेंशन निराकरण की नई ऑनलाइन व्यवस्था, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

मंडला, 26 फरवरी 2026

            मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग के निर्देशानुसार, जिला पेंशन कार्यालय मंडला द्वारा गुरूवार को राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग प्रक्रिया पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला योजना भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है।

            प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि राज्य शासन द्वारा ’’राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल, भोपाल’’ का गठन किया गया है। अब प्रदेश के सभी पेंशन प्रकरण इसी सेल के माध्यम से ऑनलाइन संसाधित किए जाएंगे। आगामी समय में सभी पेंशन प्रकरणों का निराकरण पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से होगा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एग्रीगेटर ऑनलाइन पेंशन भुगतान के लिए भोपाल स्थित एसबीआई को एग्रीगेटर बैंक नियुक्त किया गया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी। सभी प्रकरण एक ही स्थान से एक निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किए जाएंगे।

            जिला पेंशन अधिकारी श्री अविनाश नागले ने प्रशिक्षण में उपस्थित जिले के सभी कार्यालयों के पेंशन प्रभारियों को नवीन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने पेंशन प्रकरणों के प्रस्तुतीकरण और भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक पेंशन अधिकारी श्री राहुल चौरसिया द्वारा किया गया। इस नई व्यवस्था से आने वाले समय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपनी पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

Related posts

ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी का प्रथम रेंडमाईजेशन संपन्न

Reva India News

सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को हुआ पीपीओ वितरण

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 17 फरवरी 2026

Reva India News

Leave a Comment