Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर कलेक्टर व एसपी ने किया विस्तृत निरीक्षण

मंडला, 31 मार्च 2026

राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में 1 अप्रैल को बिछिया के कन्हारीकला में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने कन्हारीकला पहुंचकर कार्यक्रम स्थल सहित समस्त व्यवस्थाओं का विस्तृत एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत बिछिया में बनाए गए हेलीपैड स्थल से की गई, जहां उन्होंने आगमन एवं प्रस्थान व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा, वीआईपी मूवमेंट रूट एवं ग्रीन रूम की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभागीय प्रदर्शनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल में शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करे, जिससे आमजन को अधिकतम जानकारी प्राप्त हो सके। इसके लिए पशुपालन, जनजातीय कार्य विभाग, वन विभाग, आयुष विभाग, कृषि, उद्यानिकी, एनआरएलएम सहित अन्य विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा हेल्थ चेकअप, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सिकल सेल एनीमिया के मरीजों का उपचार भी किया जाएगा।

अधिकारियों द्वारा मंचीय व्यवस्था का भी विस्तार से परीक्षण किया गया। वीआईपी अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग, आमंत्रित अतिथियों के लिए सीटिंग प्लान तथा ग्रीन रूम में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मीडिया गैलरी, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड एवं संपूर्ण रूट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।

इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे राज्यपाल

 

राज्यपाल श्री पटेल यहाँ पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के अंतर्गत मंडला, बालाघाट एवं डिंडोरी जिले के चयनित पशुपालकों को एक-एक दुधारू पशु प्रदान करेंगे। शासकीय स्कूलों में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करेंगे एवं उन्हें प्रोत्साहित करेंगे। पीएम जन मन योजना के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण भी करेंगे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियाँ पूर्ण करें तथा प्रत्येक व्यवस्था में गुणवत्ता एवं अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यह दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, अतः सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता एवं सजगता के साथ करें। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

Related posts

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 23 जनवरी को दिलाई जायेगी मतदाता शपथ

Reva India News

मतदान अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी – डॉ. सिडाना कलेक्टर ने की जिलेवासियों से मतदान करने की अपील

Reva India News

जिले में बाढ़ नियंत्रण के लिए तैयारियाँ पुख्ता रखें – हर्षिका सिंह

Reva India News

Leave a Comment