Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

अधिकारी फील्ड विजिट प्लान बनाएं- कलेक्टर शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग और जिला शिक्षा केन्द्र की संयुक्त समीक्षा बैठक में निर्देश

मंडला, 16 अप्रैल 2026

योजना भवन में मंडला के शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग और जिला शिक्षा केन्द्र की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने अधिकारियों के पिछले फील्ड विजिट की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपना फील्ड विजिट प्लान बनाकर प्रस्तुत करें। सभी का भ्रमण पत्रक भरा जाएगा, साथ ही फील्ड विजिट के दौरान वहाँ के विजिटर रजिस्टर में टीप दर्ज कर हस्ताक्षर भी सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने जिला शिक्षा अधिकारी से आरटीई, निजी स्कूलों का निरीक्षण, निजी स्कूलों के शुल्क संबंधी शिकायतें, शाला त्यागी बच्चों का प्रतिशत, शाला त्याग का कारण, नामांकन, अपार आईडी, पाठ्य पुस्तकों का वितरण, स्मार्ट क्लास, निःशुल्क साइकिल वितरण सहित विभिन्न विषयों की जानकारी लेते हुए विस्तार से समीक्षा की गयी। सभी विषयों पर आवश्यक निर्देश दिए।

डीपीसी जिला शिक्षा केन्द्र की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि क्षतिग्रस्त स्कूलों की सूची तैयार करें। क्षतिग्रस्त स्कूलों में शालाओं का संचालन न करते हुए उनकी शिफ्टिंग का प्लान रखें। इसके अलावा मरम्मत योग्य बालिका शौचालयों की समुचित मरम्मत कराएं। बैठक में शासन द्वारा स्वीकृत नवीन बालिका शौचालयों के निर्माण समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।

जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि बालिका छात्रावास में निवासरत सभी बालिकाओं की नियमानुसार स्वास्थ्य जांच कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक बालिका का एनीमिया टेस्ट अनिवार्यतः कराएं। जो बालिकाएं एनिमिक पाई जाती हैं उनका विशेष ध्यान रखें। इस दौरान एसी ट्राइबल ने बताया कि पिछले सत्र में कराई गयी स्क्रीनिंग में दो बालिकाएं सिकल सेल से पीड़ित पाई गई हैं। उनके सिकलसेल कार्ड बनवाए गये हैं।

कलेक्टर श्री धोटे ने जनजातीय कार्य विभाग की कन्या प्रोत्साहन योजना, अत्याचार निवारण, अंतरजातीय विवाह, छात्रवृत्ति, आवास सहायता, समग्र आईडी, बस्ती विकास, सांसद आदर्श ग्राम, वन अधिकार दावा, वन मित्र पोर्टल, पीएम जनमन, धरती आबा, जन धन खाते, आयुष्मान कार्ड, आदि कर्मयोगी और अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में विस्तृत समीक्षा की।

 

व्यवसायिक पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों का सतत फालोअप करें

 

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास कैरियर गाइडेंस और प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफल बच्चों का सतत फॉलोअप करें। व्यवसायिक पाठ्यक्रम से पढ़ने वाले विद्यार्थी कमजोर आर्थिक स्थिति के परिवारों से संबद्ध होते हैं इसलिए इनको रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसी तरह एमपी पीएससी की प्रारंभिक परीक्षाओं में उत्तीर्ण बच्चों में टैलेंट है, उन्हें सहयोग की आवश्यकता है जिससे वह मुख्य परीक्षाओं में भी सफल हो सकें।

इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य श्रीमती वंदना गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, डीपीसी श्री कुलदीप कठल, एपीसी श्री मुकेश पाण्डेय, एपीसी श्री केके उपाध्याय, एपीसी श्रीमती विनीता सोनी, सहायक संचालक श्री रंजीत गुप्ता, क्षेत्रीय संयोजक श्री विष्णु सिंगौर सहित समस्त बीईओ, सब इंजीनियर सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।

Related posts

आंगनबाड़ी में आयोजित की गई ’पोषण भी पढ़ाई भी’ आधारित गतिविधियाँ

Reva India News

अपराजिता अभियान से स्वयं की रक्षा के लिए तैयार होंगी बेटियाँ  – संपतिया उइके पीएचई मंत्री ने किया अपराजिता अभियान का शुभारंभ शुभंकर विमोचित

Reva India News

एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक से दी नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा की सीख

Reva India News

Leave a Comment