Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने नैनपुर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया किसानों और व्यापारियों से किया सीधा संवाद

मंडला, 3 मई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने रविवार को नैनपुर भ्रमण के दौरान कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों की फसल खरीद, रखरखाव और शेड की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मंडी सचिव से चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि नैनपुर मंडी में विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। वर्तमान में डी श्रेणी की यह मंडी है, जिसे सी श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए जरूरी मानकों को पूरा करने के प्रयास किए जाएं, ताकि किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कलेक्टर श्री धोटे ने मंडी परिसर में ही किसानों के साथ चौपाल लगाकर सीधा संवाद किया। किसानों ने चमकविहीन गेहूं के उपार्जन, स्लॉट बुकिंग में आ रही दिक्कत, उर्वरक वितरण की ई-टोकन व्यवस्था, फसल बीमा, सहकारी समितियों की कर्ज वसूली और पराली प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार ही सभी उपार्जन केंद्रों में गेहूं की खरीद की जा रही है। स्लॉट बुकिंग को लेकर उन्होंने कहा कि किसान परेशान न हों, जिनकी फसल का उपार्जन हो चुका है उन्हें शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। फसल बीमा को लेकर कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि आगामी समय में नैनपुर में विशेष कैंप लगाकर किसानों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इसके बाद कलेक्टर श्री धोटे ने नैनपुर के अनाज व्यापारियों से भी चर्चा की। मंडी परिसर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से बातचीत हुई। कलेक्टर ने कहा कि मंडी का उन्नयन होने से व्यापारी और किसान दोनों को लाभ होगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, तहसीलदार, डीएसओ, डीएम नान, डीएम वेयरहाउसिंग, जेएसओ, मंडी सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

खेतों पर काम रहे कृषकों तथा कृषि मजदूरों को किया जागरूक

Reva India News

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा आवेदन 30 नवम्बर तक

Reva India News

6 अक्टूबर को माहिष्मती घाट में शरदोत्सव का आयोजन

Reva India News

Leave a Comment