Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

क्षेत्र के लोगों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं – मंत्री श्रीमती उईके अंजनिया में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का लोकार्पण

मंडला, 3 मई 2026

अंजनिया में रविवार को नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते और बिछिया विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा ने विधिवत पूजन कर 30 बिस्तरों वाले इस केंद्र को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।

समारोह में मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अंजनिया और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि कभी यहां छोटा सा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुआ करता था, तब प्रसव के दौरान महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती थी। आज इतना अच्छा भवन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए उपलब्ध होने पर खुशी हो रही है। मंत्री उईके ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लोगों के स्वास्थ्य और बच्चों की शिक्षा को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। आज ही जिले में दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी लोकार्पण हुआ है। मंडला जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज बन रहा है, जो जनजातीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अंजनिया तिराहे पर ओवर ब्रिज, नगर परिषद और मटियारी डैम की नहरों की मरम्मत पर भी सार्थक पहल का आश्वासन दिया।

सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार अच्छा काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में एमबीबीएस की सीटें एक लाख तक पहुंच गई हैं, वहीं पीजी की सीटें 12 हजार 500 से बढ़कर 25 हजार हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले पूरे प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज थे, अब इनकी संख्या 25 हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के सरकार के प्रयास सफल हो रहे हैं। विधायक श्री पट्टा ने कहा कि यह केंद्र अंजनिया के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बशर्ते यहां चिकित्सकों की पदस्थापना हो। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सुव्यवस्थित संचालन की उम्मीद जताई।

इससे पहले अतिथियों ने नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया। मेल वार्ड, फीमेल वार्ड, रैंप, लेबर रूम, माइनर ओटी, ऑपरेशन थिएटर, लैब, एनआरसी और ओपीडी कक्षों का जायजा लिया।

कार्यक्रम में श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामप्यारी झारिया, जनपद सदस्य श्री परमानंद चौधरी, श्री महेंद्र पटेल, श्री पारुल पाण्डेय, सरपंच श्रीमती नीतू मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, एसडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, ईई पीआईयू श्री पारस सिंह समेत संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related posts

तेरह नवंबर को पीएम सूर्य मुफ्त बिजली योजना के लगेंगे शिविर

Reva India News

बुधवार एवं गुरूवार को आरोग्यम मण्डला जन स्वास्थ्य शिविर

Reva India News

*अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया संनगठन द्वारा*

Reva India News

Leave a Comment