Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने निभाया वादा, इंदल टोला पहुंचकर चौपाल में सुनीं समस्याएं राशन गांव में ही मिलेगा, सड़क की मिली स्वीकृति

मंडला, 6 मई 2026

जनसुनवाई में दिया वादा निभाते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे बुधवार को नारायणगंज जनपद के दूरस्थ ग्राम किकरिया के इंदल टोला पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मंदिर परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा की और गांव की मूलभूत समस्याएं जानीं।

विदित हो कि पिछली जनसुनवाई में किकरिया के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे थे। तब कलेक्टर ने उन्हें स्वयं गांव आकर समस्याएं सुनने का भरोसा दिलाया था। उसी वादे को पूरा करते हुए श्री धोटे पूरे अमले के साथ इंदल टोला पहुंचे।

ग्रामीणों ने गिनाईं 3 बड़ी समस्या, तत्काल निराकरण के निर्देश

 

चौपाल में कलेक्टर श्री धोटे ने ग्रामीणों की सहभागिता से गांव की तीन प्रमुख समस्याएं चिन्हित कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता पर्ची, मछुआ कार्ड, फौती नामांतरण जैसी हितग्राहीमूलक समस्याओं का पात्रता अनुसार शीघ्र निराकरण किया जाए।

ग्रामीणों ने सबसे बड़ी समस्या कूम्हा की राशन दुकान से राशन लाने में होने वाली दिक्कत बताई। इस पर कलेक्टर श्री धोटे ने भरोसा दिलाया कि अगले माह से गांव में ही वाहन के माध्यम से राशन पहुँचाया जाएगा। विद्युत समस्या पर उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी से चर्चा कर समाधान कराने की बात कही।

विधायक ने दी सड़क की सौगात

 

चौपाल में मौजूद निवास विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर कूम्हा तिराहे से इंदल टोला तक प्रधानमंत्री सड़क के लिए प्रस्ताव संबंधित योजना अंतर्गत बनाकर प्रेषित किया गया था। जिसकी स्वीकृति हो चुकी है। जल्द ही सड़क निर्माण शुरू होगा, जिससे गांव का संपर्क बेहतर होगा।

मत्स्य पालन और आजीविका पर जोर

 

चर्चा के दौरान समूह जल प्रदाय योजना की टंकी निर्माण, मत्स्य व्यवसाय करने वाले परिवारों की स्थिति, आबादी पट्टे और जर्जर स्कूल भवन का मुद्दा भी सामने आया। कलेक्टर श्री धोटे ने ग्रामीण महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में मत्स्य पालन जैसे आजीविका के साधनों की काफी संभावना है। विभागीय योजनाओं से जोड़कर इसे बढ़ावा दिया जाएगा।

इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, तहसीलदार नारायणगंज, सीईओ जनपद पंचायत नारायणगंज, सरपंच, पटवारी, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित मैदानी अमला मौजूद रहा। कलेक्टर श्री धोटे के गाँव पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रशासन का आभार जताया।

Related posts

ग्राम मोहगांव में आयोजित हुआ वाटरशेड यात्रा अभियान का कार्यक्रम

Reva India News

स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है- कलेक्टर जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम के लिए जागरूकता सत्र संपन्न

Reva India News

Leave a Comment