Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

खरीफ सीजन के लिए जिले में खाद वितरण शुरू, ई-टोकन प्रणाली लागू

मंडला, 4 मई 2026

जिले में खरीफ सीजन की तैयारियों के तहत किसानों को खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन द्वारा खाद वितरण को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए ई-टोकन प्रणाली लागू की गई है, जिसके माध्यम से ही किसानों को खाद उपलब्ध कराया जा रहा है।

जारी जानकारी के अनुसार, प्रथम चरण में यूरिया की 50 प्रतिशत मात्रा के साथ अन्य उर्वरकों की शत-प्रतिशत मात्रा किसानों को दी जा रही है। विभिन्न संयोजनों (कॉम्बिनेशन) में खाद की बुकिंग की जा रही है, जिससे किसान अपनी फसल के अनुसार खाद प्राप्त कर सकें।

जिला प्रशासन ने खाद के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। समिति स्तर पर किसानों से अपील की गई है कि वे प्रथम चरण में निर्धारित मात्रा का शीघ्र उठाव करें, ताकि दूसरे चरण के लिए यूरिया का भंडारण एवं वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा सके।

ई-टोकन व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं समितियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही, किसानों की समस्याओं के समाधान एवं ई-टोकन बुकिंग में सहायता हेतु विशेष टीम का गठन किया गया है।

उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर खाद का उठाव करें और नई व्यवस्था का लाभ उठाएं। जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, जिसमें 11590 यूरिया, 1622 डीएपी, 266 एमओपी, 3678 एनपीके एवं 3226 एसएसपी शामिल हैं।

 

उपलब्ध खाद के प्रमुख कॉम्बिनेशन

 

यूरिया 2 बोरी के साथ डीएपी 3 बोरी, यूरिया 3 बोरी के साथ एसएसपी 7 बोरी के साथ एमओपी 1 बोरी तथा यूरिया 2 बोरी के साथ एनपीके (20:20:013) 5 बोरी के साथ एमओपी 1 बोरी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यूरिया की 50 प्रतिशत मात्रा के साथ अन्य खाद की पूरी मात्रा दी जा रही है, हालांकि यह मात्रा फसल एवं आवश्यकता के अनुसार कम या अधिक हो सकती है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर संबंधित समिति या अधिकारियों से संपर्क करें।

Related posts

युवा-संगम मेले का आयोजन 24 सितंबर को

Reva India News

अस्पृश्यता निवारण के लिए सद्भावना शिविर आयोजित मंत्री संपतिया उइके की उपस्थिति में सामाजिक समरसता एवं समानता का दिया संदेश

Reva India News

प्राथमिक शालाओं के लिए गोंडी एवं बैगा भाषा की किताबें प्रदान की

Reva India News

Leave a Comment