Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, तंबाकू नियंत्रण कानूनों की दी जानकारी

मंडला, 30 मई 2026

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलेभर में जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती डी.जे. मोहंती के मार्गदर्शन में 25 मई से 31 मई तक “नो टोबैको सप्ताह” के तहत स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं भारतीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष लगभग 13 से 14 लाख लोगों की मृत्यु तंबाकू उत्पादों के सेवन से होती है। उन्होंने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है तथा उल्लंघन करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

 

तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन, प्रायोजन एवं प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध है। 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना अथवा उनके द्वारा खरीदना कानूनन अपराध है। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों का विक्रय प्रतिबंधित है। तंबाकू उत्पादों पर चित्रमय स्वास्थ्य चेतावनी प्रदर्शित करना भी अनिवार्य है।

डॉ. मरावी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में हुक्का बारों का संचालन प्रतिबंधित है तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर भी पूर्ण प्रतिबंध लागू है। जिला चिकित्सालय में संचालित तंबाकू निषेध परामर्श केंद्र (टीसीसी) में तंबाकू सेवन छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) उपलब्ध कराई जाती है तथा विशेषज्ञों द्वारा परामर्श एवं काउंसलिंग भी की जाती है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तंबाकू नियंत्रण कानून की धाराओं का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

Related posts

रामनगर में हुआ सातवे आदि उत्सव का शुभारंभ सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह के साथ किया जायेगा समापन

Reva India News

बच्चों की मौत पर आम आदमी पार्टी का आक्रोश .राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Reva India News

मण्डला (शहरी) ब्लॉक स्तर में जागरूकता शिविर का आयोजन निरस्त

Reva India News

Leave a Comment