Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आजीविका मिशन की मदद से साकार हुआ सपना, डॉ. सुमन सैयाम बनीं मेडिकल ऑफिसर

मंडला, 8 जून 2026

ग्राम पंचायत अंजनिया, विकासखंड बिछिया अंतर्गत पहल महिला आजीविका संकुल स्तरीय परिसंघ के तहत पंजीकृत वैष्णवी महिला आजीविका ग्राम संगठन से संचालित रानी दुर्गावती आजीविका स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती निर्मला सैयाम आज एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी हैं।

साधारण एवं सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करने वाली निर्मला सैयाम की दो बेटियाँ हैं। बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि छोटी बेटी सुमन सैयाम बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थीं और जीवन में कुछ बड़ा करने का सपना देखती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी, लेकिन निर्मला सैयाम ने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी बेटी के सपनों को साकार करने के लिए स्व-सहायता समूह का सहारा लिया।

सुमन ने मेहनत और लगन के बल पर 12वीं की परीक्षा उत्कृष्ट अंकों से उत्तीर्ण की तथा नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उनकी उच्च शिक्षा के लिए निर्मला सैयाम ने समय-समय पर स्व-सहायता समूह से ऋण लिया। समूह के माध्यम से कुल 4 लाख 91 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त कर उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया।

सुमन ने निरंतर परिश्रम करते हुए दंत चिकित्सक (डेंटिस्ट) के रूप में अपनी पहचान बनाई। लेकिन उनका लक्ष्य इससे भी आगे था। उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण को जारी रखा और अंततः मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर मेडिकल ऑफिसर के पद पर चयनित हुईं।

डॉ. सुमन सैयाम की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। वे और उनकी माता निर्मला सैयाम आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं से समूहों से जुड़ने तथा आवश्यकता पड़ने पर वित्तीय सहायता लेकर अपने बच्चों एवं परिवार के भविष्य को संवारने का संदेश देती हैं।

आजीविका मिशन मंडला के जिला परियोजना प्रबंधक श्री बी.डी. भैसारे, सहायक विकासखंड प्रबंधक (नोडल) श्रीमती सलमा बेगम एवं समस्त मिशन परिवार ने डॉ. सुमन सैयाम और उनकी माता निर्मला सैयाम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि यदि संकल्प, परिश्रम और सही समय पर वित्तीय सहयोग मिल जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।

Related posts

सेवा पखवाड़ा के तहत निःशक्त महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण

Reva India News

शिवांश को मिला नया जीवन प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की कड़ी मेहनत रंग लाई

Reva India News

बाल कल्याण समिति द्वारा बालगृह का किया गया निरीक्षण बच्चों के दस्तावेज के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली  

Reva India News

Leave a Comment