Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 15 जुलाई 2026

नशे का जाल घातक, हर व्यक्ति 10 लोगों को जागरूक करे – डीएम

युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी – एसपी

नशे से दूरी है जरूरी, अभियान 2.0 का शुभारंभ

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि नशा एक घातक जाल है, जिससे स्वयं को और समाज को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा इसकी शुरुआत अपने घर और परिवार से करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए रोको-टोको अभियान को निरंतर जारी रखना होगा, ताकि नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशे से जुड़े मामलों की सूचना पुलिस को दें और युवा पीढ़ी को इस बुराई से दूर रखने में सक्रिय सहयोग करें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के पश्चात पुलिस लाइन से बैगा-बैगी चौराहा तक छात्र-छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों एवं नशामुक्त जीवन के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी श्री पीयुष मिश्रा, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री विनोद मरावी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री पीयुष पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

 

 

 

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला में स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपेट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन अधीक्षक श्री अरूण कुशवाहा तथा श्री सी.के. तिवारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया एक बगिया माँ के नाम वाटिका का निरीक्षण

फलदार पौधों की देखभाल और अतिरिक्त आय पर दिया जोर

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

बिछिया क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को ग्राम औरई में एक बगिया माँ के नाम योजना के अंतर्गत लगाई गई फलदार पौधों की वाटिका का निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्री धोटे चेतना आजीविका स्व-सहायता समूह की सदस्य सुनीला बाई के खेत पहुंचे। यहां आधा एकड़ क्षेत्र में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मार्गदर्शन में आम और नींबू के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने समूह की दीदियों से पौधों की प्रजाति, लागत और देखभाल के संबंध में जानकारी ली। जिस पर श्रीमती सुनीला बाई ने बताया कि सभी पौधे स्वस्थ स्थिति में हैं।

इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से कहा कि वाटिका के पौधों की नियमित देखभाल करते रहें। खाली जगह का सदुपयोग करते हुए अंतरवर्तीय फसलें लगाएं, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके। उन्होंने भविष्य में उत्पादन बढ़ने पर बाजार का अध्ययन कर विपणन की योजना बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय सीईओ जनपद पंचायत बिछिया श्री भागचंद टिमरिया सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित शिक्षा से जोड़ें- डीएम

नियमित निरीक्षण न करने पर बीईओ पर कार्रवाई के निर्देश

अस्पताल व्यवस्थाओं में कमी पर बीएमओ को नोटिस

कलेक्टर ने किया बिछिया क्षेत्र का भ्रमण

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को विकासखंड बिछिया अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल मांझीपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुआ बिछिया का औचक निरीक्षण कर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बीईओ श्री आतमजीत सिंह अहलुवालिया को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण न करने एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर ध्यान न देने को लेकर निलंबित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शासकीय हाई स्कूल मांझीपुर के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। विद्यालय में सभी शिक्षक एवं 90 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से संस्कृत विषय एवं खेल गतिविधियों से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थी अंकित, सौरभ एवं प्रतिभा ने विषय संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए तथा अपनी खेलों में रुचि के बारे में जानकारी साझा की।

इस दौरान कलेक्टर ने विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर प्रभारी प्राचार्य श्री अशोक बाजपाई से प्रयोगशाला में उपलब्ध उपकरणों एवं उनके उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे ऑब्जेक्टिव टेस्ट की जानकारी लेकर उसकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित शिक्षा से जोड़ना चाहिए जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुआ बिछिया का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए आयुष्मान मित्र श्री भूपेंद्र धुर्वे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने दवा वितरण रजिस्टर का अवलोकन किया तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। पीएनसी वार्ड में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने एवं अस्पताल व्यवस्था में कमियों को लेकर बीएमओ डॉ. अनूप कुमार भाटिया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं स्टोर अव्यवस्थित मिलने पर स्टोर प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा अस्पताल परिसर में बेहतर स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्रीमती सोनाली देव, सीईओ जनपद पंचायत श्री भागचंद टिमरिया, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार आदि अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

मशरूम उत्पादन को मिलेगा नया विस्तार,

समूह और पायलट मशरूम फार्म कंपनी के बीच हुआ अनुबंध

बिछिया और मवई के 6500 किसानों को मिलेगा लाभ

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

महिलाओं की आय बढ़ाने और जिले में मशरूम उत्पादन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीएमटीसी बिछिया में स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं पायलट मशरूम फार्म कंपनी के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। इस अनुबंध के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाएं मशरूम का उत्पादन करेंगी तथा कंपनी उनकी उपज उचित मूल्य पर खरीदेगी। साथ ही कंपनी प्रशिक्षण, बीज एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि यह अनुबंध महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि स्व-सहायता समूह की दीदियाँ आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनें तथा मशरूम उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि महिलाएं सीसीएल के माध्यम से ऋण प्राप्त कर मशरूम उत्पादन शुरू कर सकेंगी तथा प्रत्येक किसान की उत्पादन क्षमता के अनुसार अनुबंध किया जाएगा।

एसडीएम बिछिया श्रीमती सोनाली देव ने बताया कि इस पहल के लिए बिछिया विकासखंड के 10 गांवों के लगभग 5,000 किसानों तथा मवई विकासखंड के 1,500 किसानों को चिन्हित किया गया है। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को आजीविका का नया अवसर मिलेगा।

पायलट मशरूम फार्म के प्रतिनिधि श्री अनंत इखर ने बताया कि उनकी संस्था किसानों एवं महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देगी, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगी तथा तैयार उपज को उचित मूल्य पर खरीदेगी। उन्होंने बताया कि यदि पहली बार उत्पादन में किसी कारणवश नुकसान होता है तो संस्था पुनः उतनी ही मात्रा में बीज उपलब्ध कराएगी, ताकि किसान बिना हिचक अनुभव प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी संस्था मशरूम से ग्रीन टी एवं विभिन्न संरक्षित खाद्य उत्पाद भी तैयार करती है।

प्रशिक्षक श्री मनोज धूमकेती ने मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी देते हुए कहा कि वे स्वयं पिछले चार वर्षों से मशरूम उत्पादन कर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं तथा अब अन्य किसानों और महिलाओं को भी इसका प्रशिक्षण देंगे।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। दीदी श्रीमती सोनिया मरावी ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने आर्थिक रूप से उल्लेखनीय प्रगति की है और आज वे तीन ट्रैक्टर तथा दो थ्रेसर की स्वामिनी हैं। उन्होंने बताया कि वे पहले भी मशरूम की खेती कर लाभ कमा चुकी हैं और अब अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित कर रही हैं।

श्रीमती सोमती धुर्वे ने बताया कि उन्होंने आठ बैग में मशरूम उत्पादन किया था, जिसमें लगभग 8 हजार रुपये की लागत पर 15 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन ग्रामीण महिलाओं के लिए आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम श्री बीडी भैंसारे, सीईओ जनपद पंचायत श्री भागचंद टिमरिया, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार आदि अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल 16 एवं 17 जुलाई 2026 को मंडला जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे जिले में विभिन्न प्रशासनिक बैठकों में शामिल होंगे, विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा सांदीपनि उत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यमंत्री श्री जायसवाल 16 जुलाई को अपराह्न 4 बजे अनूपपुर से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे। विभिन्न मार्गों से होते हुए वे शाम 7:30 बजे मंडला जिले के पौड़ी महाराजपुर स्थित रिजॉर्ट पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।

17 जुलाई को प्रातः 11:30 बजे जिला विकास सलाहकार समिति की परिचयात्मक बैठक में भाग लेंगे। इसी समय योजना भवन, कलेक्टर कार्यालय मंडला में कृषि, निर्माण कार्य, लोक स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें विकास कार्यों की प्रगति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

दोपहर 1:30 बजे प्रभारी मंत्री सर्किट हाउस मंडला पहुंचकर भोजन एवं अल्प विश्राम करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे फूलसागर में आयोजित सांदीपनि उत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा कार्यक्रम के पश्चात शाम 4 बजे मंडला से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

राजस्व न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के लिए अधिकारियों की पदस्थापना, कलेक्टर ने जारी किए आदेश

 

मंडला, 15 जुलाई 2026

जिले में राजस्व न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के प्रभावी, पारदर्शी एवं त्वरित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे ने नवीन आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न तहसीलों में तहसीलदार, प्रभारी नायब तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख अधिकारियों के कार्यों का पुनर्विभाजन करते हुए उन्हें राजस्व न्यायालयीन तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट संबंधी दायित्व सौंपे गए हैं।

आदेश में बताया गया है कि मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग द्वारा राजस्व न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के पृथक-पृथक संचालन के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में मंडला जिले के राजस्व अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुरूप विभिन्न तहसीलों में पदस्थ किया गया है, जिससे राजस्व प्रकरणों का शीघ्र एवं व्यवस्थित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

 

विभिन्न तहसीलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियाँ तय

 

आदेश के अनुसार मंडला, नैनपुर, नारायणगंज, निवास, घुघरी एवं बिछिया तहसीलों में राजस्व न्यायालयीन कार्यों के लिए अलग अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। वहीं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के अंतर्गत कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के लिए भी पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंडला तहसील में तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार बम्हनी श्री अजय श्रीवास्तव एवं अतिरिक्त तहसीलदार श्री हीरालाल तिवारी को राजस्व न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों के लिए नायब तहसीलदार श्री राकेश कटारिया को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार नैनपुर में तहसीलदार श्री संगम पटले, नायब तहसीलदार चिरईडोंगरी श्री संदीप कुमार नागोसे, जबकि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों के लिए प्रभारी नायब तहसीलदार श्री रामप्रकाश वरकड़े को नियुक्त किया गया है। नारायणगंज में तहसीलदार श्री हरिसिंह धुर्वे, नायब तहसीलदार श्री आलोक सोनी को राजस्व न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों के लिए नायब तहसीलदार श्री दिनेश वरकड़े को नियुक्त किया गया है। निवास क्षेत्र में प्र. तह. सुश्री सुष्मिता उइके, नायब तह. श्री कैलाश कोल तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों के लिए नायब तह. श्री दिनेश वरकड़े को नियुक्त किया गया है। घुघरी में तह. श्री पुष्पेन्द्र पन्द्रे एवं नायब तह. श्री चन्द्रकुमार वट्टे को राजस्व न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों के लिए नायब तह. श्री बलिराम साहू तथा बिछिया क्षेत्र में तह. श्री शंकरलाल मरावी एवं नायब तह. मवई श्री रामसिंह उलाड़ी तथा नायब तह. अंजनिया श्री धर्मेन्द्र साहू को राजस्व न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रभारी नायब तहसीलदार श्री रामकुमार यादव को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट संबंधी दायित्व सौंपे गए हैं।

 

भू-अभिलेख अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियाँ

 

आदेश के तहत भू-संरक्षण एवं भू-अभिलेख प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के कार्यों का भी पुनर्विन्यास किया गया है। तहसीलदार श्री हीरालाल तिवारी, श्री सिपत सिंह मर्सकोले तथा श्री धनेश्वर श्रीवास को कार्यालय भू-अभिलेख एवं प्रबंधन, जिला मंडला में आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है।

 

अनुविभागीय अधिकारियों को दिए गए निर्देश

 

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों का विभाजन सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त अधिकारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के अनुरूप कानून-व्यवस्था, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं अन्य गैर न्यायालयीन दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त अधिकारी केवल राजस्व संबंधी न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों का ही संपादन करेंगे। उन्हें जिला कलेक्टर की लिखित अनुमति के बिना अन्य कार्य नहीं सौंपे जाएंगे।

 

प्रशासनिक व्यवस्था होगी और अधिक प्रभावी

 

जिला प्रशासन का मानना है कि राजस्व न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के पृथक संचालन से प्रकरणों के निराकरण में गति आएगी, आम नागरिकों को बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी प्रशासनिक कार्यवाही अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संपादित हो सकेगी।

Related posts

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित की बैठक सम्पन्न

Reva India News

जिले में आज 1 कोरोना मरीज स्वस्थ हुआ

Reva India News

जिले में अब तक 362.3 मिमी वर्षा दर्ज

Reva India News

Leave a Comment