जनसुनवाई में आए 95 आवेदन, कलेक्टर श्री धोटे ने निराकरण के दिए निर्देश
मंडला, 7 जुलाई 2026
राज्य शासन के निर्देशानुसार जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला योजना भवन में किया गया। इस जनसुनवाई में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने दूर-दराज से आए नागरिकों की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ सुना और कुल 95 आवेदनों पर संज्ञान लिया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे प्राप्त सभी आवेदनों को पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आवेदक को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेद्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम ने भी आवेदकों की समस्या सुनी। जनसुनवाई में समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री धोटे ने किया नगर का औचक निरीक्षण, नर्मदा तट पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने के दिए निर्देश
मंडला, 7 जुलाई 2026
जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने मंगलवार को नगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने माहिष्मती घाट, चिलमन चौक, बुधवारी, उदय चौक और हॉस्पिटल रोड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों से कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी छोटे-बड़े नालों और नालियों की तत्काल एवं नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी बाधित न हो।
कलेक्टर श्री धोटे ने नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों तथा जलभराव की आशंका वाले निचले इलाकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नर्मदा नदी के जलस्तर की चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए तथा आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा दल पूरी तरह अलर्ट रहें। उन्होंने कहा कि निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संभावित खतरे के प्रति लगातार जागरूक किया जाए। यदि नदी का जलस्तर बढ़ता है तो प्रभावित परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूरी कार्ययोजना तैयार रखी जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, नगर पालिका सीएमओ श्री गजानंद नफड़े, नायब तहसीलदार श्री अजय श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एमएसएमई उद्यमियों के लिए 8-9 जुलाई को मंडला में दो दिवसीय कम्पोजिट वर्कशॉप
मंडला, 7 जुलाई 2026
जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने तथा उद्यमियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना के अंतर्गत 8 एवं 9 जुलाई को मंडला में दो दिवसीय कम्पोजिट वर्कशॉप आयोजित की जाएगी।
यह कार्यशाला नगरीय क्षेत्र से लगे ग्राम बिंझिया में जबलपुर रोड पर स्थित एक निजी रेस्टोरेंट (परम आनंद फेमिली रेस्टोरेंट) में प्रतिदिन 11 से अपरान्ह 3 बजे तक आयोजित की गई है। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), इच्छुक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों को उद्योग विकास से संबंधित योजनाओं, प्रमाणन प्रक्रियाओं तथा डिजिटल व्यापार के अवसरों की जानकारी प्रदान करना है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को उद्यम पंजीकरण, जेडईडी पंजीकरण एवं प्रमाणन, ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग, वित्तीय क्लीनिक, बीआईएस प्रमाणन, ईएसजी एवं आरईसीपी, एसएचजी फॉर्मलाइजेशन सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही वॉक-इन एवं कियोस्क सुविधा के माध्यम से उद्यम पंजीकरण, जेडईडी पंजीकरण तथा ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग जैसी सेवाओं का लाभ भी मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यशाला में मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति-2025, स्टार्टअप नीति-2025, भूमि आवंटन नियम-2025, आरएएमपी एवं एमएसई स्पाईस योजना सहित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। विशेषज्ञ गुणवत्ता सुधार, बाजार विस्तार, डिजिटल कॉमर्स, वित्तीय सहायता तथा व्यवसाय की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर भी मार्गदर्शन देंगे।
मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड ने जिले के सभी एमएसएमई उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्योग संघों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यशाला में सहभागिता कर सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर क्विज व भाषण प्रतियोगिता आयोजित, छात्रों ने दिखाया उत्साह
मंडला, 7 जुलाई 2026
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल मेरा युवा भारत के अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिक्षक विपिन लखेरा ने मंच संचालन करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि डॉ. मुखर्जी एक महान शिक्षाविद, प्रखर विचारक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे।
प्राचार्य कल्पना नामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
शिक्षक आर.के. हरदहा ने भी डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से उनके विचारों को आत्मसात करने की अपील की। कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी प्रवीण अग्रवाल, मेरा युवा भारत कार्यक्रम अधिकारी रघुनंदन झारिया, सहायक कर्मचारी अनुराग राय, युवा भारत के स्वयंसेवक शिवम ठाकुर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
आश्रम एवं छात्रावासों के निरीक्षण में दिए गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्देश
मंडला, 7 जुलाई 2026
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. अरूण शुक्ला ने विकासखंड बीजाडांडी के भ्रमण के दौरान आदिवासी कन्या आश्रम डोंगरी, माता शबरी आवासीय विद्यालय कन्या शिक्षा परिसर तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बीजाडांडी का निरीक्षण किया। कन्या आश्रम में छात्राओं की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रतिदिन शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निरीक्षण में आश्रम एवं छात्रावासों में स्वच्छता, शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा परिसर की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही प्रत्येक माह विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा शासन द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश।
सहायक आयुक्त ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को क्षेत्र के सभी विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों का नियमित निरीक्षण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान करने के लिए भी कहा गया। इस दौरान बीईओ, बीआरसी सहित संबंधित मौजूद रहे।
7 जुलाई को जिले में 48.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज, मंडला तहसील में सर्वाधिक 105.2 मिमी बारिश
मंडला, 7 जुलाई 2026
जिले में मंगलवार 7 जुलाई को औसतन 48.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 7 जुलाई 2026 तक जिले में 243.9 मिमी संचयी (प्रोग्रेसिव) वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 700.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
तहसीलवार वर्षा के अनुसार मंडला तहसील में सर्वाधिक 105.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिछिया में 53.6 मिमी, घुघरी में 49.6 मिमी, नैनपुर में 47.4 मिमी, निवास में 17.8 मिमी तथा नारायणगंज में 15.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
संचयी वर्षा के आंकड़ों के अनुसार मंडला तहसील में 343.0 मिमी, घुघरी में 301.9 मिमी, नैनपुर में 296.8 मिमी, बिछिया में 239.6 मिमी, निवास में 161 मिमी तथा नारायणगंज में 86.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
जिले की औसत वार्षिक वर्षा 1326.2 मिमी निर्धारित है, जबकि जिला मुख्यालय मंडला तहसील की औसत वार्षिक वर्षा 1442 मिमी है। राजस्व विभाग द्वारा जारी वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार जिले में मानसूनी गतिविधियां जारी हैं तथा संबंधित विभाग लगातार वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारी से बचें
मंडला, 7 जुलाई 2026
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने जन समुदाय को एडवाजरी जारी की है कि बरसात के समय में जल जनित बीमारी होने की सम्भावना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, उल्टी-दस्त, आव, पेचिस, पेटदर्द, डायरिया पीलिया, टायफाइड, बुखार, मलेरिया बीमारियां होती है। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें। बीमार न रहे इसके उपाय करे एवं स्वस्थ रहें।
बीमारी से कैसे बचें
उल्टी, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें, शुद्ध पानी पियें (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर, हैण्ड पम्प का पानी पियें एवं छान कर) कुएं, नदी, नाला, पोखर, झील का पानी न पियें, पानी क्लोरीनेशन कर के पानी पियें। सड़ी गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न कर, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाद्य पदार्थ को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों के छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह धोयें और स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार
डॉक्टर के परामर्श से उल्टी-दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन, डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओआरएस का घोल, खीरा, दही, शिकंजी, चावल का पानी (माड) तथा तरह पदार्थ अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव
दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाईयां प्राप्त करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जनसमुदाय को एडवाइजरी जारी की है कि बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनिया, फायलेरिया (हाथी पांव) जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली गड्ढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लार्वा से अंडे पनपते हैं।
मलेरिया
मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है। जिसमें तेज बुखार, सिरदर्द, हाथ-पैरों में ऐठन व उल्टी होती है।
डेंगू
डेंगू का लार्वा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लार्वा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है।
चिकिनगुनिया
इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है, जिसके कारण असहनीय दर्द होता है। शरीर में चकत्ते के साथ तेज बुखार होता है।
मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनिया, फायलेरिया से कैसे बचें
घर के आसपास की सफाई रखें। पानी इक्कट्ठा न होने देवें, गड्ढों को भरें, टायर, कबाड़ समान ढंक्कर रखें, इनमें पानी इक्कट्ठा न होने दें। कूलर व टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें। नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की, दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी अस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छर से बचाव के साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। बुखार आने पर तत्काल जांच करायें।
सुझाव
बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच करायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जा कर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।
शुद्ध पेयजल की कमी एक आम समस्या है, बारिश में यह समस्या बढ़ जाती है। पानी और अस्वच्छ आदतों से फैलने वाली बीमारियों को मोटे तौर पर दस्त, कृमि संक्रमण, त्वचा एवं आंखों के रोग, मच्छरों एवं मक्खियों से फैलने वाले रोग सम्मिलित हैं।
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, 28 आवेदन प्राप्त
मंडला, 7 जुलाई 2026
विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम पंचायत टिकरिया में मंगलवार को जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। बुधवार को खण्ड स्तरीय शिविर का अयोजन ग्राम देवरी में किया जायेगा। मंगलवार को आयोजित शिविर में विकासखंड स्तर से सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की तथा उपस्थित ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया। शिविर में विभिन्न विभागों को कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से राजस्व विभाग को 7, स्वास्थ्य विभाग को 1, विद्युत विभाग को 2, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 1, जनपद पंचायत को 15, शिक्षा विभाग को 1 तथा वन विभाग को 1 आवेदन प्राप्त हुआ।
शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वाशंती दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उनकी समस्याएं एवं आवेदन प्राप्त किए।
