Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 1 जुलाई 2026

श्रीअन्न उत्पादक किसानों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को बोनस, संबल हितग्राहियों को मिली अनुग्रह सहायता

मंडला में जिला स्तरीय धान महोत्सव आयोजित

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3,941 किसानों को 2 करोड़ 82 लाख रुपये की बोनस राशि का वितरण किया। इसमें मंडला जिले के 424 किसानों को 17 लाख 96 हजार 570 रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई। उल्लेखनीय है कि योजना के तहत कोदो का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,500 रुपये तथा कुटकी का 3,500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जिस पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस प्रदान किया गया।

प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय धान महोत्सव एवं रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कोदो-कुटकी बोनस वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को कृषि उपज मंडी, मंडला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और जनजातीय भाई-बहनों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती और श्रीअन्न उत्पादन करने वाले किसानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए सरकार बिना किसी परेशानी के बोनस उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी मंडला जिले का वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट भी है, जिसके माध्यम से जिले की पहचान और किसानों की आय दोनों को नई मजबूती मिलेगी।

 

मंत्री श्रीमती उइके द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन

 

कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पशुपालन विभाग, माटी से रेशम विषय पर आधारित प्रदर्शनी, वनोपज विभाग के शहद, आँवला, हल्दी सहित अन्य उत्पाद, उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी तथा कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग के स्टॉल पर उन्हें हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर सहित आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। उद्यानिकी गतिविधियों का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

 

विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरण

 

कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से तिल बीज मिनी किट, मुनगा पौधे, चरीचरा मिनी किट, कोदो-कुटकी बोनस के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। इस दौरान कृषि सखियों द्वारा मंत्री श्रीमती संपतिया उइके को बीजामृत एवं चिया सीड्स भेंट किए गए।

 

संबल हितग्राहियों को मिली अनुग्रह सहायता

 

इसके साथ ही कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत भी अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। मंडला जिले के 386 श्रमिक परिवारों को 8 करोड़ 36 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्राप्त हुई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से संबल योजना की सहायता राशि भी प्रदान की गई।

 

इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, सभापति कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत श्री भूपेन्द्र वरकड़े, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में हुआ पौधरोपण

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अशोक के पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आनंद कुमार, मुख्य प्रबंधक श्री आशीष मित्तल एवं मुख्य प्रबंधक श्री विवेक सिंह अलपूरिया, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपनी मां के नाम पर लगाया गया एक पौधा न केवल पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जीवनदायी साबित होगा।

प्राचार्य श्रीमती नामदेव ने उपस्थित सभी लोगों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में इको क्लब के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

औद्योगिक क्षेत्र उदयपुर की दो औद्योगिक इकाइयों का भू-आवंटन निरस्त

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंडला द्वारा औद्योगिक क्षेत्र उदयपुर में आवंटित दो औद्योगिक इकाइयों का भू-आवंटन निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई लीज डीड की शर्तों के उल्लंघन के कारण की गई।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अनुसार, मैसर्स ऑन सपोर्ट्स पार्ट्स प्रोप्राइटर श्रीमती सादिया बी., निवासी जबलपुर तथा मैसर्स ओम साईं उद्योग प्रोप्राइटर श्री सौरभ शर्मा, निवासी जबलपुर को आवंटित भूखंडों की लीज शर्तों का पालन नहीं किया गया। इसके चलते विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों इकाइयों का भूआवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इस संबंध में आदेश क्रमांक 961 एवं 963, दिनांक 29 जून 2026 को जारी किए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

भोपाल में मंडला के कोदो-कुटकी उत्पादों की प्रदर्शनी

अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में जिले का प्रतिनिधित्व

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश एमएसएमई सम्मेलन में मंडला जिले की कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई मैसर्स मध्यम बेकर्स, बिछिया ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।

सम्मेलन में इकाई द्वारा कोदो-कुटकी से निर्मित उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे आगंतुकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने सराहा। इस सहभागिता से मंडला जिले के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने के साथ-साथ विपणन और नए व्यावसायिक अवसरों की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के अनुसार यह सहभागिता स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा जिले के आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

समाचार क्रमांक/788/जुलाई 4/सुश्री अवंतिका श्रीवास्तव/

 

समाचार

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में रिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। देवगांव, लावर, अम्बेडकर वार्ड केन्द्र क्रमांक-2 एवं देवदरा के चूनाभट्टा में 1-1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा पौंड़ी महाराजपुर-1 एवं जंतीपुर-2 में सहायिका के पद रिक्त हैं।

जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी 1 जुलाई से 13 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, रिक्त पदों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक शर्तें विभागीय वेबसाइट एवं एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन भरने से पूर्व जारी दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है।

 

 

 

 

 

मोहगाँव क्षेत्र के आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

महिला एवं बाल विकास परियोजना मोहगांव द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं के कुल 3 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 2 पद तथा आंगनवाड़ी सहायिका का 1 पद शामिल है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद ग्राम मोहगांव माल के काछीटोला आंगनवाड़ी तथा इन्द्रा माल आंगनवाड़ी में रिक्त हैं, जबकि आंगनवाड़ी सहायिका का एक पद बसनिया केंद्र में रिक्त है।

आवेदिका संबंधित ग्राम अथवा शहरी क्षेत्र के उसी वार्ड की निवासी होना अनिवार्य है, जहां रिक्त पद स्थित है। आवेदकों को बीपीएल, निवास एवं शैक्षणिक योग्यता सहित आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट एवं पठनीय प्रतियाँ ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकेंडरी (12वीं उत्तीर्ण) निर्धारित की गई है। साथ ही 1 जनवरी 2026 की स्थिति में आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।

विभाग ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल पर किए जा सकेंगे। आवेदन भरने के लिए निर्धारित सेवा शुल्क 100 रुपये तथा 18 प्रतिशत जीएसटी देय होगा। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए एमपी ऑनलाइन हेल्पलाइन 0755-6720208 उपलब्ध कराई गई है।

 

 

 

 

 

 

वित्तीय साक्षरता शिविर में महिलाओं को दी बैंकिंग योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

वित्तीय साक्षरता केंद्र (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) मंडला द्वारा विकासखंड बिछिया में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता केंद्र के अधिकारी कृष्णकांत अवस्थी ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

शिविर में विकासखंड बिछिया की आजीविका मिशन प्रबंधक शाहिन परवीन, आरसेटी के फैकल्टी राजीव शर्मा एवं आशीष अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्री अवस्थी ने महिलाओं को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के दौरान होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी। शिविर में उपस्थित महिलाओं ने योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को उपयोगी बताते हुए बैंक अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

 

 

 

 

 

 

 

एक लाख से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा

 

मंडला, 1 जुलाई 2026

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत मंडला जिले में 28 से 30 जून तक चले तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष तक के 1,10,752 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस प्रकार जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100.1 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट भट्टों तथा घुमक्कड़ बस्तियों सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। जिले को राज्य स्तर से 1,10,615 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 1,10,752 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि दर्ज की गई।

Related posts

जिला व्यय अनुवीक्षण समिति गठित

Reva India News

अवैध उत्खनन एवं अवैध शराब पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित हो – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने टॉस्क फोर्स की संयुक्त बैठक ली

Reva India News

*पाले से बचाव के लिए कृषकों को सलाह*

Reva India News

Leave a Comment