जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन, जल संरक्षण का लिया संकल्प
रानी दुर्गावती महाविद्यालय में वृहद जल संगोष्ठी, रेवा सेवा समागम के तहत नर्मदा अनुभूति कार्यक्रम आयोजित
मंडला, 30 जून 2026
प्रदेशव्यापी ’’जल गंगा संवर्धन अभियान’’ के समापन अवसर पर विकासखंड मंडला की ग्राम पंचायत खैरी स्थित ’’रानी दुर्गावती महाविद्यालय’’ में वृहद जल संगोष्ठी एवं ’’रेवा सेवा समागम’’ के अंतर्गत ’’नर्मदा अनुभूति कार्यक्रम’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को जल बचाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर एवं जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद मंडला द्वारा किया गया। अभियान के दौरान जल स्त्रोतों की सफाई, जल स्त्रोत पूजन, कलश यात्रा, जल चौपाल, नदी तटों पर श्रमदान, जल संवाद, कुओं-तालाबों की सफाई, बावड़ी उत्सव सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम रहे। विशिष्ट अतिथि श्री संतोष दुबे एवं श्रीमती प्रिया धुर्वे ने जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मुख्य अतिथि श्री कुशराम ने अपने संबोधन में कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसका विवेकपूर्ण उपयोग प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को अपनाने तथा जल की बर्बादी रोकने का आह्वान किया।
विकासखंड समन्वयक श्री संतोष झारिया ने जल संरक्षण के व्यावहारिक उपाय बताते हुए उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं संतोष दुबे ने जल है तो कल है विषय पर अपने विचार रखते हुए जल संकट की गंभीरता से अवगत कराया और इसे जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शासकीय हाई स्कूल ग्वारी में जागरूकता सत्र आयोजित
मंडला, 30 जून 2026
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में मंगलवार को शासकीय हाई स्कूल ग्वारी में ’’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना’’ के अंतर्गत जागरूकता एवं प्रतियोगी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 के संबंध में भी विस्तार से बताया।
जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निपटान, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्थानीय फल-सब्जियों के सेवन, खेल, योग एवं नियमित व्यायाम के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही बच्चों के अधिकार, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.पी. सिंगौर, शिक्षिकाएं श्रीमती दर्शना साराफ, श्रीमती सविता श्रीवास, श्रीमती इंदिरा कोकड़िया, श्रीमती प्रगति मिश्रा, श्रीमती संध्या श्याम ठाकुर, शिक्षक श्री सुनील कुमार यादव, श्री एन.एस. मरकाम, वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर श्रीमती प्रभा पांडेय, श्रीमती साक्षी पटवा तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता हरिशंकर कछवाहा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
