Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 30 जून 2026

जल प्रकृति का आशीर्वाद, इसका संरक्षण हम सबका दायित्व- मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

अभियान का वर्षा के बीच समापन प्रकृति का शुभ संकेत-  मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

वर्षा के आशीष के बीच हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन

 

मंडला, 30 जून 2026

प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन ऐसे समय हो रहा है, जब प्रकृति ने स्वयं वर्षा जल के रूप में हम सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। यह संदेश देता है कि यदि हम जल का सम्मान और संरक्षण करेंगे, तो प्रकृति भी हम पर अपनी कृपा बनाए रखेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे प्रत्येक नागरिक अपने जीवन का हिस्सा बनाए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जल संरक्षण संबंधी संदेश का वाचन करते हुए उपस्थित नागरिकों से वर्षा जल के संरक्षण, जल स्त्रोतों के संवर्धन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लेने का आग्रह किया।

जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम मंगलवार को मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के सर्रा-पिपरिया स्थित तालाब में वर्षा के बीच उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हो रही वर्षा को उपस्थित जनसमुदाय ने शुभ संकेत के रूप में देखा। बारिश के बीच मंत्री श्रीमती उइके ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर अभियान के समापन को जनभागीदारी और प्रकृति के आशीर्वाद का प्रतीक बताया। इस दौरान उनके द्वारा तालाब पर विधिवत् पूजन कर जल संचय का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जल स्त्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्राकृतिक जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उइके ने अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष सिंह ठाकुर, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री विनोद मरावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

प्रभारी कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं 117 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 

मंडला, 30 जून 2026

जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई के क्रम में आज प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए 117 आवेदकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना। प्रभारी कलेक्टर ने आवेदकों की शिकायतों और मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम ने भी आवेदनों की समस्या सुनी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

नैनपुर परियोजना में आँगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती, 1 जुलाई से आवेदन

 

मंडला, 30 जून 2026

महिला एवं बाल विकास परियोजना नैनपुर द्वारा आँगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पूर्णतः अस्थायी एवं मानदेय आधारित रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक महिला अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

नैनपुर परियोजना अंतर्गत 1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 3 आँगनवाड़ी सहायिकाओं के कुल 4 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से प्रारंभ होगी तथा 13 जुलाई तक आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है।

भर्ती से संबंधित पात्रता, नियम, शर्तें एवं अन्य विस्तृत जानकारी एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

सुरक्षा जवान एवं ड्रोन पायलट भर्ती शिविर में 9 युवाओं का चयन

 

मंडला, 30 जून 2026

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) मंडला में 11 जून को जीडीएसएस ग्रुप, ग्रेटर नोएडा एवं भारत सरकार के पसारा एक्ट-2005 के तहत सुरक्षा जवान, ड्रोन पायलट, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर पदों के लिए भर्ती शिविर आयोजित किया गया। इस भर्ती शिविर में जिले के 9 युवाओं का चयन किया गया।

चयनित अभ्यर्थियों को जीडीएसएस ग्रुप के प्रशिक्षण केंद्र, नोएडा में 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रमाण-पत्र प्रदान कर मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित आयशर कंपनी तथा इंदौर की मारुति सुजुकी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में नियुक्ति दी जाएगी।

इन पदों पर चयनित युवाओं को प्रतिमाह 21,500 से 25,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके साथ ही ईपीएफ, पेंशन, जीवन बीमा एवं फैमिली मेडिकल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

वॉक बिहाइंड 6 कतारी पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान रोपाई का किया गया प्रदर्शन

 

मंडला, 30 जून 2026

कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा मंगलवार को विकासखंड निवास के ग्राम देवगाँव में किसानों के लिए वॉक बिहाइंड 6 कतारी पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का प्रदर्शन आयोजित किया गया। किसान एवं उप सरपंच श्री सुरेंद्र पटेल के खेत में आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों को धान की रोपाई में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सहायक कृषि यंत्री मंडला श्रीमती प्रियंका मेश्राम ने किसानों को बताया कि पारंपरिक पद्धति से धान रोपाई में मजदूरों की कमी और अधिक लागत जैसी समस्याओं का समाधान पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से संभव है। मशीन के उपयोग से कम समय में अधिक क्षेत्र में रोपाई की जा सकती है तथा फसल की उत्पादकता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि मशीन के उपयोग के लिए पहले मैट टाइप नर्सरी तैयार की जाती है। लगभग 15-16 दिन की पौध तैयार होने के बाद मशीन से व्यवस्थित तरीके से रोपाई की जाती है। इससे रोपाई की लागत में 70 से 80 प्रतिशत तक कमी आती है, समय की बचत होती है तथा उत्पादन में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना रहती है।

प्रदर्शन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने मशीन के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे कृषि कार्यों के लिए उपयोगी बताया तथा मशीन खरीदने में भी रुचि दिखाई। कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि यह मशीन विभाग द्वारा अनुदान पर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है।

 

Related posts

त्यौहारों में रैली एवं अन्य आयोजनों की अनिवार्यतः अनुमति लें – हर्षिका सिंह शांति समिति की बैठक संपन्न  

Reva India News

राजसात वाहन, सामग्री की खुली नीलामी

Reva India News

*नैनपुर को जिला बनाओ संघर्ष समिति के सर्वदलीय पदाधिकारियों एवं सदस्यों और समस्त नैनपुरवासियों

Reva India News

Leave a Comment