गांव में ही हो समस्याओं का समाधान, आमजन को न करना पड़े अनावश्यक आवागमन: कलेक्टर
ग्राम ओहानी में ’हमारा गांव-हमारा समाधान’ शिविर में पहुँचे कलेक्टर
कलेक्टर ने किया नैनपुर क्षेत्र का भ्रमण
मंडला, 5 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पटवारी, सचिव एवं सरपंच ग्राम पंचायत में नियमित रूप से बैठक आयोजित करें, ग्रामीणों से संवाद स्थापित करें तथा स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। वे इस दौरान नैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत ओहानी में आयोजित ’हमारा गांव-हमारा समाधान’ शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए आमजन को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा लगाए गए निःशुल्क औषधि वितरण स्टॉल का भी अवलोकन किया तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।
शिविर के उपरांत कलेक्टर ने नैनपुर स्थित एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं जनसेवा संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली अपनाने के लिए कहा। इस दौरान एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत, सरपंच श्रीमती सुमंत्रा मर्सकोले, उप सरपंच श्रीमती सरला झारिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
थावर डैम को पर्यटन से जोड़ने की पहल
होम-स्टे के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन: कलेक्टर
मंडला, 5 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने नैनपुर क्षेत्र स्थित थावर डैम का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जलाशय के जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने डैम क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिए कि क्षेत्र में होम-स्टे विकसित किए जाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि थावर डैम का प्राकृतिक वातावरण, ग्रामीण परिवेश, फिशिंग गतिविधियाँ तथा आकर्षक डैम व्यू पर्यटकों को आकर्षित करने की पर्याप्त क्षमता रखते हैं। इन संभावनाओं का समुचित उपयोग कर स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी पहल सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जन विश्वास अभियान 7 अगस्त से, पहला शिविर मोहगाँव में
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने दिए तैयारियों के निर्देश
मंडला, 5 अगस्त 2026
जिले में शुक्रवार 7 अगस्त से ’जन विश्वास अभियान’ शुरू हो रहा है। इसका पहला कार्यक्रम मोहगांव में आयोजित किया जाएगा। जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी विभाग प्रमुखों को अभियान से जुड़ी तैयारियाँ समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि अभियान के तहत भ्रमण, निरीक्षण, शिविर, जनसंवाद, उद्यमी संवाद और जनप्रतिनिधि संवाद जैसे सभी सोपानों में संबंधित विभागों की भागीदारी अनिवार्य होगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने कहा कि शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। अभियान अवधि में कार्य की गति बनाए रखनी है क्योंकि अंतिम रैंकिंग अभियान के समापन पर जारी की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियाँ प्रारंभ
बैठक में 15 अगस्त को पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका परिषद को आपसी समन्वय से ग्राउंड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागों में भी समारोह की तैयारियां सुनिश्चित करने, शासकीय कार्यालयों में रोशनी कराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व कारगिल वीरों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
पीएम आवास योजना: प्रारंभिक पात्रता सूची जारी
मंडला, 5 अगस्त 2026
नगर पालिका परिषद मंडला ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के बीएलसी घटक के अंतर्गत प्रारंभिक पात्रता सूची जारी कर दी है। कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी मंडला के आदेशों के परिप्रेक्ष्य में गठित जांच दल द्वारा सत्यापन के बाद 21 आवेदकों को प्रारंभिक रूप से पात्र पाया गया है। यदि किसी नागरिक अथवा अन्य व्यक्ति को जारी पात्रता सूची पर कोई आपत्ति हो, तो वह विज्ञप्ति के प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के भीतर कार्यालयीन समय में लिखित आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर नगर पालिका परिषद मंडला में प्रस्तुत कर सकता है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा शिकायत पर विचार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों को बैंकिंग, बचत और केवाईसी अपडेट रखने के प्रति किया गया जागरूक
मंडला, 5 अगस्त 2026
भारतीय रिजर्व बैंक के मार्गदर्शन एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मंडला द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता केंद्र के तत्वावधान में जिले के सभी नौ विकासखंडों में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, नियमित बचत की आदत विकसित करना तथा समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराने के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन सीएफएल की क्षेत्रीय प्रमुख श्रीमती लक्ष्मी पटेल के मार्गदर्शन में ब्लॉक काउंसलर्स एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से किया गया। शिविरों में प्रतिभागियों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेनदेन, सरकारी वित्तीय योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई।
ब्लॉकवार आयोजित शिविरों में काउंसलर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें मोहगाँव में नाजिम साही, निवास में श्री प्रवीण राय, नारायणगंज में श्री सुनील मोंगरे, घुघरी में श्री कमलेश दुबे तथा मंडला विकासखंड में श्री शिवप्रसाद नंदा ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 14 बोतल शराब जब्त
मंडला, 5 अगस्त 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली शैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने मंडला शहर में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पुरवा क्षेत्र में दबिश देकर सुरेश कच्छवाहा के कब्जे से विक्रय के लिए रखी गई 14 नग देसी एवं विदेशी शराब बरामद कर जब्त की। वहीं रामबाग स्थित बिग डैडी रेस्टोरेंट की भी तलाशी ली गई। जांच में वहां अवैध मदिरा विक्रय नहीं पाए जाने पर नियमानुसार तलाशी पंचनामा तैयार किया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार श्री राकेश कटारया सहित आबकारी विभाग का अमला उपस्थित रहा।
