Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 25 जुलाई 2026

जनजातीय समाज के अधिकारों के संरक्षण और विकास के लिए सतत कार्य करें: श्री नेताम

बच्चियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई आवश्यक- श्री नेताम

जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकारों, हक और विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग निरंतर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आयोग का गठन किए जाने से जनजातीय समाज के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। आयोग पेसा कानून, वनाधिकार सहित जनजातीय हितों से जुड़े विषयों पर विशेष फोकस कर रहा है। वे इस दौरान जिला योजना भवन में आयोजित जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित जनजातीय हितों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री अरूण शुक्ला ने बताया कि जिले में पीएम जनमन योजना के तहत पीवीटीजी के 410 ग्राम चिन्हित हैं, जहां बैगा जनजाति निवासरत है। इन ग्रामों में 48,412 बैगा हितग्राही एवं 13,443 परिवार निवास करते हैं। बैठक में सबसे पहले आहार अनुदान योजना की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत आवास निर्माण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 6,793 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 78 मार्गों में से 80 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। 6 मल्टीपरपज सेंटर स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 5 पूर्ण हो चुके हैं तथा एक का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रधानमंत्री जनमन योजना में 68 बसाहटों को शामिल किया गया है, जिनमें से 20 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं वनधन केंद्रों के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि 20 नए केंद्रों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति की प्रतीक्षा है।

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले की 849 बसाहटों का चयन किया गया है। बैठक में आदि सेवा केंद्रों की स्थापना, आवास निर्माण, मल्टीपरपज सेंटर, छात्रावासों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की भी जानकारी दी गई। श्री नेताम ने छात्रावासों में खाद्यान्न सामग्री, स्टाफ की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी करने वाले जनजातीय विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति एवं अन्य योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

वनाधिकार कानून की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि योजना प्रारंभ होने से अब तक जिले में 11,452 व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टों का वितरण किया जा चुका है, जिसके माध्यम से 15,140 हेक्टेयर भूमि का अधिकार प्रदान किया गया है। वहीं 3,235 सामुदायिक वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 76,400 हेक्टेयर से अधिक भूमि समुदायों को प्रदान की गई है। श्री नेताम ने निर्देश दिए कि वनाधिकार से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में पुलिस विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत 50 प्रतिशत कन्विक्शन रेट की जानकारी दी गई। उन्होंने जिले से बालिकाओं के पलायन को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को आयोग के स्तर पर भी उठाया जाएगा तथा पुलिस एवं संबंधित विभाग समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने बच्चियों की सुरक्षा एवं उनके विकास के लिए विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया।

श्री नेताम ने जिले में मलेरिया एवं वर्षाकालीन बीमारियों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ कृषि विभाग से ई-टोकन, खाद वितरण एवं भंडारण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री हुनेन्द्र घोरमारे, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, डीएफओ, एडिशनल एसपी, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित विभिन्न विभिन्न के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना

मण्डला से 196 श्रद्धालु मथुरा – वृंदावन यात्रा पर रवाना

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने दिखाई हरी झंडी

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

राज्य शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालुओं का दल शनिवार को मथुरा-वृंदावन यात्रा के लिए रवाना हुआ।

जिला योजना भवन परिसर के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बसों को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया। श्रद्धालुओं का यह दल बसों के माध्यम से नैनपुर पहुंचा, जहाँ से आगे की यात्रा रेल द्वारा की गई।

मंत्री श्रीमती उइके ने सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ नागरिकों को भगवान श्री कृष्ण जी की जन्मभूमि की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है। शासन की यह योजना बुजुर्गों को देश के पवित्र तीर्थों के दर्शन का अवसर दे रही है।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, तहसीलदार मण्डला श्री हिमांशु भलावी सहित तीर्थयात्रियों के परिजन उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

श्री नेताम ने किया विद्यालय और छात्रावास का औचक निरीक्षण

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने अपने मंडला प्रवास के दौरान स्थानीय शिक्षण संस्थान एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला तथा अमर शहीद राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास, मंडला का भ्रमण कर वहाँ की शैक्षणिक व मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनके खान-पान, रहने की व्यवस्था और पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।

श्री नेताम ने संबंधित अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनजातीय वर्ग के छात्रों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो तथा परिसर में स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण माहौल हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

 

 

 

 

 

 

 

समन्वित कृषि प्रणाली से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम

प्राकृतिक खेती एवं कृषि नवाचारों को अपनाकर कृषक ने बढ़ाई आय

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

मण्डला जिले के विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम बारंगदा निवासी प्रगतिशील कृषक श्री तान सिंह मरावी ने समन्वित कृषि प्रणाली, प्राकृतिक खेती एवं कृषि नवाचारों को अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके द्वारा कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं मुर्गीपालन जैसी विभिन्न गतिविधियों का सफल समन्वय कर अपने खेत को समन्वित कृषि मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

 

प्राकृतिक खेती से कम लागत में बेहतर उत्पादन

 

श्री तान सिंह मरावी द्वारा खेती में जीवामृत एवं घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक जैविक आदानों का उपयोग किया जा रहा है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के उद्देश्य से वे निरंतर कृषि नवाचारों को अपना रहे हैं।

वर्ष 2025 के रबी मौसम में कृषक द्वारा 0.20 हेक्टेयर क्षेत्र में काला गेहूं (श्याम व्हीट) की खेती की गई। इससे लगभग 3.50 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ और लगभग 22,750 रुपए की आय अर्जित हुई। इसी प्रकार 0.40 हेक्टेयर क्षेत्र में चिया सीड्स की खेती से लगभग 3 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन प्राप्त हुआ तथा लगभग 45,000 रुपये की आय अर्जित की गई।

 

मत्स्य पालन से अतिरिक्त आय

 

कृषक द्वारा बलराम तालाब योजना एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत तालाब का निर्माण कराया गया। तालाब में मत्स्य पालन कर उन्होंने लगभग 25,000 रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की। इस प्रकार फसल उत्पादन के साथ मत्स्य पालन को जोड़कर उन्होंने आय के अतिरिक्त स्त्रोत विकसित किए हैं।

कृषि विभाग एवं आत्मा विभाग के कृषि अधिकारी श्रीमती संगीता श्रीवास्तव, सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री मोहित गोल्हानी, उद्यान विकास अधिकारी श्री डी.एस. पटेल से मिला मार्गदर्शन। श्री तान सिंह मरावी को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए आत्मा योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

आत्मा योजना के माध्यम से कृषक को कृषि नवाचारों, प्राकृतिक खेती, प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों से जोड़ा गया। कृषक द्वारा समन्वित कीट प्रबंधन के अंतर्गत लाइट ट्रैप का उपयोग किया जा रहा है, जिससे फसलों में कीट नियंत्रण के लिए प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल उपायों को बढ़ावा मिल रहा है।

 

हरी खाद एवं देशी धान की ओर बढ़ते कदम

 

वर्तमान में आत्मा योजना के नवाचार कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त सनई के बीज कृषक द्वारा अपने खेत में बोए गए हैं। सनई को हरी खाद के रूप में खेत में मिलाकर उसके पश्चात देशी धान की रोपाई करने की तैयारी की जा रही है। कृषक का उद्देश्य अपने खेत को प्राकृतिक खेती आधारित मॉडल फार्म के रूप में विकसित करना है।

 

समन्वित कृषि मॉडल बना प्रेरणास्त्रोत

 

जंगल के समीप नाला पार स्थित श्री तान सिंह मरावी के मॉडल फार्म में मत्स्य पालन, उद्यानिकी फसलें, फलोद्यान, पशुपालन, मुर्गीपालन तथा आधुनिक कृषि नवाचारों का सफल समन्वय देखने को मिलता है।

समन्वित कृषि प्रणाली के माध्यम से कृषि अवशेषों एवं उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है। इससे उत्पादन लागत में कमी, अतिरिक्त आय के स्त्रोतों का विकास तथा कृषि जोखिम में कमी लाने में सहायता मिल रही है।

श्री तान सिंह मरावी का समन्वित कृषि मॉडल आसपास के किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण एवं आधुनिक कृषि नवाचारों को अपनाकर किसान कम लागत में अधिक आय प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकता है। श्री तान सिंह मरावी की सफलता यह संदेश देती है कि समन्वित कृषि प्रणाली अपनाएं, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करें और आत्मनिर्भर कृषि की ओर बढ़ें।

 

 

 

 

 

 

 

ग्राम पंचायत खुर्सीपार में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

किसानों को बैंकिंग योजनाओं व साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

वित्तीय साक्षरता केंद्र (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया), मंडला द्वारा ग्राम पंचायत खुर्सीपार में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वित्तीय साक्षरता केंद्र के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी ने ग्रामीणों एवं किसानों को विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खुर्सीपार के सरपंच श्री सोन सिंह उइके, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा महाराजपुर की शाखा प्रबंधक श्रीमती ऋतु राय तथा आरसेटी के फैकल्टी श्री राजीव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री अवस्थी ने उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को समय पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए तथा किसी भी साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने वित्तीय योजनाओं एवं डिजिटल बैंकिंग से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पुलिस अधिकारियों का उन्मुखीकरण

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं टोबैको सेसेशन सेंटर की कार्यप्रणाली, उपलब्ध परामर्श एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। इस दौरान एमपीवीएचए के संभागीय समन्वयक ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003, शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की पहल, हुक्का बार पर प्रतिबंध तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर लागू प्रतिबंध सहित तंबाकू नियंत्रण से जुड़े प्रमुख कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 434.8 मिमी बारिश

 

मंडला, 25 जुलाई 2026

जिले में 25 जुलाई को 4.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून से 25 जुलाई तक जिले में 434.8 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसी अवधि में वर्ष 2025 में 1012.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई थी।

25 जुलाई की वर्षा में मंडला में 8.4 मिमी, नैनपुर में 6.4 मिमी, बिछिया में 2.6 मिमी, निवास में 1.0 मिमी, घुघरी में 3.6 मिमी तथा नारायणगंज में 5.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रगतिशील वर्षा के अनुसार मंडला तहसील में 553.0 मिमी, घुघरी में 539.7 मिमी, नैनपुर में 502.0 मिमी, बिछिया में 486.0 मिमी, जिला मुख्यालय मंडला में 434.8 मिमी, निवास में 305.2 मिमी तथा नारायणगंज में 191.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 1326.2 मिमी तथा जिला मुख्यालय मंडला की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 1442.6 मिमी निर्धारित है।

Related posts

महिला थाना में संकल्प सौ दिवसीय अभियान के तहत कार्यशाला सम्पन्न हुआ

Reva India News

नगरपालिका मण्डला के वार्ड क्रमांक 08 के सीमा क्षेत्र के भीतर आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील

Reva India News

गेहूं उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के निर्देश

Reva India News

Leave a Comment