मंडला, 8 सितम्बर 2026
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मध्यप्रदेश एवं डायरेक्टर जनरल होमगार्ड के निर्देशानुसार आपदा मित्र योजना के द्वितीय सत्र का प्रशिक्षण 7 सितंबर 2026 से प्रारंभ हुआ। नगर परिषद भुआ-बिछिया के मंगल भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 100 आपदा मित्रों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम बिछिया श्री कुलदीप पटेल एवं जनपद पंचायत बिछिया के सीईओ श्री रमेश मांडवी की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद जिला सेनानी श्री नरेश कुमार साहू ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

एसडीएम श्री पटेल ने आपदा मित्रों की भूमिका एवं उनके महत्व पर विस्तार से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित आपदा मित्र राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान बाढ़, भूकंप, आकाशीय बिजली जैसी विभिन्न आपदाओं से निपटने के बुनियादी उपायों के साथ प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपदा) से संबंधित जानकारी तथा राहत-बचाव कार्यों का मैदानी अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न आपदा उपकरणों की जानकारी और उनके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन कंपनी कमांडर श्री हेमराज परस्ते, हवलदार स्टोरमैन श्री कोमल सिंह तथा एसडीआरएफ के सैनिक यशवंत ठाकुर, सौरभ मार्को, प्रियंका मिश्रा एवं अमित चौधरी द्वारा किया जा रहा है।
