Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता – संयुक्त संचालक मनीषा लूमंबा

मंडला, 8 सितम्बर 2026

महिला एवं बाल विकास विभाग, जबलपुर संभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती मनीषा लूमंबा ने सोमवार को जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय मण्डला का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने जिले की सभी 9 परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

संयुक्त संचालक ने सीएम हेल्पलाइन एवं लाड़ली बहना योजना के लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध शत-प्रतिशत पंजीयन तथा पूर्व वर्षों की लंबित छात्रवृत्तियों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री माताओं तक पहुंचाने तथा कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष निगरानी के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने लापरवाही बरतने वाले मैदानी अमले की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में निरीक्षण पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करने तथा भ्रमण करने वाले अधिकारियों द्वारा उसमें निरीक्षण टीप दर्ज करने को कहा गया। परियोजना अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मासिक भ्रमण लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की स्वच्छता, बच्चों एवं माताओं को टेक होम राशन तथा गर्म पके हुए पोषण आहार का समय पर और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

संयुक्त संचालक ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते, सहायक संचालक श्रीमती लीना चौधरी, सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल सहित जिले की सभी 9 परियोजनाओं के परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा का हुआ मंडला आगमन

Reva India News

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

Reva India News

सर्पदंश से बचाव, इलाज एवं भ्रातियों के संबंध में एडवाईजरी

Reva India News

Leave a Comment