मंडला, 24 सितम्बर 2026
एकीकृत शासकीय हाई स्कूल बिंझिया, मंडला के विद्यार्थियों ने संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार पांडे के मार्गदर्शन तथा प्राथमिक शिक्षक एवं इंटरनेशनल शतरंज मास्टर श्री प्रकाश वंशकार द्वारा दिए जा रहे नियमित प्रशिक्षण को दिया गया।

प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में उमंग मर्सकोले, दिव्यांश वर्मा, नयन उईके एवं अमित वर्मन ने स्थान बनाया। प्राथमिक बालिका वर्ग में दिव्यांशी उईके, कल्पना एवं रेशमा मर्सकोले तथा सीनियर बालिका वर्ग में सेजल यादव, दिव्यानी उईके, पिंकी चौधरी एवं मेघा इजवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के साथ प्राथमिक शिक्षक श्रीमती सरोज महोबिया ने जबलपुर पहुंचकर प्रतियोगिता में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य श्री मुकेश कुमार पांडे ने विद्यार्थियों की मेहनत एवं लगन की सराहना करते हुए श्री प्रकाश वंशकार सहित सहयोगी शिक्षकों को भी बधाई दी।

