मंडला, 24 सितम्बर 2026
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम डुंडा, ग्राम पंचायत झिरिया में पेयजल स्त्रोतों का निरीक्षण कर क्लोरीनेशन कार्य किया गया। विभागीय अमले ने ग्राम में पेयजल आपूर्ति के लिए उपयोग किए जा रहे जल स्त्रोतों एवं जल प्रदाय व्यवस्था का निरीक्षण किया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक मात्रा में क्लोरीन का उपयोग कर जल शुद्धीकरण की कार्यवाही की गई। इसका उद्देश्य पेयजल में मौजूद संभावित हानिकारक सूक्ष्मजीवों को नियंत्रित कर जल को पीने योग्य एवं सुरक्षित बनाना है। इस दौरान पेयजल स्त्रोतों की स्वच्छता, जल गुणवत्ता एवं रख-रखाव की जानकारी ली गई। ग्रामीणों को जल स्त्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा उन्हें प्रदूषण से सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल स्त्रोतों की नियमित निगरानी, क्लोरीनेशन एवं आवश्यक तकनीकी कार्यवाही निरंतर की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से पेयजल स्त्रोतों के आसपास गंदगी एवं अपशिष्ट न डालने तथा जल स्त्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
