मंडला, 24 सितम्बर 2026
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवीण अग्रवाल के नेतृत्व में एनएसएस दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पर्यावरणविद् श्री राजेश क्षत्री एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने विद्यार्थियों को सेवाभाव अपनाने तथा घर के बुजुर्गों की सेवा के साथ राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरणविद् श्री राजेश क्षत्री ने एनएसएस से जुड़कर विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों एवं लाभों की जानकारी दी। प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव ने सेवा और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवीण अग्रवाल ने एनएसएस के उद्देश्यों से अवगत कराया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति और स्वच्छ नर्मदा का संदेश दिया। रंगोली, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति एवं एनएसएस गीतों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। स्वयंसेवकों द्वारा बनाई गई रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। स्वच्छता ड्राइव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया। आयोजन में आर.के. हरदहा, विपिन लखेरा, कन्हैया बरमैया, शैलेश जायसवाल, देवेंद्र कछवाहा, शालिनी साहू, अनुमेहा सेठ, सुजाता शर्मा, मुकेश अहरवाल, संजय धनगर एवं शिव प्रसाद झारिया का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
