मंडला, 27 सितम्बर 2026
सेवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 26 सितंबर को जिले की मंडला, मोहगांव एवं नैनपुर परियोजनाओं के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्र टिकरवारा-2 में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके एवं सरपंच श्रीमती श्रद्धा उईके करवेती की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

अन्य केंद्रों पर जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रमों में वृक्षारोपण, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का पुष्पमाला व प्रशस्ति पत्र से सम्मान, बच्चों के लिए खेल एवं कहानी गतिविधियाँ तथा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गर्भवती एवं धात्री माताओं, महिलाओं और बच्चों को फल, चॉकलेट एवं मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस उपस्थित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वीडियो भी दिखाया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

