मंडला, 28 सितम्बर 2026
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार Fix Day Strategy के अंतर्गत जिले में 6 अक्टूबर 2026, मंगलवार को राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस तथा 9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को मॉपअप दिवस आयोजित किया जाएगा।
कृमि संक्रमण के कारण बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके साथ ही संक्रमित बच्चों में पोषण एवं पोषक तत्वों के अवशोषण की क्षमता भी प्रभावित होती है। कृमिनाशन, कृमि संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुशंसित एक साक्ष्य-आधारित प्रभावी रणनीति है।
राष्ट्रीय कृमिमुक्ति अभियान के अंतर्गत जिले के स्वास्थ्य केंद्रों, शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आदिवासी आश्रम शालाओं, महाविद्यालयों एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों, मदरसों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के अंतर्गत संचालित चाइल्ड केयर संस्थानों में 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के समस्त बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा।
इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की प्रजनन आयु की गैर-गर्भवती महिलाओं को भी कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के समस्त अभिभावकों एवं जनसमुदाय से अपील की है कि अभियान दिवस पर पात्र बच्चों तथा गैर-गर्भवती महिलाओं को निर्धारित केंद्रों पर ले जाकर एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन अवश्य कराएं। अभियान का उद्देश्य जिले को कृमि संक्रमण से मुक्त बनाते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना है।
