मंडला, 29 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में आज नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। पदमी, अंजनिया, बिछिया, घुटास तथा मवई में आयोजित नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वच्छता के महत्व की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने रोचक एवं संवादात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता अपनाने, अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को जागरूक किया। प्रस्तुतियों के दौरान योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों को भी सरल तरीके से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, कचरे का उचित निपटान करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया। स्थानीय नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों में रुचि लेकर सहभागिता की।
