मंडला, 01 अक्टूबर 2026।
मानसून अवधि के उपरांत आज 01 अक्टूबर से कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां पुनः प्रारंभ हो गई हैं। पर्यटक खटिया, मुक्की एवं सरही—इन तीनों पर्यटन द्वारों से कोर क्षेत्र में प्रवेश कर वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर प्राप्त करेंगे।

पर्यटन सत्र के शुभारंभ के अवसर पर तीनों पर्यटन द्वारों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। खटिया प्रवेश द्वार पर क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व श्री रवीन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा भारतीय खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों श्री नीरज चोपड़ा, ओलंपिक पदक विजेता, श्री गगन नारंग, ओलंपिक पदक विजेता एवं सुश्री इलावेनिल वेलारेवीन, ओलंपियन खिलाड़ी की गरिमामय उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर पर्यटन वाहनों को रवाना किया गया। मुक्की पर्यटन द्वार पर श्री प्रकाश कुमार वर्मा, उप संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में सरही पर्यटन द्वार से भी पर्यटन गतिविधियां प्रारंभ हुईं।

इसके साथ ही 01 अक्टूबर से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का भी शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रवेश द्वारों पर उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पर्यटकों द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की शपथ ली गई।
कान्हा टाइगर रिजर्व में प्रतिवर्ष भारत सहित विश्व के अनेक देशों से बड़ी संख्या में पर्यटक वन्यजीवों एवं प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने पहुंचते हैं। इस वर्ष भी पर्यटकों के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए कान्हा प्रबंधन द्वारा पर्यटन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के विभिन्न अवसर उपलब्ध होते हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों के कान्हा आगमन से स्थानीय गाइड, वाहन चालक, होमस्टे, होटल, रिसॉर्ट तथा अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को लाभ प्राप्त होता है। कान्हा प्रबंधन को आशा है कि इस वर्ष भी पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय समुदाय को व्यापक आर्थिक एवं रोजगार संबंधी लाभ प्राप्त होंगे।

