मंडला, 07 अक्टूबर 2026।
वन्यजीव संरक्षण सप्ताह-2026 के समापन अवसर पर आज कार्यालय क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री प्रकाश कुमार वर्मा, उपसंचालक कोर, सुश्री अमिता के.बी., उपसंचालक बफर एवं श्री माधव सिंह मौर्य, वनमंडलाधिकारी पश्चिम वनमंडल मंडला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वन्यजीव संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए पोस्टर पेंटिंग, रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में इको विकास समिति मालूमझोला एवं खटिया के सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया। वहीं चक्रवर्ती हायर सेकेंडरी स्कूल, बैहर के विद्यार्थियों द्वारा दी गई आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यालयों के प्रबंधन को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर वन्यजीव शिकार के प्रकरणों में आरोपियों को पकड़ने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले सिझोरा एवं भैसानघाट परिक्षेत्र के वनकर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का आयोजन 01 अक्टूबर से 07 अक्टूबर 2026 तक किया गया। इस दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों में विभागीय स्तर के साथ-साथ विद्यालयों एवं इको विकास समितियों के सहयोग से पोस्टर, पेंटिंग, रंगोली, क्विज, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के प्रति जनजागरूकता का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।
