मंडला, 16 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगरीय निकाय बम्हनीबंजर में जनसंवाद आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। शिविर में स्थानीय लोगों से विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही उद्यम संवाद, कृषक संवाद के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण पर चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं के प्रस्तुतिकरण दिये।

क्षेत्र का समग्र विकास हमारी सरकार का लक्ष्य – मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके
प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास हमारी सरकार का लक्ष्य है। स्थानीयजनों की सहभागिता और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही यह संभव है। बम्हनीबंजर में हमारे लोगों की समस्या सामने आती है कि यहाँ के बहुत से रहवासियों के पास मकानों का पट्टा नहीं है। हम इस दिशा में प्रयास कर रहें ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिले। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि बम्हनी बंजर नगर में पेयजल की समस्या को खत्म करने के लिए पद्मी- खड़देवरा से पाइपलाइन के जरिये पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर काम हो रहा है और आने वाले समय में हम बम्हनी वासियों को माँ नर्मदा का जल उपलब्ध कराएंगे। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि बम्हनी बंजर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में महिला डॉक्टर की मांग लंबे समय से रही है, आसपास के 52 गाँव के लोग इस अस्पताल में अपना उपचार कराते हैं। उन्होंने शीघ्र ही महिला चिकित्सक की पद स्थापना का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से हर शुक्रवार मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित हो रहें हैं। यह जनसंवाद शिविर लोगों को अपनी समस्याएं रखने, विकास संबंधी सुझाव देने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा गाँव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करें – कलेक्टर
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि जनविश्वास शिविर का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के करीब लाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उद्यम संवाद में स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा, जनसंवाद में आमजन की समस्याओं को सुना
शिविर में उद्यम संवाद के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। स्थानीयजनों को अपनी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जनसंवाद के दौरान आमजनों से कृषि, पशुपालन सहित अन्य आवश्यकताओं, समस्याओं और योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा की गई। किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात शिविर स्थल पर आम, अमरूद, जामुन तथा कटहल के पौधों का उपस्थित अतिथियों ने रोपण किया।

इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा, उपाध्यक्ष श्री बद्री नंदा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, वन मण्डलाधिकारी श्री एम.एस. मौर्या, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

