Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने किया चाबी क्षेत्र का सघन दौरा

मंडला, 13 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को विकासखंड मोहगाँव के ग्राम चाबी एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत दौरा कर शासकीय व्यवस्थाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आजीविका एवं कृषि नवाचारों से जुड़े विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं मात्रा के संबंध में फीडबैक लिया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

 

कलेक्टर श्री धोटे ने सर्वप्रथम आयुष्मान आरोग्य मंदिर खाल्हेगिठौरी का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और टीकाकरण कक्ष की व्यवस्थाओं को देखा तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर आसपास के कई ग्रामों के नागरिक निर्भर हैं, अतः यहां पदस्थ सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य है। कलेक्टर ने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा दवाइयों के स्टॉक और वितरण का संधारण राज्य के ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परिसर में विकसित हर्बल गार्डन का भी अवलोकन किया और इसकी सराहना की।

सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन

 

सांदीपनि विद्यालय चाबी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर और कक्षाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर ’प्रोजेक्ट संकल्प’ के संबंध में फीडबैक लिया तथा जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी टिप्स दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपना भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, विद्यालय के शेष निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर भवन हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

आँगनबाड़ी केंद्र में पोषण एवं टीकाकरण की जांच

 

इसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र खाल्हेगिठौरी का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते, भोजन, नियमित वजन और टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य अमले (एएनएम) को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह लगने वाले टीकों की स्पष्ट सूची तैयार कर आंगनबाड़ी केंद्र में चस्पा की जाए, ताकि अभिभावकों को पूरी जानकारी मिल सके।

कृषि नवाचार और ’दीदी कैफे’ का अवलोकन

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कृषक श्री सुनील झारिया के फार्म हाउस का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने लाल व सफेद चंदन तथा मालाबार नीम के पौधों, मछली पालन और जीवामृत, घनजीवामृत व मदर कल्चर जैसी प्राकृतिक एवं जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया को देखा। कलेक्टर ने कृषक के प्रयासों की सराहना करते हुए फार्म हाउस पर ’होम-स्टे’ विकसित करने का सुझाव भी दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम बंगली में पंचवटी आजीविका स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित ’दीदी कैफे’ का भी निरीक्षण किया और समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान भ्रमण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्री संस्कार बावरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती, तहसीलदार मोहगांव श्री चंद कुमार वट्टे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

नैनपुर में आज आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर

Reva India News

जिले में 1 कोरोना केस मिले

Reva India News

आयुष्मान भारत योजना बनी संतोष कुमार जंघेला के जीवन की उम्मीद

Reva India News

Leave a Comment