मंडला, 27 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में 4 नवंबर 2026 को इंडोर स्टेडियम मंडला में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नगरपालिका अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस उत्सव का शुभारंभ दोपहर 12 बजे होगा। युवा उत्सव में जिले के युवा पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस वर्ष युवा उत्सव का आयोजन सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कविता लेखन, चित्रकला, समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य एवं नुक्कड़ नाटक विधाओं को शामिल किया गया है। इन विधाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत एवं कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
पाँच विधाओं में होंगे आयोजन
कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में कविता लिख सकेंगे। इसके लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रहेगा। इसमें प्रतिभागियों को ए-4 आकार के पेपर पर पेंसिल, एक्रेलिक, वाटर एवं क्रेयॉन रंगों का उपयोग करने की स्वतंत्रता होगी। दोनों विधाओं में प्रदर्शन के आधार पर 100 अंकों में से मूल्यांकन किया जाएगा।
समूह लोकगीत एवं समूह लोकनृत्य में अधिकतम 8 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। इन विधाओं में लाइव गीत एवं संगीत के साथ प्रस्तुति अनिवार्य होगी तथा रिकॉर्डेड संगीत का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी निर्धारित थीम पर होगी, जिसके लिए अधिकतम 7 मिनट का समय एवं 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया जाएगा।
संभाग से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा दिखाने का अवसर
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागी 26 से 29 नवंबर 2026 तक जबलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय युवा उत्सव में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय युवा उत्सव की तिथियों की जानकारी पृथक से दी जाएगी। वहीं, 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा उत्सव आयोजित होना है। चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सकता है।
युवा उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु सीमा 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। समूह लोकगीत एवं समूह लोकनृत्य के लिए 7 युवा कलाकारों तथा 3 संगत कलाकारों सहित कुल 10 सदस्यों का प्रावधान बताया गया है। इन विधाओं के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
आयोजन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा युवा उत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। समिति में स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र, संस्कृति विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग को शामिल किया गया है।
