मंडला। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जिले की विभिन्न शाखाओं में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस वर्ष 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। अभियान के तहत बैंक कर्मचारियों द्वारा लोगों को ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का संदेश दिया जा रहा है। क्षेत्रीय कार्यालय एवं सभी शाखाओं में बैंक के स्टाफ और ग्राहकों ने सत्यनिष्ठा एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध शपथ ली। इसके बाद मंगलवार को मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय, शाखा बिंझिया, महाराजपुर, मंडला में पदस्थ स्टाफ सदस्यों द्वारा मंडला नगर में वाहन रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों एवं बैंक ग्राहकों को भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने और अपने कार्यों में ईमानदारी एवं पारदर्शिता अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

रैली में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय मंडला के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश प्रसाद सिंह परस्ते, शाखा बिंझिया के शाखा प्रबंधक नवीन मेश्राम, शाखा महाराजपुर की शाखा प्रबंधक श्रीमती रितु राय, शाखा मंडला के शाखा प्रबंधक विकाश कुमार सिंगोर सहित बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश प्रसाद सिंह परस्ते ने बताया कि बैंक की ओर से पूरे सप्ताह सतर्कता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहन रैली के जरिए नगर के लोगों और ग्राहकों को च्सत्यनिष्ठा से समृद्धिज् का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्री परस्ते ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के आगामी दिनों में क्षेत्रीय कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सतर्कता जागरूकता पर वीडियो क्लिप तैयार करना, कार्यालय एवं शाखाओं में रंगोली प्रतियोगिता, ग्राम सभाओं का आयोजन, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम तथा क्विज प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों, ग्राहकों और आम नागरिकों को ईमानदारी एवं पारदर्शिता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

