दीपावली और धनतेरस के पावन पर्व पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने मंडला जिले के स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए सराहनीय पहल की है। मंत्री श्रीमती उइके ने रेडक्रॉस के समीप सजने वाले स्थानीय बाजार पहुंचकर जिले के कलाकारों द्वारा तैयार की गई पूजन सामग्री की खरीदारी की और छोटे दुकानदारों व हस्तशिल्पियों का उत्साहवर्धन किया।
बाजार भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने मंडला के स्थानीय कलाकारों द्वारा बेहद आकर्षक ढंग से बनाए गए मिट्टी के दीये, रंगोली, पारंपरिक झाड़ू, भगवान श्री धन्वंतरि व माता लक्ष्मी जी की तस्वीरें और फूल-माला सहित अन्य पूजन सामग्री खरीदी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने मंडला जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल के संकल्प को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में स्थानीय कलाकारों, कुम्हारों और स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीयों और अन्य स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। नागरिकों की यह छोटी सी पहल हमारे स्थानीय परिवारों के घरों को भी खुशियों से रोशन करेगी और उनकी आजीविका को सुदृढ़ आधार प्रदान करेगी।

