मंडला, 26 नवम्बर 2026
जिले के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 28 नवंबर को रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने मेले के सफल आयोजन एवं युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि युवाओं के पंजीयन की प्रक्रिया सुगम एवं व्यवस्थित रहे, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, साक्षात्कार के लिए पृथक कक्ष एवं व्यवस्थित प्रतीक्षा क्षेत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे वे विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
