मंडला, 26 नवम्बर 2026
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 27 नवम्बर को एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक करना और इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक व कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराना है। यह जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रैली की शुरुआत बैगा-बैगी चौक से होगी, जो आगे बढ़ते हुए लालीपुर, बस स्टैंड, चिलमन चौक और रेड क्रॉस से होकर निकलेगी तथा बैगा-बैगी चौक पर पहुंचकर इसका समापन होगा। रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई जाएगी और उन्हें संदेश दिया जाएगा कि बच्चों के बेहतर भविष्य व शिक्षा के लिए बाल विवाह का पूरी तरह से उन्मूलन आवश्यक है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के समस्त नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं से इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
