मण्डला 15 जून 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगा बाहुल्य क्षेत्र जंतीपुर के पास झण्डाटोला एवं कुदईटोला पहुंचकर ग्रामीणों को कोविड वेक्सिनेशन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से कोविड वैक्सीनेशन के बारे में चर्चा की। उन्होंने बैगा महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि कोविड वेक्सिनेशन पूरी तरह सुरक्षित है तथा कोरोना से बचाव के लिए लिए कारगर उपाय हैं। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी वैक्सीनेशन के संबंध में भ्रांतियों के बारे में जाना तथा उनका निराकरण भी किया। कलेक्टर ने स्थानीय सरपंच, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता को भी समझाइश दी कि वे स्वयं पहले अपना कोविड वेक्सीनेशन कराएं। इसके पश्चात् ग्रामीणों को भी कोविड वेक्सीनेशन करने प्रेरित करें। कलेक्टर ने जंतीपुर में कोविड टीकाकरण कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को कोविड वेक्सिनेशन के लिए प्रेरित कर उनका वैक्सीनेशन कराएं। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके, आदिवासी विकास विभाग से रंजीत गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शिविर लगाकर दें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने झण्डाटोला एवं कुदईटोला भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से निःशुल्क पीडीएस वितरण, पेयजल समस्या, आगनवाड़ी, पोषण आहार वितरण, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा तथा अन्य रोजगार मूलक कार्यों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव में विभिन्न योजनाओं का लाभ देने एवं पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करने कैम्प लगाएं। साथ ही बैगा समुदाय के प्रत्येक घर का पात्र योजनाओं के अनुसार सर्वे भी सुनिश्चित करें। शिविर आयोजित कर विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करें तथा ऐसे हितग्राहियों को संबंधित योजना का लाभ भी देना सुनिश्चित करें।
