मंडला – शुक्रवार को सुप्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रज़ा की पुण्य तिथि पर बिझिया स्थित उनकी कब्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए जायेगे। सुबह 10 बजे बिंझिया कब्रिस्तान में सैयद हैदर रज़ा और उनके पिता की कब्र पर चादर पेश की जाएगी। इस दौरान रज़ा फाउंडेशन के सदस्य, रज़ा स्मृति में शामिल प्रतिभागी व जिले के कला प्रेमी उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
सुप्रसिद्ध हिंदी कवि एवं रज़ा फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी अशोक वाजपेयी ने बताया कि रज़ा साहब की शत वार्षिकी को लेकर कोरोना प्रोटोकॉल के मद्देनज़र आगामी महीनों में साहित्य, नृत्य, संगीत और कला से सम्बंधित विभिन्न वृहद आयोजन मंडला में किए जायेंगे। इन्ही आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए रज़ा स्मृति के संयोजक योगेंद्र त्रिपाठी और संजीव चौबे ने रज़ा साहब के प्राइमरी स्कूल, शासकीय माध्यमिक शाला ककैया का दौरा किया। इस दौरान स्कूल को “चित्र और रज़ा के चित्र” पुस्तक भेंट की।
सैयद हैदर रज़ा की पुण्य तिथि के एक दिन पूर्व रज़ा कला वीथिका में आयोजित रज़ा स्मृति में बड़ी संख्या में कला प्रेमी शामिल हुए। रज़ा स्मृति में हर आयु वर्ग के लोग चित्रकारी करते नज़र आये। बच्चों में खासा उत्साह था ही महिला वर्ग का उत्साह भी देखते बन रहा था। एमपी टाइगर फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित टी शर्ट प्रिंटिंग कॉम्पिटिशन में भी प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक पेंटिंग की। मिट्टी की कार्यशाला में भी बच्चों व बड़ों ने विभिन्न आकृति बनाना सीखा। रजा फाउंडेशन की सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि हैदर रज़ा की पुण्य तिथि पर उनकी व उनके पिता की कब्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही रज़ा स्मृति का समापन होगा। उन्होंने कला प्रेमियों व आम लोगों से अपील की है कि वे अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि देने कब्रिस्तान पहुंचे।
रज़ा स्मृति में आयोजित चित्रकला कार्यशाला, माटी के रंग और टी शर्ट प्रिंटिंग कॉम्पिटिशन को सफल बनाने में रजा फाउंडेशन की सदस्य सचिव संजीव चौबे, रज़ा स्मृति के संयोजक योगेंद्र त्रिपाठी, एमपी टाइगर फाउंडेशन सोसाइटी से कान्हा टाइगर रिज़र्व के असिस्टेंट डायरेक्टर सुनील सिन्हा, चित्रकला कार्यशाला में आशीष कछवाहा, शुभांशी कांसकार, गरिमा ताम्रकार, विक्रम प्रजापति, मनोज द्विवेदी, दीपमणि खैरवार, रानू चंद्रौल, पुनीत नंदा आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा। रज़ा स्मृति के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर, डॉ. सुनील यादव, श्रीमती अनीता तिवारी, श्रीमती हेमन्तिका शुक्ला, कलाकार श्याम पहपालकर, राजेश छत्री, श्रीमती हेमलता झारिया, श्रीमती ऋतु धुर्वे सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे।
